नोएडा जोन

सेवा भी, सुरक्षा भी : अन्‍तर्राष्‍ट्रीय श्रमिक दिवस के मौके पर श्रमिकों के लिए पुलिस और प्रशासन का डबल एक्शन प्लान

Service and Security: Police and Administration's 'Double Action Plan' for Workers on International Workers' Day

Panchayat 24 (नाेएडा)  : गौतम बुद्ध नगर में वेतनमान एवं अन्‍य मांगों को लेकर हुए उग्र श्रमिक आंदोलन के बाद पुलिस और प्रशासन लगातार एक्‍शन मोड में है। लगातार उपद्रवियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करते हुए श्रमिकों से संवाद के जरिए विश्‍वास बहाली का प्रयास कर रहा है। आगामी एक मई को होने वाले अन्‍तर्राष्‍ट्रीय श्रमिक दिवस पर पूरी तरह सजग है। एक तरफ पुलिस ने जहां सुरक्षा के पुख्‍ता बंदोबस्‍त किए हैं वहीं 30 अप्रेल से 8 मई तक भारतीय सुरक्षा संहिता की धारा 163 के अन्‍तर्गत जिले में निषेधाज्ञा लागू कर दी है। अर्थात इस दौरान किसी भी प्रकार का धरना प्रदर्शन नहीं किया जा सकेगा। वहीं, जिला प्रशासन श्रमिकों के कल्‍याण के लिए उनकी सपरिवार निशुल्‍क स्‍वास्‍थ्‍य जांच के लिए महा अभियान चला रहा है।

जिलाधिकारी मेधा रूपम के अनुसार एक मई को जिले में सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक श्रमिक 67 निजी और 134 सरकारी अस्‍पतालों में 201 स्‍थानों पर अपनी और अपनों के स्‍वास्‍थ्‍य की जांच करा सकते हैं। इन अस्‍पतालों में यथार्थ सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल, मैक्स हॉस्पिटल, मेदांता हॉस्पिटल, फोर्टिस हॉस्पिटल, फेलिक्स हॉस्पिटल तथा शारदा जैसे अस्‍पतालों का नाम शामिल है। कई औद्योगिक क्षेत्रों में जांच केन्‍द्र बनाए गए हैं। यूपीसीडा के सिकन्‍द्राबाद एवं कासना औद्योगिक क्षेत्र में जांच केन्‍द्र बनाए गए हैं।

वहीं, श्रमिक दिवस के अवसर पर असामाजिक तत्‍व श्रमिकों की आड में माहौल को बिगाड़ने का कोई भी प्रयास न कर सके, इसके लिए भारी सुरक्षा व्‍यवस्‍था की गई है। पुलिस कमिश्नर लक्ष्‍मी सिंह के अनुसार गौतमबुद्धनगर को कुल 11 जोन एवं 49 सेक्टर में बांटा गया है। इनमें नोएडा जोन को 4 जोन व 16 सेक्टर, सेंट्रल नोएडा जोन को 3 जोन व 24 सेक्टर तथा ग्रेटर नोएडा जोन को 4 जोन व 9 सेक्टरों में बांटा गया है।

दूसरे जिलों से 6 एसपी रैंक के अधिकारी, 14 अपर पुलिस अधीक्षक रैंक के अधिकारी, 30 क्षेत्राधिकारी (Dy.SP) रैंक के अधिकारी, 65 निरीक्षक, 400 उपनिरीक्षक, 150 महिला उपनिरीक्षक, 900 मुख्य आरक्षी एवं आरक्षी, 200 महिला मुख्य आरक्षी एवंआरक्षी तथा 10 कंपनी PAC को तैनात किया गया है। इसके अतिरिक्त कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर से 2 डीसीपी रैंक के अधिकारी, 3 एडिशनल डीसीपी रैंक के अधिकारी, 4 एसीपी रैंक के अधिकारी एवं अन्य अधिकारी और कर्मचारी भी तैनात किए गए हैं। बता दें कि पुलिस व्यवस्थापन में महिला पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों का भी बड़ी संख्या में लगाया गया है।

इस पुलिस बल को महत्वपूर्ण औद्योगिक इकाइयों, बहु राष्ट्रीय कंपनियों, लघु औद्योगिक क्षेत्रों, प्रमुख चौराहों एवं महत्वपूर्ण स्थानों पर व्यवस्थित रूप से तैनात किया गया है। इसके अतिरिक्त कई पुलिस मोबाइल पार्टी भी नियुक्त की गई हैं, जो निरंतर क्षेत्र में भ्रमणशील रहकर शांति व्यवस्था पर सतर्क निगरानी बनाए रखेंगी।

पब्लिक एड्रेस (PA) सिस्टम से लोगों को शासन के दिशा-निर्देशों के संबंध में निरंतर अवगत कराया जा रहा है। महत्वपूर्ण औद्योगिक इकाइयों, प्रमुख चौराहों एवं लगभग 50 से अधिक महत्वपूर्ण स्थानों पर ड्रोन से नजर रखी जा रही है। मुख्य स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे भी लगाए गए हैं। इसके लिए एक कंट्रोल रूम की स्‍थापना की गई है। यहां एक राजपत्रित अधिकारी की नियुक्ति की गई है, जिनके द्वारा सीसीटीवी एवं अन्य सर्विलांस से लगातार निगरानी की जा रही है।

Related Articles

Back to top button