जेवर विधानसभायमुना प्राधिकरण

नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से आज उड़ान सेवाओं का आगाज, विकास के नए दौर में प्रवेश करेगा पश्चिमी उत्तर प्रदेश

Panchayat 24 (ग्रेटर नोएडा) : लंबे इंतजार के बाद वह क्षण आ गया है, जिसका पश्चिमी उत्तर प्रदेश के लाखों लोगों को बेसब्री से इंतजार था। जेवर स्थित नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट सोमवार से नियमित वाणिज्यिक उड़ान सेवाओं की शुरुआत करने जा रहा है। एयरपोर्ट पर पहली यात्री उड़ान सुबह 8:05 बजे लखनऊ से पहुंचेगी, जबकि यहां से पहली उड़ान सुबह 8:35 बजे बेंगलुरु के लिए रवाना होगी।

इस ऐतिहासिक अवसर को यादगार बनाने के लिए एयरपोर्ट परियोजना के लिए भूमि उपलब्ध कराने वाले 170 किसान और श्रमिक भी विशेष रूप से शामिल होंगे। इनमें 20 महिलाएं भी होंगी। ये सभी पहली उड़ान के माध्यम से लखनऊ जाएंगे और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से भेंट कर परियोजना को साकार करने में उनके योगदान के लिए धन्यवाद ज्ञापित करेंगे।

पहले दिन कई प्रमुख शहरों से जुड़ेगा एयरपोर्ट

वाणिज्यिक संचालन के पहले दिन नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से लखनऊ, बेंगलुरु, हैदराबाद और अमृतसर के लिए उड़ानों का संचालन किया जाएगा। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार आज सुबह (सोमवार) लखनऊ से आने वाला विमान एयरपोर्ट पर उतरेगा। इसके बाद सुबह 8:35 बजे बेंगलुरु के लिए पहली उड़ान प्रस्थान करेगी। इसी समय हैदराबाद से आने वाली उड़ान भी एयरपोर्ट पहुंचेगी।

सुबह 10:10 बजे अमृतसर के लिए विमान रवाना होगा, जबकि दोपहर 1:20 बजे अमृतसर से आने वाली फ्लाइट नोएडा पहुंचेगी। दोपहर 2:50 बजे हैदराबाद के लिए उड़ान संचालित होगी और दिन की अंतिम निर्धारित सेवा शाम 6:55 बजे लखनऊ के लिए रवाना होगी।

विशिष्ट अतिथियों की मौजूदगी में होगा स्वागत समारोह

एयरपोर्ट पर पहली यात्री उड़ान के स्वागत को लेकर विशेष तैयारियां की गई हैं। उत्तर प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना, प्रदेश के मुख्य सचिव मनोज कुमार सिंह सहित कई वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी इस अवसर पर मौजूद रहेंगे। इसके अलावा गौतमबुद्ध नगर और आसपास के क्षेत्रों के लगभग 75 प्रमुख उद्योगपति एवं कारोबारी भी इस ऐतिहासिक पल के साक्षी बनेंगे। आगंतुक यात्रियों का भारतीय परंपरा के अनुरूप भव्य स्वागत किया जाएगा।

11,200 करोड़ रुपये की लागत से साकार हुई महत्वाकांक्षी परियोजना

नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट देश की सबसे बड़ी ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट परियोजनाओं में शामिल है। सार्वजनिक-निजी भागीदारी (पीपीपी) मॉडल पर विकसित इस परियोजना के पहले चरण में लगभग 11,200 करोड़ रुपये का निवेश किया गया है। प्रारंभिक चरण में यह एयरपोर्ट हर वर्ष करीब 1.2 करोड़ यात्रियों को सेवाएं देने की क्षमता रखता है। आगामी वर्षों में इसके विस्तार के साथ यह क्षमता और बढ़ेगी।

प्रधानमंत्री ने मार्च में किया था लोकार्पण

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बीते 28 मार्च को नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का उद्घाटन किया था। उद्घाटन के बाद सुरक्षा परीक्षण, तकनीकी प्रक्रियाओं और अन्य आवश्यक औपचारिकताओं को पूरा किया गया। अब एयरपोर्ट पूरी तरह संचालन के लिए तैयार है और सोमवार से यहां नियमित उड़ान सेवाएं शुरू हो रही हैं।

यात्रियों को मिलेगी बेहतर कनेक्टिविटी

एयरपोर्ट तक पहुंच को सुगम बनाने के लिए इलेक्ट्रिक बस, टैक्सी और कैब सेवाओं की भी व्यवस्था की गई है। प्रदेश सरकार ने एयरपोर्ट को दिल्ली-एनसीआर और उत्तर प्रदेश के विभिन्न शहरों से जोड़ने के लिए विशेष परिवहन सुविधाएं उपलब्ध कराई हैं, जिससे यात्रियों को आवागमन में किसी प्रकार की असुविधा न हो।

किसानों के सपनों को भी मिलेगी नई उड़ान

नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का संचालन शुरू होना केवल एक नई हवाई सेवा का शुभारंभ नहीं है, बल्कि उन किसानों और ग्रामीण परिवारों के योगदान का सम्मान भी है, जिन्होंने अपनी जमीन देकर इस महत्वाकांक्षी परियोजना को आकार दिया। एयरपोर्ट का शुभारंभ क्षेत्र में निवेश, रोजगार, व्यापार और पर्यटन की संभावनाओं को नई गति देगा तथा पश्चिमी उत्तर प्रदेश को वैश्विक संपर्क के एक महत्वपूर्ण केंद्र के रूप में स्थापित करेगा।

Noida International Airport Launches Commercial Flights, Marking a New Era for Western Uttar Pradesh

Related Articles

Back to top button