ग्रेनो प्राधिकरण ने बिलासपुर हटाया अतिक्रमण, मुक्त कराई 37.5 करोड़ की जमीन
Greater Noida Authority removes encroachment in Bilaspur, frees land worth Rs 37.5 crore

Panchayat 24 (ग्रेटर नोएडा) : ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने अधिसूचित क्षेत्र बिलासपुर की लगभग 18770 वर्ग मीटर जमीन पर अवैध निर्माण पर बुल्डोजर चलाकर ध्वस्त कर दिया, जिसकी कीमत लगभग 37.5 करोड़ रुपये होने का आकलन है। प्राधिकरण के सीईओ एनजी रवि कुमार के निर्देश पर भूलेख और परियोजना विभाग की टीम ने यह कार्रवाई की है।
कालोनाइजर बिलासपुर के खसरा नंबर 100, 104 और 105 की जमीन पर घर और बाउंड्री बनाकर प्लॉटिंग की कोशिश कर रहे थे। ग्रेनो प्राधिकरण के एसीईओ सुमित यादव ने चेतावनी दी है कि अधिसूचित एरिया में अनुमति के बिना या फिर बिना नक्शा पास कराए बिना अवैध निर्माण करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
एसीईओ ने जनमानस से अपील की है कि ग्रेटर नोएडा में कहीं भी जमीन खरीदने से पहले प्राधिकरण के भूलेख विभाग से संपर्क कर पूरी जानकारी जरूर प्राप्त कर लें। अवैध कॉलोनी में अपनी गाढ़ी कमाई न फंसाएं। महाप्रबंधक परियोजना एके सिंह ने बताया कि बिलासपुर के खसरा संख्या 100, 104 व 105 की 18770 वर्ग मीटर जमीन पर अवैध निर्माण की शिकायत प्राप्त हुई थी।
प्राधिकरण के भूलेख विभाग के ओएसडी रामनयन सिंह के नेतृत्व में वरिष्ठ प्रबंधक नागेंद्र सिंह और अन्य की टीम ने प्राधिकरण के सुरक्षाकर्मियों की मौजूदगी में यह कार्रवाई की। अधिकारियों ने दोबारा निर्माण करने पर कानूनी कार्रवाई की चेतावनी भी दी है।



