ग्रेटर नोएडा जोनग्रेटर नोएडा प्राधिकरण

ददर्दनाक हादसा : 15 फीट गहरे गड्ढे में डूबने से छह वर्षीय बालक की मौत, ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण पर लापरवाही का आरोप

Panchayat 24 (ग्रेटर नोएडा) : ग्रेटर नोएडा में शनिवार शाम एक दर्दनाक हादसे ने निर्माण कार्यों के दौरान बरती जाने वाली सुरक्षा व्यवस्थाओं पर गंभीर प्रश्नचिह्न खड़े कर दिए। कलाधाम सोसाइटी के समीप बोरिंग कार्य के लिए खोदे गए लगभग 15 फीट गहरे गड्ढे में वर्षा का पानी भर जाने से छह वर्षीय बालक अव्यान सूर्या की डूबकर मृत्यु हो गई। स्थानीय लोगों ने इस हादसे के लिए संबंधित एजेंसियों की कथित लापरवाही को जिम्मेदार ठहराते हुए ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण पर सुरक्षा मानकों की अनदेखी का आरोप लगाया है।

जानकारी के अनुसार, मृतक व्यान केंद्रीय विद्यालय में उपप्रधानाचार्य के पद पर कार्यरत सीवान यादव का पुत्र था। शनिवार शाम वह अन्य बच्चों के साथ सोसाइटी के निकट खेल रहा था। खेलते-खेलते वह उस स्थान तक पहुंच गया, जहां बोरिंग कार्य के लिए गहरा गड्ढा खोदा गया था। गड्ढे में बारिश का पानी भरा हुआ था। इसी दौरान उसका संतुलन बिगड़ गया और वह गहरे पानी में जा गिरा।

बच्चों के शोर मचाने पर आसपास के लोग तत्काल घटनास्थल की ओर दौड़े और काफी प्रयासों के बाद मासूम को बाहर निकाला। उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने परीक्षण के उपरांत उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर नॉलेज पार्क थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

प्रत्यक्षदर्शियों और स्थानीय निवासियों का कहना है कि यह गड्ढा कई दिन पहले निर्माण कार्य के दौरान खोदा गया था। बावजूद इसके, उसके चारों ओर न तो सुरक्षा बैरिकेड लगाए गए थे और न ही किसी प्रकार का चेतावनी बोर्ड लगाया गया था। लोगों का आरोप है कि यदि समय रहते न्यूनतम सुरक्षा उपाय सुनिश्चित किए गए होते, तो यह दुर्घटना टाली जा सकती थी और एक मासूम की जान बचाई जा सकती थी।

पुलिस के अनुसार कि मृतक के परिजनों की लिखित शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच प्रारंभ कर दी गई है तथा उपलब्ध तथ्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Back to top button