पुलिस कमिश्नर जे. रविंद्र गौड़ की जो कहानी गाजियाबाद में रह गई अधूरी, गौतम बुद्ध नगर में होगी पूरी?

डॉ. देवेंद्र कुमार शर्मा
उत्तर प्रदेश शासन स्तर से वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के तबादलों के बाद गौतम बुद्ध नगर की पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह को गाजियाबाद पुलिस कमिश्नरेट की कमान सौंपी गई है, वहीं गाजियाबाद के पुलिस कमिश्नर जे. रविंद्र गौड़ को गौतम बुद्ध नगर का पुलिस कमिश्नर बनाया गया है। गाजियाबाद से पहले वह आगरा के पुलिस कमिश्नर भी रह चुके हैं। उन्हें कानून-व्यवस्था पर मजबूत पकड़ रखने वाले अधिकारी के रूप में जाना जाता है। वह संगठित अपराध, गैंगस्टर एक्ट के तहत संपत्तियों के जब्तीकरण और नशा तस्करी के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाते हैं।
बतौर गाजियाबाद पुलिस कमिश्नर एक निजी मुलाकात के दौरान उन्होंने अपनी प्राथमिकताओं में नशा तस्करी और नशा माफियाओं के खिलाफ कठोर कार्रवाई को प्रमुखता से शामिल करने की बात कही थी। इसके बाद उन्होंने ऑपरेशन प्रहार के तहत कार्रवाई को अंजाम दिया। वहीं, ऑपरेशन दहन के अंतर्गत विभिन्न थानों के मालखानों में जब्त 16,378 किलोग्राम मादक पदार्थों को नष्ट किया गया, जिनकी अनुमानित कीमत लगभग 21 करोड़ रुपये थी। इस अभियान के तहत एक ओर नशा तस्करों की धरपकड़ की गई, तो दूसरी ओर स्कूलों, कॉलेजों और सार्वजनिक स्थानों पर जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर युवाओं को नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित किया गया। दिल्ली-एनसीआर की सीमा से सटे होने के कारण गाजियाबाद को ट्रांजिट पॉइंट के रूप में इस्तेमाल करने वाले अंतरराज्यीय गिरोहों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की गई। इससे स्थानीय स्तर पर खुलेआम होने वाली नशे की बिक्री पर काफी हद तक अंकुश लगाने में मदद मिली।
दूसरी ओर, गौतम बुद्ध नगर में पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह के नेतृत्व में भी नशा माफियाओं और मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ कठोर कार्रवाई की गई। 1 जनवरी 2023 से 15 सितंबर 2026 तक एनडीपीएस एक्ट के तहत कुल 2,024 मुकदमे दर्ज कर 2,318 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया। पुलिस ने गांजा, चरस, स्मैक, एमडीएमए और कोकीन सहित 8,132 किलोग्राम से अधिक मादक पदार्थ जब्त किए, जिनकी कीमत 151.58 करोड़ रुपये आंकी गई। दिल्ली-एनसीआर के स्कूलों, कॉलेजों और हॉस्टलों के आसपास सादे कपड़ों में पुलिसकर्मियों की तैनाती और निगरानी भी बढ़ाई गई।
इस कड़ी में सबसे बड़ी कार्रवाई मई 2023 में हुई थी। पुलिस ने सूरजपुर कोतवाली क्षेत्र के सेक्टर थीटा-2 में एक अवैध ड्रग लैब का पर्दाफाश करते हुए नौ विदेशी नागरिकों को गिरफ्तार किया था। इस दौरान लगभग 46 किलोग्राम शुद्ध मेथम्फेटामाइन जब्त की गई थी, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 200 करोड़ रुपये आंकी गई थी।
