सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी एससी एसटी कोटे में क्रीमी लेयर का समर्थन करती है : दयाराम भार्गव
Suheldev Bharatiya Samaj Party supports creamy layer in SC ST quota: Dayaram Bhargava

Panchayat 24 : सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी एससी एसटी कोटे में क्रीमी लेयर और कोटा में कोटा मामले में सुप्रीम कोर्ट के आदेश का सम्मान करती है। सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी सामाजिक न्याय के लिए जातिगत जनगणना का हमेशा से समर्थन करती रही है। यह बात सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव और राष्ट्रीय प्रवक्ता दयाराम भार्गव ने पश्चिम उत्तर प्रदेश में पार्टी संगठन के विस्तार के दौरान एक कार्यक्रम में कही। यह कार्यक्रम राजू पंडित को सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी का राष्ट्रीय सचिव ( युवा मोर्चा) और तेज सिंह बल्ली चौधरी को पार्टी का राष्ट्रीय सचिव बनाए जाने के उपलक्ष में आयोजित किया गया था। कार्यक्रम का आयोजन राजू पंडित के वेयर हाऊस पर किया गया था। मौके पर पार्टी के व्यापार प्रकोष्ठ के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पश्चिम उत्तर प्रदेश प्रभारी अशोक अग्रवाल, अर्पित पाण्डे,सतेन्द्र उपाध्याय, पार्टी के बागपत जिलाध्यक्ष कुंवरपाल सिंह, सामाजिक कार्यकर्ता एचके शर्मा, हरिओम शर्मा, बाबे शर्मा, बॉबी पंडित, सोनू सोम, सोनू रावल, राजे चौहान, बिल्ले रावल, बंटी और सूरज रावल आदि उपस्थित थे।
सामाजिक न्याय की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा सुप्रीम कोर्ट का आदेश
उन्होंने कहा कि सुप्रीम कोर्ट का आदेश सामाजिक न्याय की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा। देश की आजादी के बाद से ही कुछ जातियां एससी एसटी आरक्षण का लाभ उठा रही है। शेष जातियां आज भी जीवन जीने के लिए संघर्ष कर रही है। ऐसे में आरक्षण का लाभ सभी जातियों को देने के लिए आरक्षण के लाभ से वंचित जातियों को आगे लाना आवश्यक है। उन्होंने कांग्रेस पर जातीय जनगणना के मुद्दे पर राजनीति करने का आरोप लगाते हुए कहा कि देश में 60 सालों से भी अधिक समय तक कांग्रेस की सरकारों रही है। उस दौरान कांग्रेस को जातीय जनणना करानी चाहिए थे। साल 2011 में हुई जनगणना के दौरान भी कांग्रस को जातीय जनगणना कराकर आंकड़े सार्वजनिक करने चाहिए थे। लोकसभा चुनाव में लोगों से झूठे वायदे करके और संविधान बदले जाने का झूठा डर दिखाकर वोट हासिल किए है। कांग्रेस को याद रखना चाहिए कि झूठ की हांडी हर बार नहीं चढ़ी है। दयाराम भार्गव ने कहा कि सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी हमेशा से ही जातीय जनगणना की समर्थक रही है।
विधानसभा उपचुनाव में एनडीए सभी दस विधानसभा सीटों पर जीत दर्ज करेगा
उत्तर प्रदेश में होने वाले विधानसभा उपचुनाव के बारे में उन्होंने कहा कि एनडीए सभी दस सीटों पर जीत दर्ज करेगा। पूर्वांचल से लेकर पश्चिम उत्तर प्रदेश तक सभी दस सीटों पर एनडीए मजबूत स्थिति में है। उन्होंने कहा कि सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी द्वारा कम से कम चार विधानसभा सीटों पर अपनी दावेदारी पेश की जा रही है। इनमें कटेहरी, मिलकीपुर, कुंदरकी और मझवां विधानसभा सीटें शामिल हैं। हालांकि सीट शेयरिंग का अंतिम निर्णय एनडीए की बैठक में लिया जाएगा।
पश्चिम उत्तर प्रदेश में निकाय चुनावों में मजबूती से उतरेगी सुभासपा
राष्ट्रीय महासचिव दयाराम भार्गव ने कहा कि पार्टी पश्चिम उत्तर प्रदेश में अपनी ताकत बढ़ा रही है। यहां संगठन का विस्तार कर योग्य लोगों को महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां दी गई है। पश्चिम उत्तर प्रदेश में पार्टी और संगठन की क्षमता का परीक्षण करने के लिए आगामी ग्राम पंचायत और नगर निकाय चुनावों में पार्टी मजबूती से उतरेगी। पार्टी का प्रयास रहेगा कि इन चुनावों को एनडीए के घटक दलों के साथ मिलकर लड़े। यदि एनडीए के घटक दलों के बीच इन चुनावों को लेकर सहमति नहीं बनती है तो सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी अकेले ही चुनाव मैदान में उतरेगी। इसके लिए पश्चिम उत्तर प्रदेश के 22 जिलों में पार्टी तैयारी कर रही है।