शर्मनाक : बिसरख पुलिस पर महिला ने लगाया 50 हजार की रिश्वत मांगने का आरोप, महिला का वीडियो वायरल
Shameful: Woman accuses Bisrakh police of demanding 50 thousand bribe, woman's video goes viral
Panchayat24.com : सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है। वीडियो में एक महिला बिसरख पुलिस पर 50 हजार रूपये मांगने का आरोप लगाया है। मामला संज्ञान में आने पर आला अधिकारी मामले की जांच कर कार्रवाई की बात कह रहे हैं। मामला बिसरख कोतवाली पुलिस का है।
क्या है पूरा मामला ?
पुलिस के अनुसार बिसरख कोतवाली क्षेत्र के रोजा जलालपुर गांव की एक दम्पत्ति दिल्ली में रहते थे। हाल ही में पति पत्नी गांव में आकर रह रहे थे। कुछ दिनों से दोनों के बीच मतभेद चल रहे थे। रविवार की शाम महिला के ससुराल पक्ष के लोग उसके घर पहुंच गए। दोनों पक्षों के लोगोंने बातचीत कर मामले को सुलझाने का प्रयास किया। लेकिन इसी बीच दोनों पक्षों में कहासुनी और फिर मारपीट शुरू हो गई। दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंच गई। दोनों पक्ष पुलिस के सामने भी आपस में भिड़ गए। इसके बाद पुलिस ने दोनों पक्षों के 6 लोगों को हिरासत में लेकर थाने ले आई। इसके बाद वायरल वीडियो में दिख रही महिला ने पुलिस हिरासत में लिए गए थाने पहुंच गई। पुलिस के अनुसार महिला अपने बहनोई को छुड़ाने का दबाव बनाया। जबकि पुलिस ने एक पक्ष के अनमोल,विशाल और विकास, जबकि दूसरे पक्ष के अंकुश, आकाश और एक अन्य अनिल के खिलाफ शांति भंग की कार्रवाई की। इस सारे प्रकरण में ही महिला ने अपने पक्ष के लोगों को छोड़ने की एवज में पुलिस पर 50 हजार रूपये मांगने का आरोप लगाते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल किया है।
इस संबंध में एसीपी योगेन्द्र सिंह का कहना है कि दोनों पक्षों के बीच हुई मारपीट की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। पुलिस के सामने भी दोनों पक्ष आपस में भिड़ गए जिसके बाद दोनों ही पक्षों के लोगों को थाने लाया गया। महिला अपने पक्ष के लोगों को छुड़ाने के लिए अनावश्यक दबाव बना रही थी। पुलिस द्वारा इंकार किए जाने पर महिला ने वीडियो बनाकर टिवटर पर पोस्ट कर दिया। बाद में महिला से पूछताछ में खुद महिला ने कहा कि उससे पुलिसकर्मियों ने कहा था कि या तो सुधर जाओ। वरना कोर्ट के चक्कर लगाने पड़ेंगे और 50 हजार रूपये खर्च होंगे तब तुम लोगों का दिमाग ठिकाने आएगा। पुलिसकर्मी के इसी कथन को महिला रिश्वत मांगना बता रही है। बहरहाल, पुलिस महिला के आरोप की भी जांच कर रही है।