पिछले तीन महीनों (सितंबर से नवंबर 2026) के दौरान गौतम बुद्ध नगर पुलिस कमिश्नरेट, एंटी-नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) और केंद्रीय एजेंसियों ने नशा माफियाओं तथा अंतरराज्यीय ड्रग सिंडिकेट के खिलाफ लगातार बड़ी कार्रवाइयां की हैं। इस अवधि में लगभग 400 किलोग्राम से अधिक गांजा, करोड़ों रुपये की सिंथेटिक ड्रग्स और गुप्त ड्रग फैक्ट्रियों का पर्दाफाश किया गया। साथ ही, मालखानों में जमा 972 किलोग्राम से अधिक मादक पदार्थों को भी नष्ट किया गया।
इसके बावजूद बीते 18 नवंबर 2026 को बादलपुर पुलिस ने 177.79 किलोग्राम गांजा जब्त किया गया। बादलपुर पुलिस और ANTF की संयुक्त टीम ने ओडिशा से गुरुग्राम ले जाई जा रही इस खेप को बरामद किया। इसकी अनुमानित कीमत करीब 1.5 करोड़ रुपये बताई गई।
वहीं, 14 नवंबर 2026 को जारचा पुलिस ने 4.7 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया। इसके अलावा, 9 नवंबर 2026 को बिसरख पुलिस और स्वाट टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए 55 किलोग्राम गांजा पकड़ा, जिसकी कीमत लगभग 55 लाख रुपये बताई गई।
इसके अतिरिक्त, 16 और 17 अक्टूबर 2026 को नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो ने स्थानीय पुलिस के सहयोग से ‘ऑपरेशन क्रिस्टल हंट’ के तहत ग्रेटर नोएडा में संचालित दो गुप्त सिंथेटिक ड्रग प्रयोगशालाओं का पर्दाफाश किया। यहां से भारी मात्रा में उच्च गुणवत्ता वाली सिंथेटिक ड्रग्स (एम्फैटेमिन), प्रीकर्सर केमिकल और प्रयोगशालाओं में इस्तेमाल होने वाले उपकरण जब्त किए गए।
वहीं, 14 अक्टूबर 2026 को बादलपुर पुलिस और एंटी-नारकोटिक्स सेल ने भुवनेश्वर से लाई जा रही 165.7 किलोग्राम गांजे की खेप जब्त की।
इससे स्पष्ट होता है कि इन तमाम कार्रवाइयों के बावजूद गौतम बुद्ध नगर में नशे के अवैध कारोबार पर प्रभावी और निर्णायक अंकुश लगाने की चुनौती अब भी बरकरार है। दरअसल, गौतम बुद्ध नगर में नशे के काले कारोबार के फलने-फूलने के लिए कमोबेश वे सभी परिस्थितियां मौजूद हैं, जो गाजियाबाद में भी रही हैं। यहां के शिक्षण संस्थान, विशेषकर नॉलेज पार्क, विदेशी नागरिकों की संलिप्तता, निर्माणाधीन परियोजनाओं के स्थल तथा हाईवे और एक्सप्रेसवे नशे के इस अवैध कारोबार के लिए अनुकूल परिस्थितियां पैदा करते हैं।
ऐसे में नशे के काले कारोबार और नशा माफियाओं के खिलाफ कार्रवाई करना पुलिस कमिश्नर जे. रविंद्र गौड़ के लिए कोई नई चुनौती नहीं है। गाजियाबाद में वह इस दिशा में अपनी कार्यशैली और प्राथमिकताओं का परिचय दे चुके हैं। हालांकि, गौतम बुद्ध नगर का सामाजिक, भौगोलिक और आर्थिक परिवेश अलग है। यहां शिक्षण संस्थानों, औद्योगिक गतिविधियों, निर्माण परियोजनाओं और अंतरराष्ट्रीय संपर्कों का व्यापक दायरा है। ऐसे में चुनौती केवल नशा तस्करों को गिरफ्तार करने तक सीमित नहीं होगी, बल्कि इस पूरे नेटवर्क की जड़ों तक पहुंचकर उसे ध्वस्त करना भी जरूरी होगा।
अब देखना यह है कि गाजियाबाद में शुरू हुई नशे के खिलाफ कार्रवाई की कहानी गौतम बुद्ध नगर में किस मुकाम तक पहुंचती है और क्या जे. रविंद्र गौड़ यहां नशे के इस संगठित कारोबार पर निर्णायक प्रहार कर पाते हैं?





