नोएडा विधानसभा

जब राम वन गए, तभी राम बन गए : सत्ता के मोह से लोकनीति के शिखर तक की रामकथा

डॉ देवेंद्र कुमार शर्मा

जहां आजीवन गद्दी बचाने की होड़ है, वहां राम का वनगमन त्याग का पाठ पढ़ाता है; जहां सत्ता के लिए भाई-भाई का शत्रु है, वहां भरत और राम का मिलाप भारतीय लोकतंत्र की आत्मा का परिचय देता है।

Panchayat 24 (नोएडा) : रामकथा की अद्भुत विशेषता है कि पात्र त्रेतायुग के होते हैं, लेकिन प्रश्न आज के होते हैं। नोएडा के सेक्टर-38 स्थित एम्यूजमेंट पार्क वर्ल्ड ऑफ वंडर के विशाल मैदान में तीन दिवसीय ‘अपने-अपने राम’ आयोजन के अंतिम दिन यही अनुभूति हुई। पूर्व निर्धारित राजतिलक का प्रसंग सुनाने के लिए कवि एवं कथावाचक डॉ. कुमार विश्वास ने कथा आरंभ की, लेकिन रामकथा की धारा शबरी के बेर, केवट के समर्पण, भरत के त्याग, हनुमान की भक्ति और सुग्रीव सहित अनेक प्रसंगों को समेटती हुई समकालीन राजनीति और सामाजिक व्यवस्था तक पहुंच गई।

कथा का मूल संदेश स्पष्ट था—परिस्थितियां कैसी भी हों, मनुष्य को तनाव नहीं, दृष्टि बदलनी चाहिए। सकारात्मक दृष्टि विपरीत परिस्थितियों में भी संभावना खोजती है, जबकि नकारात्मक दृष्टि अनुकूलता में भी शिकायत का कारण ढूंढ़ लेती है।

राम के जीवन में इससे बड़ा उदाहरण क्या होगा! राजतिलक की तैयारी के बीच वनवास का आदेश मिला। राम ने परिस्थिति को दुर्भाग्य नहीं माना, बल्कि पिता के वचन की प्रतिष्ठा और परिवार की मर्यादा का अवसर बना लिया। उनका भाव था—पिता ने मुझे जंगल का राज्य दे दिया। जिस राजमहल में युवराज बनने की तैयारी थी, वहां से वन की ओर प्रस्थान करते समय उनके मुख पर विषाद नहीं, स्वीकार का तेज था। माता कौशल्या ने भी दशरथ के निर्णय को धर्मसम्मत मानकर राम को कर्तव्यपथ पर जाने का आशीर्वाद दिया।

यहीं रामकथा आज की राजनीति से एक असुविधाजनक प्रश्न पूछती है। क्या पद सेवा का माध्यम है या जीवनभर चिपके रहने का अधिकार? क्या नेतृत्व का अर्थ केवल कुर्सी पर बने रहना है? आज जहां सत्ता के लिए संघर्ष, उत्तराधिकार की होड़ और पद बचाने की बेचैनी राजनीति का स्थायी भाव बनती जा रही है, वहां राम का वनगमन बताता है कि पद छोड़ने से व्यक्ति छोटा नहीं होता, बल्कि कई बार उसका व्यक्तित्व पद से बड़ा हो जाता है।

अवध के पति से जगतपति बनने की यात्रा राजमहल में नहीं, वन के रास्ते पूरी हुई। राम जब वन गए, तभी राम बन गए। क्योंकि राजसिंहासन व्यक्ति को राजा बनाता है, लेकिन त्याग उसे लोकनायक बनाता है। जंगल के राजा का राजतिलक नहीं होता; उसके व्यक्तित्व का अभिषेक जनमानस करता है।

यही एक राजनेता और लोकनेता का अंतर भी है। राजनेता की दृष्टि चुनाव और सत्ता तक सीमित हो सकती है, लेकिन लोकनेता की दृष्टि लोकमंगल तक जाती है। राम केवल राजधर्म जानने वाले राजा नहीं, लोकनीति समझने वाले जननायक हैं। उनकी राजनीति में विरोधी के प्रति भी मर्यादा है और सहयोगी के प्रति भी सम्मान।

