तीन करोड़ से रोशन होगा टेक जोन-4 और छपरौला आरओबी एवं एएच-24 लिंक रोड

Panchayat 24 (ग्रेटर नोएडा) : ग्रेटर नोएडा औद्योगिक विकास प्राधिकरण सड़कों पर अँधेरे को दूर करने की दिशा में तेजी से काम कर रहा है। इस कड़ी में ग्रेटर नोएडा टेक जोन-4 और छपरौला रेलवे ओवरब्रिज से लेकर राष्ट्रीय राजमार्ग – 91 तक लिंक रोड पर को प्रकाशमान करने के लिए तीन करोड़ रूपये खर्च करेगा।
इसके अंतर्गत छपरौला रेलवे ओवरब्रिज और उसके आसपास 7 हाईमास्ट लाइटें लगाई जाएंगी। आरओबी से लेकर राष्ट्रीय राजमार्ग-91 तक लिंक रोड पर 132 एलईडी स्ट्रीट लाइटें भी लगाई जाएंगी। वहीं टेकजोन-4 में भी 561 अतिरिक्त स्ट्रीट लाइटें जल्द लगाई जाएंगी। ये सभी स्ट्रीट लाइटें 24 और 30 मीटर रोड पर लगेंगी।
दरअसल, छपरौला होते हुए ग्रेटर गाजियाबाद को ग्रेटर नोएडा को जोड़ने वाले परम्परागत मार्ग पर रेलवे लाइन पर ओवरब्रिज बनने के बाद यहां तेजी से वाहनों का आवागमन में वृद्धि हुई है। इसके बावजूद अधिकांश मार्ग अँधेरे में डूबा रहने के कारण हादसों का संकट बना रहता था। स्थिति को देखते हुए पुलिस ने इस रास्ते पर हाईमास्ट और स्ट्रीट लाइट लगाने का सुझाव दिये हैं।
वहीं, टेकजोन-4 की 24 और 30 मीटर रोड पर भी आसपास के लोग स्ट्रीट लाइट लगाने की मांग कर रहे हैं। प्राधिकरण के सीईओ एनजी रवि कुमार ने इन दोनों जगहों पर विद्युत अभियांत्रिकी विभाग को तत्काल हाईमास्ट और स्ट्रीट लाइट लगाने के निर्देश दिए। विद्युत अभियांत्रिकी विभाग के डिवीजन वन की तरफ से दोनों ही स्थानों पर टेंडर निकाल दिया है। एक से डेढ़ माह में टेंडर प्रक्रिया पूरी कर कार्य शुरू हो जाएगा और लगभग तीन माह में दोनों कार्य संपन्न हो जाएंगे। प्राधिकरण की एसीईओ प्रेरणा सिंह ने दोनोें स्थानों पर तय समय में हाईमास्ट और स्ट्रीट लाइटें लगाने के निर्देश दिए हैं।




