ग्रेटर नोएडा जोन

मामूली कहासुनी में चचेरे भाई की कुल्हाड़ी से हत्या, आरोपी फरार

Panchayat 24 (ग्रेटर नोएडा) :  दादरी कोतवाली क्षेत्र क्षेत्र के ग्राम रामपुर फतेहपुर में मामूली कहासुनी के बाद एक युवक ने अपने ही चचेरे भाई पर कुल्हाड़ी से हमला कर उसकी हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस ने घटनास्थल से हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी बरामद कर ली है और आरोपी की तलाश में तीन टीमें गठित की गई हैं।

पुलिस के अनुसार, बिहार के जिला अररिया निवासी शाहिद (28) और उसका चचेरा भाई इमरान, दोनों रामपुर फतेहपुर गांव में मजदूरी करते थे और एक ही कमरे में किराये पर रह रहे थे।

बीती देर रात दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। विवाद के दौरान इमरान ने शाहिद पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने के कारण शाहिद की मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी इमरान मौके से फरार हो गया।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच की। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल की गई कुल्हाड़ी बरामद कर ली। मृतक के शव का पंचायतनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

पुलिस ने बताया कि परिजनों की तहरीर के आधार पर मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए तीन पुलिस टीमों का गठन किया गया है और संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। अधिकारियों के अनुसार जल्द ही आरोपियों कि गिरफ़्तारी कि जाएगी।

Related Articles

Back to top button