राम और भरत का प्रसंग इस लोकनीति का सर्वोच्च उदाहरण है। एक ओर आज सत्ता के लिए परिवारों और दलों में संघर्ष है, दूसरी ओर राम और भरत हैं, जो एक-दूसरे के लिए राजसिंहासन ठुकराने को तैयार हैं। भरत को राज्य मिला, लेकिन उन्होंने उसे अपना अधिकार नहीं माना। राम को राज्य छोड़ना पड़ा, लेकिन उन्होंने भाई के प्रति कोई दुर्भाव नहीं रखा। यह भारत मिलाप केवल दो भाइयों का मिलन नहीं, सत्ता के ऊपर संबंधों और अधिकार के ऊपर कर्तव्य की विजय है।

आज की राजनीति में जनमत और बहुमत के अंतर को समझना भी आवश्यक है। बहुमत चुनाव से प्राप्त हो सकता है, लेकिन जनमत लोकविश्वास और लोकनीति से बनता है। बहुमत सत्ता देता है, जनमत स्वीकार्यता देता है। राम का नेतृत्व इसी जनस्वीकृति का प्रतीक है।

रामकथा में कर व्यवस्था की भी अद्भुत व्याख्या मिलती है। राम ने भरत को समझाया कि कर सूर्य की तरह लेना चाहिए। सूर्य समुद्र से जल लेता है, लेकिन किसी को उसके लेने का कष्ट नहीं होता; फिर उसी जल को वर्षा बनाकर धरती को लौटा देता है। शासन का कराधान भी ऐसा ही होना चाहिए—जनता से लिया गया धन जनकल्याण के रूप में उसी तक लौटे। आज जब करदाता शासन से सुविधाओं, सुरक्षा, शिक्षा, स्वास्थ्य और आधारभूत संरचना की अपेक्षा करता है, तब यह दृष्टांत सुशासन की पूरी परिभाषा बन जाता है।

रामकथा की लोकतांत्रिक चेतना केवल राजतंत्र के आदर्शों तक सीमित नहीं है। शकुंतला और राजा दुष्यंत के पुत्र भरत का प्रसंग इस बात का स्मरण कराता है कि भारत की सांस्कृतिक स्मृति में राजसत्ता को केवल वंश और जन्म से नहीं, योग्यता और लोकस्वीकृति से जोड़ने की परंपरा रही है। इसे भारत की प्राचीन लोकतांत्रिक चेतना का एक सांस्कृतिक संकेत माना जा सकता है। आधुनिक संवैधानिक लोकतंत्र और प्राचीन राजपरंपराएं एक जैसी संस्थाएं नहीं थीं, लेकिन लोकहित, पात्रता और उत्तरदायित्व के मूल्य भारतीय चिंतन में बहुत पुराने हैं।

रामराज्य की आत्मा भी इसी में निहित है। उसका आधार केवल समृद्धि या शक्तिशाली राजा नहीं, बल्कि परस्पर प्रीति है। जहां समाज में एक-दूसरे के प्रति विश्वास और संवेदना है, वहीं रामराज्य की संभावना है। शासन कानून से चल सकता है, लेकिन समाज प्रेम और सद्भाव से चलता है।

शबरी के जूठे बेर का प्रसंग इस सामाजिक दर्शन का सबसे मार्मिक उदाहरण है। शबरी के पास न राजवैभव था, न किसी प्रकार का प्रदर्शन; था तो केवल प्रतीक्षा, श्रद्धा और निष्कपट प्रेम। राम उसके आश्रम में इसलिए नहीं पहुंचे कि वह कोई बड़ी सामर्थ्यवान भक्त थी, बल्कि इसलिए कि उसके प्रेम में कोई छल नहीं था। शबरी के बेरों का स्वाद उनकी मिठास में नहीं, उस भाव में था जिसे राम ने स्वीकार किया।

राम ने केवट, शबरी, वनवासी और समाज के उपेक्षित लोगों को अपनी यात्रा का सहभागी बनाया। यह संदेश उन लोगों के लिए भी है जो समाज को जातियों और वर्गों में बांटकर राजनीति की रोटियां सेंकते हैं। भारत की सामाजिक विषमता वास्तविक प्रश्न है, उसका समाधान भी आवश्यक है; लेकिन भारतीय संस्कृति को केवल जातिवाद का पर्याय बताकर उसके समरसता, सहभागिता और समावेश के आदर्शों को नकार देना भी ऐतिहासिक अन्याय है। राम की यात्रा बताती है कि समाज का कोई व्यक्ति छोटा नहीं, छोटा केवल वह दृष्टिकोण है जो मनुष्य को मनुष्य से अलग करता है।

