ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण

बिसरख के डूब क्षेत्र में गरजा ग्रेटर नोएडा औद्योगिक विकास प्राधिकरण का बुलडोजर, 12 हजार वर्ग मीटर जमीन कराई अतिक्रमण मुक्त

अवैध कॉलोनी बसाने के लिए की जा रही थी प्लॉटिंग, बाउंड्रीवाल बनाकर कब्जे की कोशिश; प्राधिकरण ने दी दोबारा निर्माण करने पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी

Panchayat 24 (ग्रेटर नोएडा) : ग्रेटर नोएडा में अवैध कॉलोनियां बसाने और प्राधिकरण की अधिसूचित जमीन पर कब्जा करने वाले कालोनाइजरों के खिलाफ ग्रेटर नोएडा औद्योगिक विकास प्राधिकरण ने कार्रवाई तेज कर दी है। शुक्रवार को प्राधिकरण की टीम ने बिसरख के डूब क्षेत्र में बुलडोजर चलाकर अवैध निर्माण ध्वस्त कराए और करीब 12 हजार वर्ग मीटर जमीन को अतिक्रमण मुक्त करा लिया। यहां कालोनाइजर बाउंड्रीवाल बनाकर अवैध प्लॉटिंग करने की तैयारी में थे।

ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के सीईओ डॉ. बलकार सिंह के निर्देश पर की गई इस कार्रवाई में अवैध कब्जे और निर्माण को हटाकर जमीन को अपने नियंत्रण में लिया गया। प्राधिकरण की इस कार्रवाई से उन लोगों को भी स्पष्ट संदेश देने की कोशिश की गई है, जो डूब क्षेत्र और अधिसूचित जमीन पर अवैध कॉलोनियां विकसित कर लोगों की गाढ़ी कमाई दांव पर लगा रहे हैं।

प्राधिकरण के वर्क सर्किल-3 की टीम ने शुक्रवार को बिसरख के डूब क्षेत्र में खसरा संख्या 341 और 357 की जमीन पर अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाया। वरिष्ठ प्रबंधक प्रभात शंकर, प्रबंधक प्रशांत समाधिया और उनकी टीम ने मौके पर पहुंचकर अवैध रूप से बनाई जा रही बाउंड्रीवाल और अन्य निर्माणों को बुलडोजर से ध्वस्त करा दिया। कार्रवाई के दौरान लगभग 12 हजार वर्ग मीटर जमीन को अतिक्रमण से मुक्त कराया गया। अवैध कॉलोनी विकसित करने में जुटे कालोनाइजरों को चेतावनी दी गई कि दोबारा निर्माण या कब्जे का प्रयास करने पर उनके खिलाफ और कठोर कार्रवाई की जाएगी।

अवैध कॉलोनियों में निवेश से बचें लोग

ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के एसीईओ सुमित यादव ने स्पष्ट किया है कि प्राधिकरण के अधिसूचित क्षेत्र में किसी भी व्यक्ति को अवैध निर्माण या कब्जा करने की अनुमति नहीं है। ऐसे मामलों में प्राधिकरण की ओर से सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने आम लोगों से अपील की कि ग्रेटर नोएडा क्षेत्र में कहीं भी जमीन खरीदने से पहले प्राधिकरण से संपर्क कर उसकी वास्तविक स्थिति और वैधानिकता की जानकारी अवश्य प्राप्त करें। बिना जांच-पड़ताल के अवैध कॉलोनियों में अपनी जीवनभर की कमाई निवेश न करें।

अधिसूचित जमीन पर कब्जा करने वालों को चेतावनी

सीईओ डॉ. बलकार सिंह ने प्राधिकरण के अधिकारियों को अधिसूचित क्षेत्र में अवैध कब्जों और निर्माण के खिलाफ लगातार अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं। इसी क्रम में प्राधिकरण की टीमें अलग-अलग क्षेत्रों में जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराने की कार्रवाई कर रही हैं।

दरअसल, डूब क्षेत्र में अवैध प्लॉटिंग और निर्माण केवल जमीन पर कब्जे का मामला नहीं है, बल्कि यह भविष्य में खरीदारों के लिए गंभीर आर्थिक और कानूनी परेशानी का कारण भी बन सकता है। ऐसे क्षेत्रों में बिना वैधानिक अनुमति विकसित की जा रही कॉलोनियों में भूखंड खरीदने वाले लोग बाद में न तो निर्माण को नियमित करा पाते हैं और न ही उनके निवेश की सुरक्षा सुनिश्चित होती है।

बिसरख में हुई कार्रवाई के बाद अब निगाह इस बात पर भी रहेगी कि अतिक्रमण मुक्त कराई गई जमीन पर दोबारा कब्जा न हो और अवैध कॉलोनी विकसित करने वाले लोगों के खिलाफ आगे भी प्रभावी कार्रवाई जारी रहे। प्राधिकरण के लिए चुनौती सिर्फ बुलडोजर चलाकर जमीन खाली कराना नहीं, बल्कि उसे भविष्य में भी अतिक्रमण से सुरक्षित रखना है।

Related Articles

Back to top button