दादरी विधानसभा

नवाब सिंह नागर के पश्चिम उत्‍तर प्रदेश में भाजपा के नए मुखिया, अवसर के साथ चुनौतियों से भी पाना होगा पार

As the new BJP chief for Western Uttar Pradesh, Nawab Singh Nagar will have to overcome challenges alongside seizing opportunities.

Panchayat 24 (ग्रेटर नोएडा) : भारतीय जनता पार्टी ने लंबे इंतजार के बाद उत्तर प्रदेश संगठन की नई टीम और क्षेत्रीय अध्यक्षों की घोषणा कर दी है। राजनीतिक गलियारों में चल रही अटकलों पर विराम लगाते हुए पार्टी ने वरिष्ठ गुर्जर नेता नवाब सिंह नागर को पश्चिम उत्तर प्रदेश भाजपा का क्षेत्रीय अध्यक्ष नियुक्त किया है। इसे आगामी विधानसभा चुनावों से पहले पश्चिमी उत्तर प्रदेश के सामाजिक और राजनीतिक समीकरणों को साधने की दिशा में भाजपा का महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

पश्चिम उत्तर प्रदेश की राजनीति में गुर्जर समाज का प्रभाव कई विधानसभा और लोकसभा सीटों पर निर्णायक माना जाता है। ऐसे में भाजपा द्वारा नवाब सिंह नागर को क्षेत्रीय अध्यक्ष बनाना केवल संगठनात्मक निर्णय नहीं, बल्कि एक स्पष्ट राजनीतिक संदेश भी है। खासकर ऐसे समय में जब हाल ही में समाजवादी पार्टी ने दादरी विधानसभा क्षेत्र में बड़ी रैली आयोजित कर गुर्जर समाज के बीच अपनी पैठ मजबूत करने का प्रयास किया था।

नवाब सिंह नागर का राजनीतिक और संगठनात्मक सफर लंबा एवं अनुभवपूर्ण रहा है। खाटी संघ से जुड़े रहे नागर ने भाजपा के टिकट पर दादरी विधानसभा सीट से लगातार दो बार जीत दर्ज की थी। उल्लेखनीय है कि दादरी सीट पर भाजपा का खाता खोलने का श्रेय भी उन्हें ही जाता है। बाद के वर्षों में भले ही वे चुनावी राजनीति के केंद्र से दूर रहे हों, लेकिन संगठन के प्रति उनकी सक्रियता और निष्ठा लगातार बनी रही।

भाजपा नेतृत्व ने उनके अनुभव, संगठन क्षमता और सामाजिक स्वीकार्यता को देखते हुए उन्हें यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि नवाब सिंह नागर की नियुक्ति से भाजपा को पश्चिम उत्तर प्रदेश में संगठनात्मक मजबूती के साथ-साथ सामाजिक संतुलन साधने में भी मदद मिलेगी।

हालांकि, यह जिम्मेदारी उनके लिए अवसर के साथ-साथ बड़ी चुनौती भी लेकर आई है। उनकी राजनीतिक कर्मभूमि गौतम बुद्ध नगर लंबे समय से भाजपा की आंतरिक गुटबाजी और अंतर्कलह का केंद्र रही है। समय-समय पर यह स्थिति सार्वजनिक रूप से भी सामने आती रही है। परिणामस्‍वरूप पार्टी के लिए अंदरूनी गुटबाजी एवं अंर्तकलह पर पार पाना हमेशा से ही चुनौतीपूर्ण रहा है।

ऐसे में संगठन को एकजुट करना और कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना नवाब सिंह नागर के सामने सबसे बड़ी परीक्षा होगी। आगामी विधानसभा चुनावों की दृष्टि से पश्चिम उत्तर प्रदेश भाजपा के लिए बेहद महत्वपूर्ण क्षेत्र है। ऐसे में सभी की निगाहें अब इस बात पर टिकी हैं कि नवाब सिंह नागर अपने अनुभव और संगठन कौशल के बल पर पार्टी को कितनी मजबूती प्रदान कर पाते हैं और पश्चिम यूपी में भाजपा की राजनीतिक पकड़ को कितना और मजबूत बना पाते हैं।

#NawabSinghNagar
#BJPWestUP
#UttarPradeshPolitics
#DadriNews
#BJPUpdates

Related Articles

Back to top button