दादरी विधानसभा

पेपर लीक और परीक्षा अव्यवस्थाओं से युवाओं का भविष्य दांव पर, शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग

राहुल गांधी के ‘छात्र संवाद’ के मुद्दों पर गौतमबुद्ध नगर कांग्रेस की प्रेस वार्ता

Panchayat 24  (दादरी विधानसभा) :  देश में लगातार सामने आ रही पेपर लीक की घटनाओं, भर्ती परीक्षाओं में देरी, परीक्षा एजेंसियों की जवाबदेही के अभाव और युवाओं में बढ़ती निराशा को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी गौतमबुद्ध नगर ने मंगलवार को ग्रेटर नोएडा वेस्ट (बिसरख) स्थित जिला कांग्रेस कार्यालय में पत्रकार वार्ता आयोजित कर केंद्र सरकार और शिक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाए।

जिला कांग्रेस अध्यक्ष दीपक भाटी चोटीवाला ने कहा कि नीट सहित कई प्रतियोगी परीक्षाओं में अनियमितताओं ने करोड़ों छात्रों का भरोसा तोड़ा है और लाखों युवाओं के भविष्य को संकट में डाल दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि इन गंभीर मुद्दों पर केंद्र सरकार की चुप्पी व्यवस्था की खामियों और जिम्मेदारी से पीछे हटने का संकेत देती है।

उन्होंने बताया कि राजस्थान के कोटा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने हजारों छात्रों से संवाद कर उनकी पीड़ा, चिंताओं और भविष्य से जुड़े सवालों को सुना तथा निष्पक्ष और पारदर्शी परीक्षा व्यवस्था को राष्ट्रीय मुद्दा बनाने का संकल्प लिया है। राहुल गांधी का मानना है कि शिक्षा और रोजगार के प्रश्न राजनीति से ऊपर हैं और युवाओं को भरोसेमंद परीक्षा प्रणाली उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उनका अगला छात्र संवाद कार्यक्रम जुलाई में प्रयागराज में प्रस्तावित है।

प्रेस वार्ता में प्रस्तुति के माध्यम से पेपर लीक, भर्ती परीक्षाओं में विलंब, बढ़ती बेरोजगारी और निराशा के कारण युवाओं में आत्महत्या की बढ़ती प्रवृत्ति पर भी चिंता व्यक्त की गई। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि वर्षों की मेहनत के बाद भी यदि विद्यार्थियों को निष्पक्ष अवसर नहीं मिलता, तो उनमें हताशा और व्यवस्था के प्रति अविश्वास पैदा होना स्वाभाविक है।

कांग्रेस ने परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता, जवाबदेही और समयबद्धता सुनिश्चित करने की मांग करते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की भी मांग की। पार्टी नेताओं ने कहा कि छात्र हितों के लिए उठाए गए राहुल गांधी के मुद्दे आज देश के हर विद्यार्थी की आवाज बन चुके हैं और कांग्रेस इस संघर्ष में युवाओं के साथ मजबूती से खड़ी रहेगी।

प्रेस वार्ता में दुष्यंत नागर, मुकेश शर्मा, गौतम अवाना, महाराज सिंह नागर, सूबेदार सतपाल सिंह, निशा शर्मा, नीरज लोहिया, धर्मवीर प्रधान, सुरेंद्र प्रताप सिंह, सतीश शर्मा, धर्म सिंह, मेहकर सिंह, आर.के. प्रथम, रमेश यादव, सुबोध भट्ट, तनवीर, बिन्नू भाटी, नितीश चौधरी, सचिन शर्मा, विपिन त्यागी, दयानंद नागर, प्रिंस भाटी, गजन प्रधान, धीरे सिंह, रमेश जीनवाल, ओमकार राणा, जतन सिन्हा, ओमप्रकाश, विजयपाल सिंह, प्रियंका सिन्हा, संजय भाटी सहित अनेक कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

#RahulGandhi #StudentDialogue #PaperLeak #ExamReforms #EducationCrisis

Related Articles

Back to top button