ग्रेटर नोएडा जोन

नशे के लिए युवक ने चुराए थे माँ के कंगन, लालच में दोस्त ने उतार दिया मौत के घाट, पुलिस ने किया खुलासा

Panchayat 24 (ग्रेटर नोएडा) : नशे की लत और लालच ने एक गहरी दोस्ती को खौफनाक अंजाम तक पहुंचा दिया। मां के सोने के कंगन चोरी कर बेचने निकले एक युवक की उसके ही दोस्त ने हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपी ने शव को पहचान से बचाने के लिए पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी। कासना कोतवाली पुलिस ने मामले का सनसनीखेज खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

ग्रेटर नोएडा जोन के डीसीपी शैलेंद्र सिंह ने सोमवार को बताया कि 12 जून को चीरसी गांव के पास नहर किनारे एक जला हुआ शव बरामद हुआ था, जिसकी पहचान दौला राजपुर गांव निवासी 23 वर्षीय हुजैफ पुत्र मुज्जमिल के रूप में हुई थी। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस की तीन टीमें गठित की गईं। सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने आरोपी शहजाद उर्फ बिट्टू पुत्र तरीकत को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के अनुसार, मृतक हुजैफ और आरोपी शहजाद एक ही गांव के निवासी और घनिष्ठ मित्र थे। दोनों ही सूखा नशा (टैबलेट एवं अन्य नशीले पदार्थों) के आदी थे। हुजैफ नया मोबाइल फोन खरीदने और एसी मैकेनिक का काम शुरू करने के लिए परिजनों से पैसे मांग रहा था, लेकिन उसकी नशे की आदत को देखते हुए परिवार ने पैसे देने से इनकार कर दिया।

इसी बीच हुजैफ ने मौका पाकर अपनी मां के चार सोने के कंगन चोरी कर लिए और उन्हें बेचने की योजना बनाई। उसने इस संबंध में अपने मित्रों से संपर्क किया। आरोपी शहजाद ने कंगन बिकवाने का झांसा देकर हुजैफ को अपने साथ बाइक पर बैठाकर ले गया।

पुलिस जांच में सामने आया कि दोनों ने पहले नशा किया, जिसके बाद शहजाद उसे सुनसान इलाके में स्थित चीरसी गांव के पास नहर किनारे ले गया। वहां मौका पाकर उसने डंडे से हुजैफ के सिर पर वार कर दिया। जमीन पर गिरने के बाद भी आरोपी ने कई बार उसके सिर पर हमला किया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

हत्या के बाद आरोपी कुछ दूर जाने के बाद वापस लौटा और शव की पहचान मिटाने के इरादे से अपनी बाइक से पेट्रोल निकालकर शव पर छिड़क दिया और उसमें आग लगा दी। आग की ऊंची लपटें उठने पर उसे आशंका हुई कि गांव के लोग मौके पर पहुंच सकते हैं, जिसके चलते वह शव को नहर में फेंकने की योजना अधूरी छोड़कर मौके से फरार हो गया।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से हत्या में प्रयुक्त खून से सना डंडा, मृतक के चोरी किए गए तीन सोने के कंगन तथा घटना में इस्तेमाल की गई बाइक बरामद कर ली है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर मामले के अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।

Related Articles

Back to top button