यूपी पुलिस में बड़ा फेरबदल: लक्ष्मी सिंह गाजियाबाद तो जे. रविन्द्र गौड़ को गौतमबुद्धनगर की कमान, 28 आईपीएस अधिकारियों के तबादले

Panchayat 24 (लखनऊ) : उत्तर प्रदेश सरकार ने शुक्रवार को पुलिस प्रशासन में बड़ा फेरबदल करते हुए 28 आईपीएस अधिकारियों के तबादले कर दिए। इस फेरबदल में सबसे अधिक चर्चा राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) के दो महत्वपूर्ण पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर और गाजियाबाद को लेकर है। गौतमबुद्धनगर की पुलिस आयुक्त लक्ष्मी सिंह को गाजियाबाद भेजा गया है, जबकि गाजियाबाद के पुलिस आयुक्त जे. रविन्द्र गौड़ को गौतमबुद्धनगर की कमान सौंपी गई है। दोनों अधिकारियों की अदला-बदली को एनसीआर की कानून-व्यवस्था के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
लक्ष्मी सिंह: इंजीनियरिंग की पढ़ाई से आईपीएस तक का सफर
लक्ष्मी सिंह 2000 बैच की आईपीएस अधिकारी है। वह मूलरूप से लखनऊ की रहने वाली है। उन्होंने मैकेनिकल इंजीनियरिंग में बीटेक और समाजशास्त्र में एमए किया है। वर्तमान में उनकी रैंक एडीजी है।
लक्ष्मी सिंह उत्तर प्रदेश की पहली महिला पुलिस आयुक्त बनने का गौरव हासिल कर चुकी हैं। उन्होंने वर्ष 2000 में आईपीएस सेवा शुरू की। यूपीएससी परीक्षा में 33वीं रैंक हासिल करने के साथ पुलिस अकादमी में सर्वश्रेष्ठ प्रशिक्षु अधिकारी चुनी गईं। प्रशिक्षण के दौरान उन्हें प्रधानमंत्री की सिल्वर बैटन और केंद्रीय गृह मंत्री की पिस्टल से सम्मानित किया गया। फर्रुखाबाद, बुलंदशहर सहित विभिन्न जिलों में पुलिस अधीक्षक, मेरठ रेंज में डीआईजी तथा एसटीएफ और लखनऊ रेंज में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभाल चुकी हैं।
30 नवंबर 2022 को उन्होंने गौतमबुद्धनगर पुलिस कमिश्नरेट की कमान संभाली थी। उनके कार्यकाल में महिला सुरक्षा के लिए पिंक बूथ, मिशन शक्ति, साइबर अपराध नियंत्रण, संगठित अपराध के विरुद्ध कार्रवाई और पुलिस व्यवस्था में तकनीक के इस्तेमाल को प्राथमिकता मिली। जिले के 26 थानों में वीडियो वॉल और निगरानी व्यवस्था का विस्तार भी इसी अवधि की महत्वपूर्ण पहल रही। नवंबर 2026 में उनका कार्यकाल तीन वर्ष, 11 महीने से अधिक हो चुका था। इस अवधि के साथ वह देश में जिला स्तरीय पुलिस कमिश्नरेट का नेतृत्व करने वाली सबसे लंबे समय तक कार्यरत महिला पुलिस आयुक्त बनीं।
हालांकि उनके कार्यकाल की चुनौतियां भी कम नहीं रहीं। साइबर ठगी, ड्रग्स माफिया, यातायात अव्यवस्था, तेजी से बढ़ती आबादी, औद्योगिक क्षेत्रों की सुरक्षा और पुलिसकर्मियों की जवाबदेही लगातार चुनौती बनी रही। अब गाजियाबाद में उन्हें संगठित अपराध, दिल्ली से सटे सीमावर्ती क्षेत्रों, लोनी, साहिबाबाद और ट्रांस हिंडन की कानून-व्यवस्था संभालनी होगी। वह गाजियाबाद की पहली महिला पुलिस आयुक्त भी होंगी।
जे. रविन्द्र गौड़: तेलंगाना से यूपी पुलिस के महत्वपूर्ण पद तक
वह 2005 बैच के आईपीएस अधिकारी है। वह मूल रूप से तेलांगना के महबूबनगर के रहने वाले है। उन्होने लोक प्रशासन में परास्नातक की शिक्षा प्राप्त की है। वर्तमान में उनकी रैंक आईजी है।
