दादरी विधानसभा

गांव की मिट्टी से राष्ट्रीय फलक तक चमके दादरी के तीन सितारे

कबड्डी में उत्कृष्ट प्रदर्शन के दम पर अभिषेक, निक्की और सन्नी का खेलो इंडिया प्रशिक्षण के लिए चयन; 14 नवंबर को चिटेहरा में होगा सम्मान समारोह

Panchayat 24 (दादरी) : सोने को कुंदन बनने के लिए आग में तपना पड़ता है। उसकी चमक यूं ही नहीं निखरती, बल्कि संघर्ष, धैर्य और कठिन साधना की भट्ठी से गुजरकर ही उसमें वह आभा पैदा होती है, जो उसे विशिष्ट बनाती है। खेल के मैदान में भी प्रतिभा का परिष्कार कुछ इसी तरह होता है। गांवों की साधारण गलियों और धूल भरे मैदानों से निकलकर जब युवा राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्पर्धाओं में देश का गौरव बढ़ाते हैं, तो उनकी सफलता के पीछे वर्षों का परिश्रम, अनुशासन और अटूट संकल्प छिपा होता है। दादरी क्षेत्र के तीन होनहार कबड्डी खिलाड़ियों ने अपनी मेहनत और प्रतिभा से इसी तथ्य को चरितार्थ किया है।

दादरी क्षेत्र के चिटेहरा गांव निवासी अभिषेक भाटी पुत्र रमेश भाटी और निक्की भाटी पुत्र श्रीपाल तथा बढ़पुरा निवासी सन्नी भाटी पुत्र रविंद्र भाटी ने कबड्डी के मैदान में अपने शानदार प्रदर्शन से नई उपलब्धि हासिल की है। इन तीनों खिलाड़ियों का चयन खेलो इंडिया प्रशिक्षण के लिए हुआ है। उनकी इस सफलता ने न केवल उनके परिवारों और गांवों का मान बढ़ाया है, बल्कि समूचे दादरी क्षेत्र में उत्साह और गर्व का वातावरण पैदा कर दिया है।

तीनों खिलाड़ियों की सफलता का सिलसिला दिल्ली में आयोजित जूनियर अंडर-20 राज्यस्तरीय कबड्डी प्रतियोगिता से आगे बढ़ा। 19 और 20 अक्टूबर को अलीपुर में आयोजित इस प्रतियोगिता में दिल्ली प्रदेश की ओर से खेलते हुए उन्होंने अपनी प्रतिभा, खेल कौशल और दमदार प्रदर्शन का परिचय दिया। इसके बाद 1 से 4 नवंबर तक बिहार के पाटलिपुत्र में आयोजित राष्ट्रीय कबड्डी प्रतियोगिता में भी तीनों खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट खेल का प्रदर्शन किया। राज्यस्तरीय और राष्ट्रीय स्तर की इन प्रतियोगिताओं में उनके प्रभावशाली प्रदर्शन के आधार पर उन्हें खेलो इंडिया प्रशिक्षण के लिए चयनित किया गया है।

इन खिलाड़ियों की उपलब्धि इसलिए भी विशेष है कि उनकी प्रतिभा को तराशने और उसे प्रतिस्पर्धात्मक धार देने में चिटेहरा स्थित फौजी कबड्डी अकादमी की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। तीनों खिलाड़ियों ने इसी अकादमी में कबड्डी की बारीकियां सीखीं और कोच विक्रम फौजी, मनोज नागर (भोला) और देवराज नागर के मार्गदर्शन में अपने खेल को निरंतर निखारा। नियमित अभ्यास, अनुशासन और कठिन परिश्रम के बल पर उन्होंने स्थानीय स्तर से आगे बढ़ते हुए राज्य और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में अपनी पहचान बनाई है।

अकादमी के कोच विक्रम फौजी का कहना है कि तीनों खिलाड़ियों ने जिस लगन और कौशल के साथ अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया है, उससे उनके उज्ज्वल भविष्य की पूरी उम्मीद है। यदि वे इसी समर्पण और निरंतरता के साथ अभ्यास करते रहे तो आने वाले समय में प्रो कबड्डी लीग और भारतीय राष्ट्रीय टीम का हिस्सा बनकर अंतर्राष्ट्रीय पटल पर अपना और क्षेत्र का नाम रोशन कर सकतेहैं। उनका मानना है कि प्रतिभा को सही दिशा, उचित प्रशिक्षण और निरंतर प्रोत्साहन मिले तो ग्रामीण अंचल के खिलाड़ी भी खेल जगत में बड़ी उपलब्धियां हासिल कर सकते हैं। पूर्व में भी फ़ौजी अकादमी से कई खिलाडियों ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है।

तीनों खिलाड़ियों की इस उपलब्धि को उत्सव का रूप देने और उनके संघर्ष एवं सफलता को सम्मानित करने के लिए आगामी 14 नवंबर को चिटेहरा गांव स्थित फौजी कबड्डी अकादमी परिसर में सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा। विक्रम फौजी के अनुसार, इस आयोजन का उद्देश्य केवल खिलाड़ियों की उपलब्धि का अभिनंदन करना नहीं, बल्कि क्षेत्र के अन्य युवाओं को भी खेलों के प्रति प्रेरित करना है, ताकि गांवों में छिपी खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिल सके।

Related Articles

Back to top button