हनुमान का प्रसंग समर्पण की पराकाष्ठा है। उन्होंने प्रभु से दोनों पद मांग लिए—चरणों में स्थान और सेवा का अवसर। यह मांग किसी पुरस्कार या पद की नहीं, आजीवन प्रतिबद्धता की थी। हनुमान की प्रासंगिकता आज भी इसलिए है कि वे शक्ति को अहंकार नहीं बनने देते और सामर्थ्य को सेवा में लगाते हैं। सुमित मछार जैसे उदाहरणों के माध्यम से भी यह समझा जा सकता है कि किसी व्यक्ति की सार्थकता उसके पद या प्रसिद्धि से नहीं, उसके कर्म और दूसरों के जीवन में उसके योगदान से तय होती है।

इसीलिए सफलता की एक सुंदर परिभाषा सामने आती है—यदि आपके होने से दुनिया खुश है तो आप सफल हैं, और यदि आपके होने से दुनिया दुखी है तो अपनी उपलब्धियों पर पुनर्विचार कीजिए। नोएडा जैसे महानगर में, जहां सफलता को अक्सर धन, पद, प्रतिष्ठा और चमक-दमक से मापा जाता है, यह परिभाषा विशेष अर्थ रखती है। सफल होना और सार्थक होना दो अलग बातें हैं। सफलता व्यक्ति को ऊंचाई दे सकती है, सार्थकता उसके अस्तित्व को अर्थ देती है।

राम राजा भी हैं और तपस्वी भी। वे राजमहल की मर्यादा जानते हैं और वनवासी जीवन की कठिनाई भी। रावण के दरबार में अंगद का संवाद हो या सुग्रीव के साथ मित्रता का प्रसंग, रामकथा यह बताती है कि शक्ति के सामने तर्क, अहंकार के सामने मर्यादा और संकट के सामने धैर्य का महत्व कभी समाप्त नहीं होता। सनातन परंपरा की विशेषता भी यही है कि वह प्रश्नों से भागती नहीं, संवाद और शास्त्रार्थ की परंपरा में विश्वास करती है। प्रश्न करना हमारी बौद्धिक परंपरा का हिस्सा है; उत्तर देना हमारी सांस्कृतिक जिम्मेदारी।

अंततः रामकथा का संदेश राष्ट्र और नागरिक के संबंध तक पहुंचता है। यह पूछने से पहले कि देश ने हमें क्या दिया, हमें यह भी देखना चाहिए कि हमने देश को क्या दिया। अधिकारों की अपेक्षा के साथ कर्तव्यों का निर्वहन ही नागरिकता को पूर्ण बनाता है।

कथा के अंतिम चरण में रामराज्याभिषेक के प्रसंग के साथ केवट राज को विशेष अतिथि के रूप में सम्मान देने की चर्चा भी इसी भाव को पुष्ट करती है। जिसने वनगमन की यात्रा में साथ दिया, उसे राजतिलक के उत्सव में भुलाया नहीं गया। यही नेतृत्व का वास्तविक संस्कार है—सफलता के शिखर पर पहुंचकर उन लोगों को याद रखना, जिनके सहयोग से यात्रा संभव हुई।

तीन दिनों तक चले आयोजन के अंतिम दिन भी मैदान श्रोताओं से खचाखच भरा रहा। आयोजकों के अनुसार बीस हजार से अधिक लोगों ने कथा का श्रवण किया और स्थान के अभाव में अनेक लोगों को निराश लौटना पड़ा। कार्यक्रम के आयोजक मुकेश शर्मा ने कहा कि उनका उद्देश्य नई पीढ़ी को संस्कारवान और सशक्त बनाना है।

कथा का समापन केवल राम के राजतिलक की कल्पना नहीं, बल्कि एक बड़े सामाजिक और राजनीतिक प्रश्न के साथ होता है—हम कैसा समाज और कैसा नेतृत्व चाहते हैं?

ऐसा नेतृत्व जो सत्ता मिलने पर विनम्र हो, सत्ता छिनने पर विचलित न हो; जो कर ले तो सूर्य की तरह और लौटाए तो वर्षा की तरह; जो सहयोगियों को विजय के बाद भी याद रखे और परिवार में अधिकार से पहले त्याग को स्थान दे।

रामकथा का सार शायद इसी एक भाव में समाहित है—सिंहासन से बड़ा चरित्र है, बहुमत से बड़ा जनविश्वास है और सफलता से बड़ी सार्थकता है।

राम वन गए तो अवध ने राजा खोया था, लेकिन संसार को मर्यादा पुरुषोत्तम मिल गए। यही राम का त्याग है और यही रामराज्य का वास्तविक अभिषेक।

Related Articles

Back to top button