जे. रविन्द्र गौड़ 2005 बैच के उत्तर प्रदेश कैडर के आईपीएस अधिकारी हैं। उनका जन्म 1 दिसंबर 1973 को हुआ। पुलिस सेवा में उन्होंने विभिन्न जिलों और महत्वपूर्ण इकाइयों में जिम्मेदारी निभाई। आगरा के पुलिस आयुक्त रहने के बाद अप्रैल 2025 में गाजियाबाद पुलिस कमिश्नर बनाए गए। उन्हें 2019, 2021 और 2024 में पुलिस महानिदेशक के प्रशस्ति पदक (सिल्वर, गोल्ड और प्लेटिनम) मिले।
गाजियाबाद में उनके एक वर्ष के कार्यकाल के दौरान पुलिस द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार गैंगस्टर एक्ट के तहत 67 कार्रवाइयों में 290 अभियुक्त चिह्नित किए गए और 7.95 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति जब्त की गई। एनडीपीएस के तहत 16 हजार किलोग्राम से अधिक मादक पदार्थ बरामद किए गए। मुठभेड़ों में 249 अपराधियों की गिरफ्तारी और छह अपराधियों के मारे जाने की जानकारी भी उन्होंने साझा की थी। थानों के आधुनिकीकरण, नए थानों की स्वीकृति और साइबर अपराध नियंत्रण पर भी काम हुआ।
अब गौतमबुद्धनगर में उनके सामने औद्योगिक सुरक्षा, साइबर अपराध, ड्रग्स माफिया, बिल्डर-निवेशक विवाद, यातायात प्रबंधन और जेवर एयरपोर्ट से जुड़े सुरक्षा इंतजाम बड़ी चुनौती होंगे। लक्ष्मी सिंह के लगभग चार वर्ष के कार्यकाल के बाद उन्हें यहां की पुलिस व्यवस्था को आगे बढ़ाना होगा।
अन्य महत्वपूर्ण तबादले
इस फेरबदल में वाराणसी के पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल को प्रयागराज और प्रयागराज के पुलिस आयुक्त पीयूष मोर्डिया को एडीजी स्थापना, लखनऊ बनाया गया है। किरण एस को वाराणसी का पुलिस आयुक्त नियुक्त किया गया है। रमित शर्मा को बरेली से लखनऊ जोन तथा प्रवीण कुमार को लखनऊ से बरेली जोन भेजा गया है। डीआईजी प्रभाकर चौधरी को लखनऊ रेंज, अभिषेक सिंह को आगरा और शैलेश कुमार पांडेय को अलीगढ़ रेंज की जिम्मेदारी मिली है। डॉ. गौरव ग्रोवर और सतपाल की अयोध्या-मुरादाबाद में अदला-बदली हुई है।
गौतमबुद्धनगर की डीसीपी सुनीति को पुलिस महानिदेशक मुख्यालय में एसपी और डीसीपी प्रीति यादव को 15वीं वाहिनी पीएसी, आगरा का सेनानायक बनाया गया है। कानपुर के डीसीपी दिनेश त्रिपाठी को प्रयागराज और प्रयागराज के डीसीपी कुलदीप सिंह गुनावत को कानपुर भेजा गया है। इसके अतिरिक्त पीएसी, पुलिस प्रशिक्षण संस्थानों, ईओडब्ल्यू, जीआरपी और अभिसूचना इकाइयों में भी बदलाव किए गए हैं। तीन अधिकारियों के पूर्व स्थानांतरण आदेश निरस्त कर नई तैनाती दी गई है।
तबादलों की सूची :-


तबादले से ज्यादा महत्वपूर्ण होगी परिणामों की कसौटी
आगामी साल 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले पुलिस नेतृत्व में यह बदलाव प्रशासनिक दृष्टि से महत्वपूर्ण है। अब लक्ष्मी सिंह को गाजियाबाद और रविन्द्र गौड़ को गौतमबुद्धनगर में अपने अनुभव और कार्यशैली के आधार पर परिणाम देने होंगे। अंततः किसी पुलिस आयुक्त की सफलता का वास्तविक पैमाना पदक और गिरफ्तारियां नहीं, बल्कि अपराध में कमी, नागरिकों की सुरक्षा और पुलिस व्यवस्था में जनता का विश्वास होगा।





