हॉस्पिटैलिटी उद्योग का वैश्विक कुंभ बना ग्रेटर नोएडा

IHE-2026 ने नवाचार, निवेश और वैश्विक साझेदारियों के लिए खोले नए द्वार
पंचायत 24 | ग्रेटर नोएडा
भारत का आतिथ्य, होटल एवं होरेका उद्योग नई ऊंचाइयों की ओर बढ़ रहा है और इसकी सबसे सशक्त झलक बुधवार को इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट, ग्रेटर नोएडा में देखने को मिली, जहां इंडिया इंटरनेशनल हॉस्पिटैलिटी एक्सपो (IHE)-2026 के नौवें संस्करण का भव्य शुभारंभ हुआ। चार दिवसीय यह अंतरराष्ट्रीय आयोजन केवल एक व्यापारिक प्रदर्शनी नहीं, बल्कि होटल, फूड सर्विस, होरेका और हॉस्पिटैलिटी उद्योग के भविष्य की दिशा तय करने वाला वैश्विक मंच बनकर उभरा है।
इंडिया एक्सपोज़िशन मार्ट लिमिटेड (IEML) द्वारा आयोजित इस मेगा एक्सपो में एक हजार से अधिक राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय ब्रांड अपनी नवीनतम तकनीकों, उत्पादों और सेवाओं का प्रदर्शन कर रहे हैं। देश-विदेश के होटल संचालक, खरीद विशेषज्ञ, निवेशक, आर्किटेक्ट, इंटीरियर डिज़ाइनर, शेफ, तकनीकी कंपनियां और उद्योग विशेषज्ञ एक ही छत के नीचे जुटे हैं। आयोजकों के अनुसार चार दिनों में 25 हजार से अधिक व्यावसायिक आगंतुकों के पहुंचने की संभावना है।
उद्घाटन समारोह में IEML के चेयरमैन डॉ. राकेश कुमार, EPCH के चेयरमैन डॉ. नीरज खन्ना, PPFI के प्रेसिडेंट अमरजीत सिंह आहूजा सहित हॉस्पिटैलिटी जगत की अनेक प्रतिष्ठित हस्तियों ने सहभागिता की। डॉ. राकेश कुमार ने कहा कि IHE अब केवल प्रदर्शनी नहीं, बल्कि भारतीय हॉस्पिटैलिटी उद्योग का वार्षिक महाकुंभ बन चुका है, जहां नवाचार, निवेश और रणनीतिक साझेदारियां उद्योग को नई दिशा देती हैं।
पहले ही दिन प्रदर्शनी में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। आधुनिक होटल इंफ्रास्ट्रक्चर, स्मार्ट हॉस्पिटैलिटी टेक्नोलॉजी, कमर्शियल किचन, फूड सर्विस उपकरण, बेकरी समाधान, इंटीरियर, हाउसकीपिंग, सुरक्षा प्रणाली, वेलनेस, फर्निशिंग और लाइटिंग से जुड़े अत्याधुनिक उत्पादों ने आगंतुकों का ध्यान आकर्षित किया। प्रदर्शनी परिसर पूरे दिन व्यापारिक संवाद, नेटवर्किंग और नई व्यावसायिक संभावनाओं का केंद्र बना रहा।
EPCH के चेयरमैन डॉ. नीरज खन्ना ने कहा कि भारत की शिल्प परंपरा और सेवा संस्कृति को वैश्विक बाजार से जोड़ने में ऐसे आयोजन महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। वहीं PPFI के प्रेसिडेंट अमरजीत सिंह आहूजा ने रणनीतिक प्रोक्योरमेंट को भविष्य की प्रतिस्पर्धा का आधार बताते हुए कहा कि IHE उद्योग को मजबूत और टिकाऊ सप्लाई चेन उपलब्ध कराने वाला प्रभावी मंच है।
इस वर्ष ‘वन डिस्ट्रिक्ट वन क्यूज़ीन (ODOC)’ पवेलियन विशेष आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। उत्तर प्रदेश सरकार के सहयोग से तैयार यह पवेलियन प्रदेश की समृद्ध पाक विरासत को वैश्विक पहचान दिलाने के साथ स्थानीय खाद्य उद्यमों के लिए नए व्यावसायिक अवसरों के द्वार खोल रहा है।
आयोजन में ‘पेस्ट्री क्वीन इंडिया-2026’, प्रसिद्ध शेफ गौतम चौधरी की कुलिनरी मास्टरक्लास, मास्टर बेकर्स चैलेंज, हाउसकीपर्स कॉन्क्लेव, हॉस्पिटैलिटी डिज़ाइन सिम्पोज़ियम, PPFI बी2बी मीट, होस्टेड बायर मीटिंग्स तथा ‘मधु मंडपम्’ जैसे अनेक विशेष आयोजन भी आकर्षण का केंद्र हैं। पहली बार आयोजित ‘मधु मंडपम्’ तेजी से विस्तार कर रहे अल्कोहलिक बेवरेज उद्योग के लिए समर्पित व्यावसायिक मंच के रूप में नई पहचान बना रहा है।
IEML के ईडी एवं सीईओ सुदीप सरकार ने कहा कि भविष्य का हॉस्पिटैलिटी उद्योग उत्कृष्ट अतिथि अनुभव और परिचालन दक्षता के संतुलन पर आधारित होगा तथा IHE इस परिवर्तन का प्रमुख माध्यम बन रहा है।
08 अगस्त तक चलने वाले इस आयोजन में 10 हजार वर्गमीटर से अधिक क्षेत्रफल में फैली प्रदर्शनी भारत के हॉस्पिटैलिटी उद्योग की बढ़ती वैश्विक क्षमता का सशक्त परिचय दे रही है। एक ही मंच पर होटल, फूड सर्विस, होरेका, डिज़ाइन, तकनीक, सप्लाई चेन और निवेश को जोड़ता IHE-2026 न केवल नए व्यावसायिक अवसरों का सृजन कर रहा है, बल्कि भारत को वैश्विक हॉस्पिटैलिटी एवं होरेका हब के रूप में स्थापित करने की दिशा में भी एक निर्णायक कदम साबित हो रहा है।
IHE-2026 : एक नजर में
- आयोजन : 5–8 अगस्त 2026
- स्थान : इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट, ग्रेटर नोएडा
- प्रदर्शक : 1,000+ राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय ब्रांड
- प्रदर्शनी क्षेत्र : 10,000+ वर्गमीटर
- संभावित व्यावसायिक आगंतुक : 25,000+
- प्रमुख आकर्षण : ODOC पवेलियन, पेस्ट्री क्वीन इंडिया-2026, मास्टर बेकर्स चैलेंज, कुलिनरी मास्टरक्लास, हाउसकीपर्स कॉन्क्लेव, हॉस्पिटैलिटी डिज़ाइन सिम्पोज़ियम, PPFI बी2बी मीट, मधु मंडपम्





