एलजी गोलचक्कर के पास दर्दनाक सड़क हादसा, एमबीए छात्रा की मौत, युवक घायल

Panchayat 24 (ग्रेटर नोएडा) : ग्रेटर नोएडा क्षेत्र स्थित एलजी गोलचक्कर के पास शुक्रवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। हादसे में अनियंत्रित ट्रक की टककर से बाइक सवार एमबीए की छात्रा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पुलिस ने ट्रक चालक को हिरासत में लेकर अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। मामका नॉलेज पार्क कोतवाली क्षेत्र का है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार शुक्रवार को करीब दो बजे बाइक सवार चंदन बर्नवाल निवासी पश्चिम बंगाल, हाल निवासी सेक्टर बीटा-2 ग्रेटर नोएडा अपनी साथी चांदनी कुमारी गुप्ता के साथ जीएल बजाज कॉलेज से एमबीए सेकेंड सेमेस्टर की परीक्षा देकर लौट रहे थे। इसी दौरान एलजी गोलचक्कर के पास उनकी बाइक की एक तेज रफ्तार ट्रक से टक्कर हो गई।
हादसा इतना भीषण था कि छात्रा चांदनी कुमारी गुप्ता की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि युवक चंदन बर्नवाल गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक को तत्काल उपचार के लिए कैलाश अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है।
पुलिस के अनुसार ट्रक चालक उपेन्द्र प्रसाद यादव जिला नवादा, बिहार को हिरासत में ले लिया गया है। मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। हादसे के बावजूद मौके पर शांति व्यवस्था कायम रही तथा यातायात को सुचारू रूप से संचालित कराया गया।



