निक्की हत्याकांड़ ! पल्ला गांव की एंट्री से दो पक्षों के बीच का मामला बना त्रिकोण, सोशल मीडिया पर बंटा समाज
Nikki murder case! The matter between two parties became a triangle due to the entry of Palla village, society divided on social media

Panchayat 24 : निक्की हत्याकांड में निक्की के ससुराल (कासना कोतवाली क्षेत्र का सिरसा गांव) और मायके (दादरी कोतवाली क्षेत्र का रूपवास गांव) के लोग अतिवादी रूख अपनाए हुए हैं। सोशल मीडिया पर भी यह प्रकरण जमकर वायरल हो रहा है। दोनों पक्ष के समर्थक अपने पक्ष के पक्ष में तरह तरह के वीडियो और बयान जारी कर दूसरे पक्ष की बातों को झूठा साबित करने का प्रयास कर रहे हैं। सोशल मीडिया पर समाज पूरी तरह बंटा हुआ नजर आ रहा है। वहीं, अभी तक केवल सिरसा और रूपवास गांव के दो पक्षों से जुड़ा प्रतीत हो रहे इस प्रकरण में पल्ला गांव की एंट्री के बाद मामला त्रिकोण में बदल गया है।
दरअसल, रूपवास गांव निवासी भिकारी सिंह के बेटे रोहित की शादी साल 2016 में पल्ला गांव की मीनाक्षी से हुई थी। कुछ महीने बाद उन्होंने अपनी दोनों बेटियों कंचन और निक्की की शादी सिरसा गांव निवासी रोहित भाटी और विपिन भाटी संग की थी। निक्की हत्याकांड़ का सोशल मीडिया ट्रायल शुरू होते ही इस मामले के अनछुए पहलू भी सामने आने लगे। इनमें निक्की के ससुराल पक्ष के लोगों द्वारा दहेज में 35 लाख रूपयों की मांग करना, दहेज की मांग के लिए निक्की एवं कंचन से मारपीट किया जाना, निक्की और कांचन का का सोशल मीडिया पर रील बनाना, विपिन का अन्य महिलाओं संग नाम जुड़ना और उस पर अपराधिक मामले दर्ज होना आदि प्रमुख हैं। मीडिया में छपने के बाद इन मामलों पर जमकर चर्चा हो रही है।
अचानक ही प्रकरण में पल्ला गांव की भी एंट्री हो चुकी है। दरअसल, भिकारी सिंह के बेटे रोहित पर भी अपनी पत्नी मीनाक्षी से मारपीट करने और दहेज की मांग करने का आरोप है। मीनाक्षी के मामा का आरोप है कि निक्की के भाई रोहित पायला के किसी दूसरी महिला से संबंध थे। मीनाक्षी ने स्वयं मीडिया के सामने आकर अपने साथ ससुराल में हुए अत्याचार की कहानी बताई है। मीनाक्षी ने ससुराल पक्ष पर झूठ बोलकर गलत दवाई खिलाकर गर्भपात कराने का भी आरोप लगाया है। निक्की और कंचन पर भी अपनी भाभी मीनाक्षी से मारपीट करने का आरोप लगाया है। मीनाक्षी के साथ ससुराल पक्ष में हुई मारपीट को लेकर कई बार सामाजिक स्तर पर संबंधों को सामान्य करने के प्रयास भी हुए लेकिन परिणाम शुन्य रहे। मीनाक्षी और उनके मामा का कहना है कि रोहित पायला ने मीनाक्षी के भाई दीपक और अरूण पर पंचायत के दौरान गोली भी चलाई थी।
सोशल मीडिया पर सनसनी बन चुके निक्की प्रकरण में पिता भिकारी सिंह अपनी बेटी के लिए शासन और प्रशासन से न्याय की गुहार लगा रहे हैं। वहीं, उनकी पुत्रवधु के मामा महेश नागर ने भी मीडिया के सामने आकर अपनी भांजी मीनाक्षी के लिए उसी भाषा में न्याय की मांग की है जिस तरह से भिकारी सिंह अपनी बेटी के लिए न्याय मांग रहे हैं। महेश नागर का कहना है कि यदि भिकारी सिंह का मानना है कि उनकी बेटी के साथ हुए अन्याय के लिए विपिन भाटी के घर पर बुलडोजर चलना चाहिए, तो उससे पहले हमे भी शासन और प्रशासन न्याय दिलाए और भिकारी सिंह के घर पर बुलडोजर चलाए। यहां तक की मीनाक्षी पक्ष के लोगों मीनाक्षी प्रकरण को दहेज से जुड़ा हुआ मानने से भी इंकार कर रहे हैं। निक्की प्रकरण में मीनाक्षी और उनके परिजनों की एंट्री के बाद जो नया परिदृश्य उभरा है, दोनों पक्ष उसको अपने हिसाब से ही परिभाषित कर रहे हैं।