भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र चौधरी कल खटाना-धीरखेड़ा गांव पहुंचेंगे, विकसित भारत संकल्प यात्रा में होंगे शामिल
BJP State President Bhupendra Chaudhary will reach Khatana-Dhirkheda village tomorrow, will participate in the Vikas Bharat Sankalp Yatra.

Panchayat 24 : भाजपा द्वारा चलाए जा रहे विकसित भारत संकल्प यात्रा के अन्तर्गत उत्तर प्रदेश भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र चौधरी बुधवार को दादरी विधानसभा के खटाना-धीरखेड़ा गांव पहुंचेंगे। पार्टी के वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता उनका लुहारली टोल प्लाजा पर दोपहर 3 बजे स्वागत करेंगे। खटाना पहुंचकर वह लोगों को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली केन्द्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के बारे में बताएंगे। केन्द्र और राज्य सरकारें किस तरह से समाज के सबसे निचले पायदान पर खड़े व्यक्ति को आगे बढ़ाने के लिए काम कर रही है ?
दरअसल, आगामी लोकसभा चुनावों को लेकर भाजपा जनता के बीच पहुंचकर केन्द्र सरकार की उपलब्धियों के बारे में लोगों को बताने की रणनीति पर काम कर रही है। पार्टी आगामी भविष्य में देश को विकसित बनाने के लिए अपने संकल्प को भी लोगों के सामने रखेंगी। इसके लिए भाजपा द्वारा विकसित भारत संकल्प यात्रा का आयोजन किया जा रहा है। यह यात्रा देश के सभी जिलों की सभी ग्राम पंचायत और शहरी निकायों में चलेगी। भाजपा की गौतम बुद्ध नगर द्वारा लगातार यात्रा के अन्तर्गत ग्राम पंचायतों, नगर पंचायतों और नगरपालिकाओं में कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। बीते 30 नवंबर को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादितय सिंधिया भी गौतम बुद्ध नगर में अलग अलग स्थानों पर आयोजित विकसित भारत यात्रा में शामिल हो चुके हैं। गौतम बुद्ध नगर भाजपा जिलाध्यक्ष गजेन्द्र मावी ने कहा कि विकसित भारत योजना के अन्तर्गत जिले में लगातार कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। निर्धारित समय तक जिले के हर गांव और शहर में विकसित भारत यात्रा के अन्तर्गत लोगों से संवाद पूर्ण कर लिया जाएगा।