मुठभेड़ के बाद सुन्दर भाटी गैंग के दो बदमाश गिरफ्तार, अवैध हथियार बरामद

Panchayat 24: गौतमबुद्ध नगर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। थाना इकोटेक प्रथम पुलिस और अपराध शाखा की संयुक्त टीम ने रविवार रात मुठभेड़ के दौरान कुख्यात सुन्दर भाटी गैंग के दो सक्रिय सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से अवैध हथियार और कारतूस भी बरामद किए हैं।
एडीसीपी ग्रेटर नोएडा के अनुसार 15 मार्च की रात पुलिस को सूचना मिली कि सुन्दर भाटी गैंग के दो सदस्य किसी वारदात को अंजाम देने की फिराक में यमुना पुस्ता स्थित ग्राम घरबरा के पास मौजूद हैं। सूचना मिलते ही थाना इकोटेक प्रथम और अपराध शाखा की टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की।
इस दौरान पुलिस को देखते ही दोनों बदमाशों ने भागने का प्रयास किया और गिरफ्तारी से बचने के लिए पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने भी आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसके बाद दोनों आरोपियों को दबोच लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान धर्मेन्द्र उर्फ डीके (32 वर्ष) निवासी कमबक्शपुर, थाना नॉलेज पार्क तथा अर्जुन (28 वर्ष) निवासी पटपड़गंज, दिल्ली के रूप में हुई है।
तलाशी के दौरान धर्मेन्द्र के कब्जे से .32 बोर की अवैध पिस्टल, दो जिंदा कारतूस और दो खोखा कारतूस बरामद हुए, जबकि अर्जुन के पास से .315 बोर का तमंचा, एक जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद किया गया। पुलिस के अनुसार दोनों आरोपियों ने मुठभेड़ के दौरान इन्हीं हथियारों से फायरिंग की थी।
पुलिस जांच में सामने आया है कि धर्मेन्द्र के खिलाफ पहले भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं, जिनमें आर्म्स एक्ट से जुड़े मामले शामिल हैं। दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना इकोटेक प्रथम में संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।



