दादरी विधानसभा

रैली से पहले भाजपा का डैमेज कंट्रोल, एक मंच पर दिखे सभी दिग्गज; उमड़ी भीड़ से उत्साहित हुए प्रदेश अध्यक्ष ने समाजवादी पार्टी पर साधा निशाना

Panchayat 24 (दादरी) : दादरी स्थित आर.वी. नॉर्दर्न कॉलेज परिसर में रविवार को आयोजित ‘आत्मनिर्भर भारत संकल्प सभा’ केवल सम्मान समारोह तक सीमित नहीं रही, बल्कि आगामी विधानसभा चुनावों से पहले गौतम बुद्ध नगर भाजपा की संगठनात्मक एकजुटता और राजनीतिक शक्ति प्रदर्शन का भी महत्वपूर्ण मंच बन गई। उत्तर प्रदेश भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी तथा पश्चिमी उत्तर प्रदेश भाजपा के नवनियुक्त क्षेत्रीय अध्यक्ष नवाब सिंह नागर के सम्मान में आयोजित इस कार्यक्रम ने हाल के दिनों में जिले में चर्चा का विषय बनी गुटबाजी और मतभेदों की अटकलों पर विराम लगाने का प्रयास किया।

कार्यक्रम से पूर्व राजनीतिक गलियारों में इस बात को लेकर व्यापक चर्चा थी कि क्या भाजपा के सभी वरिष्ठ नेता एक मंच पर दिखाई देंगे और क्या आयोजन अपेक्षित जनसमर्थन जुटा सकेगा। हालांकि कार्यक्रम के दौरान इन सभी अटकलों पर विराम लगता दिखाई दिया। पार्टी के लगभग सभी प्रमुख जनप्रतिनिधि और संगठन पदाधिकारी मंच पर एक साथ मौजूद रहे, जिससे संगठन की एकजुटता का स्पष्ट संदेश देने का प्रयास किया गया।

सभा में लोकसभा सांसद डॉ. महेश शर्मा, राज्यसभा सांसद सुरेंद्र सिंह नागर, विधायक पंकज सिंह, तेजपाल सिंह नागर और धीरेन्द्र सिंह, विधान परिषद सदस्य श्रीचंद शर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष अमित भाटी, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष नरेंद्र सिंह चौधरी , दादरी नगर पालिका अध्यक्ष गीता पंडित, नोएडा महानगर अध्यक्ष महेश चौहान, जिलाध्यक्ष अभिषेक शर्मा सहित बड़ी संख्या में वरिष्ठ नेता एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।

सभा स्थल पर उमड़ी भीड़ ने कार्यक्रम को राजनीतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण बना दिया। बड़ी संख्या में पहुंचे कार्यकर्ताओं और समर्थकों के उत्साह से प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी तथा क्षेत्रीय अध्यक्ष नवाब सिंह नागर भी विशेष रूप से उत्साहित दिखाई दिए। उल्लेखनीय यह भी रहा कि भारी भीड़ के बावजूद कार्यक्रम अपेक्षाकृत व्यवस्थित रहा। आयोजन की सफलता का श्रेय कार्यकर्ताओं के साथ-साथ मुख्य आयोजक एवं ब्लॉक प्रमुख बिजेंद्र प्रमुख को भी जाता।

हालांकि कार्यक्रम के दौरान कुछ नेताओं के समर्थकों द्वारा उनके संबोधन के समय जोरदार नारेबाजी भी देखने को मिली। वहीं, नरेंद्र सिंह भाटी और धीरेन्द्र सिंह की सभा में एंट्री ने उपस्थित लोगों का विशेष ध्यान आकर्षित किया। राजनीतिक विश्लेषकों की नजर में आगामी विधानसभा चुनावों की पृष्ठभूमि में यह आयोजन संभावित दावेदारों के लिए अपनी राजनीतिक सक्रियता और जनाधार प्रदर्शित करने का अवसर भी बन गया। टिकट की दौड़ में चर्चित आशीष भाटी के समर्थक उनके नाम की तख्तियां लहराते नजर आए।

अपने संबोधन में डॉ. महेश शर्मा ने गुर्जर समाज द्वारा भाजपा को लगातार मिल रहे समर्थन के लिए समाज का आभार व्यक्त किया। उन्होंने अपनी बड़ी जीत का श्रेय जनया को देते हुए लहुड को समाजबका ऋणी बताते हुए आभार जताया। उन्होंने कहा कि पंकज चौधरी ने लम्बी, समर्पित और बेदाग राजनीतिक छवि के कारण पार्टी ने उन पर भरोसा जताया है। वहीं राज्यसभा सांसद सुरेंद्र सिंह नागर ने सभा में उमड़ी भीड़ का उल्लेख करते हुए कहा कि कुछ माह पूर्व विपक्ष ने दादरी में बड़ी रैली कर यह संदेश देने का प्रयास किया था कि क्षेत्र में उससे बड़ा जनसमर्थन जुटाना संभव नहीं है। उन्होंने दावा किया कि रविवार को जुटी भीड़ ने उस धारणा को अस्वीकार कर दिया और यह दर्शाया कि क्षेत्र की जनता का विश्वास भाजपा के साथ है।

पश्चिमी उत्तर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष नवाब सिंह नागर ने भी जनसमर्थन के लिए जनता एवं कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया।

प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने अपने संबोधन में समाजवादी पार्टी पर तीखा राजनीतिक प्रहार करते हुए कानून-व्यवस्था, सामाजिक समरसता और पूर्ववर्ती सरकारों के कार्यकाल को लेकर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि नई पीढ़ी को पूर्ववर्ती सरकारों के दौर की कानून-व्यवस्था की स्थिति को समझने के लिए अपने अभिभावकों से उस समय के अनुभव जानने चाहिए।

कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था भी उल्लेखनीय रही। लगभग ढाई सौ पुलिसकर्मियों की तैनाती के चलते सभा स्थल और आसपास के मार्गों पर भीड़ के बावजूद यातायात सुचारु बना रहा तथा पूरे आयोजन के दौरान कानून-व्यवस्था नियंत्रित रही।

कुल मिलाकर, आत्मनिर्भर भारत संकल्प सभा ने जहां भाजपा के शीर्ष नेतृत्व को जिले में संगठनात्मक एकजुटता का संदेश देने का अवसर प्रदान किया, वहीं आगामी विधानसभा चुनावों से पहले स्थानीय राजनीतिक समीकरणों और संभावित दावेदारों की सक्रियता की भी स्पष्ट झलक इस मंच पर दिखाई दी।

Related Articles

Back to top button