ग्रेटर नोएडा जोन

गर्ल्स हॉस्टल में सिक्योरिटी गार्ड ने लगाई छलांग, मौत

Panchayat 24 (ग्रेटर नोएडा) : ग्रेटर नोएडा के नॉलेज पार्क क्षेत्र स्थित एक गर्ल्स हॉस्टल में शनिवार को एक महिला द्वारा भवन से कूदकर आत्महत्या किए जाने का मामला सामने आया है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल युवती को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मामला नॉलेज पार्क कोतवाली क्षेत्र का है।


पुलिस के अनुसार मृतका की पहचान पारुल (19 वर्ष) पत्नी सौरभ चौधरी निवासी गांव बाफर, जनपद मेरठ के रूप में हुई है। वह संबंधित हॉस्टल में सिक्योरिटी गार्ड के रूप में कार्यरत थी।
प्रारंभिक जांच में मामला पति-पत्नी के बीच चल रहे पारिवारिक विवाद से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया युवती द्वारा आत्महत्या किए जाने की आशंका है। हालांकि घटना के सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है।
घटना की जानकारी मिलने पर मृतका के परिजन भी मौके पर पहुंच गए। पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया तथा आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए। शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।


पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट एवं अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। मामले की जांच जारी है।

Related Articles

Back to top button