गाज़ियाबाद

गाजियाबाद बना उत्तर प्रदेश का पहला नगर निगम, स्ट्रीट डॉग्स में माइक्रोचिप लगाने का अभियान शुरू

Panchayat 24 (गाजियाबाद) : शहर में स्ट्रीट डॉग्स की पहचान, निगरानी और रेबीज नियंत्रण को अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में गाजियाबाद नगर निगम ने एक महत्वपूर्ण पहल की है। नगर निगम ने स्ट्रीट डॉग्स में माइक्रोचिप लगाने का अभियान शुरू कर दिया है। इसके साथ ही गाजियाबाद, उत्तर प्रदेश का पहला नगर निगम बन गया है जिसने इस तरह की आधुनिक तकनीक को अपनाते हुए बड़े स्तर पर यह अभियान प्रारंभ किया है।

नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक के निर्देश पर शुरू किए गए इस अभियान के प्रथम चरण में विजयनगर जोन के वार्ड संख्या-1 तथा वसुंधरा जोन के वार्ड संख्या-100 में स्ट्रीट डॉग्स को माइक्रोचिप लगाने का कार्य किया जा रहा है। नगर निगम का लक्ष्य इस अभियान को चरणबद्ध तरीके से शहर के सभी वार्डों तक पहुंचाना है।

उप मुख्य पशु चिकित्सा एवं कल्याण अधिकारी डॉ. अनुज ने बताया कि अब तक शहर के लगभग 48 हजार स्ट्रीट डॉग्स का बधियाकरण l तथा रेबीज टीकाकरण सफलतापूर्वक किया जा चुका है। इसी अभियान को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए अब प्रत्येक उपचारित श्वान में माइक्रोचिप लगाई जा रही है, जिससे उनकी पहचान, चिकित्सा संबंधी रिकॉर्ड और निगरानी आसान हो सकेगी।

उन्होंने बताया कि अभियान में जनप्रतिनिधियों और विभिन्न आरडब्ल्यूए का भी सक्रिय सहयोग मिल रहा है। स्थानीय नागरिकों की भागीदारी से माइक्रोचिप लगाने की प्रक्रिया तेज गति से आगे बढ़ रही है। नगर निगम का उद्देश्य गाजियाबाद को रेबीज मुक्त शहर बनाना है।

नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने कहा कि माइक्रोचिप लगाने का अभियान लगातार वार्डवार संचालित किया जाएगा। इसकी नियमित मॉनिटरिंग के लिए पशु चिकित्सा एवं कल्याण अधिकारी डॉ. आशीष त्रिपाठी को विशेष निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने यह भी बताया कि निराश्रित श्वानों के बेहतर संरक्षण और प्रबंधन के लिए नगर निगम शेल्टर होम विकसित करने की दिशा में भी तेजी से कार्य कर रहा है।

गाजियाबाद नगर निगम की यह पहल न केवल पशु कल्याण बल्कि सार्वजनिक स्वास्थ्य और शहरी प्रबंधन की दृष्टि से भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है। माइक्रोचिपिंग से स्ट्रीट डॉग्स की पहचान, रेबीज टीकाकरण की निगरानी और जनसंख्या नियंत्रण कार्यक्रम को अधिक वैज्ञानिक एवं पारदर्शी बनाया जा सकेगा।

Related Articles

Back to top button