दादरी विधानसभा

दादरी को जल्द मिलेगा नया  विद्युत उपकेंद्र, जमीन का सीमांकन पूरा

Panchayat 24 (दादरी) : दादरी नगर क्षेत्र के बिजली उपभोक्ताओं के लिए राहत भरी खबर है। दादरी में प्रस्तावित नए 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र के निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए मंगलवार को तहसील दादरी और विद्युत विभाग की संयुक्त टीम ने प्रस्तावित भूमि की पैमाइश कर उसका सीमांकन (चिन्हीकरण) कर दिया। इस दौरान अधीक्षण अभियन्ता (तकनीक)विवेक कुमार, अधिशाषी अभियंता प्रवीन कुमार एवं अमित चौधरी भी मौके पर उपस्थित रहे।

विद्युत विभाग के अधीक्षण अभियंता अविनाश कुमार के अनुसार इस उपकेंद्र का निर्माण बिजनेस प्लान 2026-27 के तहत प्रस्तावित है। नए उपकेंद्र के निर्माण के बाद वर्तमान में संचालित चिटेहरा और धूम मानिकपुर विद्युत उपकेंद्रों पर बढ़ते विद्युत भार (लोडिंग) में उल्लेखनीय कमी आएगी, जिससे दादरी क्षेत्र के हजारों उपभोक्ताओं को निर्बाध एवं गुणवत्तापूर्ण विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जा सकेगी।

उल्लेखनीय है कि दादरी नगर क्षेत्र में पिछले कई वर्षों से एक नए विद्युत उपकेंद्र की आवश्यकता महसूस की जा रही थी। बढ़ती आबादी और लगातार बढ़ रही बिजली की मांग के कारण मौजूदा उपकेंद्रों पर दबाव बढ़ता जा रहा था। इस समस्या के समाधान के लिए जनप्रतिनिधियों और विद्युत विभाग द्वारा लंबे समय से उपयुक्त भूमि की तलाश की जा रही थी।

अब भूमि के चिन्हीकरण की प्रक्रिया पूरी होने के बाद यह लगभग तय माना जा रहा है कि जल्द ही दादरी में नए 33/11 केवी उपकेंद्र का निर्माण कार्य शुरू होगा। इसके बन जाने से दादरी नगर क्षेत्र के लोगों को बार-बार होने वाली विद्युत बाधाओं से राहत मिलेगी तथा भविष्य की बढ़ती बिजली आवश्यकताओं को भी बेहतर ढंग से पूरा किया जा सकेगा।

स्थानीय नागरिकों और जनप्रतिनिधियों ने भूमि चिन्हीकरण की प्रक्रिया पूरी होने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे दादरी के विद्युत ढांचे को मजबूत बनाने की दिशा में एक ऐतिहासिक और बहुप्रतीक्षित कदम बताया है

New 33/11 KV Substation Planned in Dadri to Ensure Uninterrupted Power Supply

#DadriNews

#GreaterNoidaNews

#PowerInfrastructure

#ElectricitySubstation

#UttarPradeshDevelopment

Related Articles

Back to top button