दादरी विधानसभा

अभिषेक शर्मा बने गौतम बुद्ध नगर के नौवें जिलाध्‍यक्ष, महेश चौहान को मिली आठवें नोएडा महानगर अध्‍यक्ष की जिम्‍मेवारी

Abhishek Sharma became the ninth district president of Gautam Buddha Nagar, Mahesh Chauhan got the responsibility of the eighth Noida Metropolitan President

Panchayat 24 : उत्‍तर प्रदेश की राजनीति में बहुप्रतीक्षित घड़ी आखिकर आ ही गई। रविवार दोपहर लगभग तीन बजे भाजपा जिलाध्‍यक्षों के नामों की घोषणा कर दी गई। गौतम बुद्ध नगर जिला भाजपा कार्यालय में गौतम बुद्ध नगर और नोएडा महानगर जिलाध्‍यक्षों के नामों की घोषणा की गई। गौतम बुद्ध नगर में भाजपा जिलाध्‍यक्ष के दसवें कार्यकाल के रूप में  अभिषेक शर्मा को नौवां जिलाध्‍यक्ष चुना गया। वहीं, महेश चौहान को नोएडा महानगर के आठवें जिलाध्‍यक्ष अध्‍यक्ष के रूप में जिम्‍मेवारी मिली है। इस मौके पर चुनाव अधिकारी श्री शिवहरे और चुनाव पर्यवेक्षक के रूप में मेरठ के सांसद राजेन्‍द्र अग्रवाल सहित जेवर विधायक धीरेन्‍द्र सिंह, दादरी विधायक तेजपाल सिंह नागर और जिला पंचायत अध्‍यक्ष अमित चौधरी सहित सैकड़ों पार्टी कार्यकर्ता शामिल रहे।

अभिषेक शर्मा का संघ से रहा है पुराना रिश्‍ता

अभिषेक शर्मा का परिवार मूलरूप से हापुड़ जिले की धौलाना तहसील के पारपा गांव का रहने वाला है। कई दशक पूर्व उनका परिवार दादरी आया था। उनके दादा ओमप्रकाश शर्मा का नाम दादरी नगर के संभ्रांत लोगों में शुमार था। वह राष्‍ट्रीय सेवक संघ के समर्पित सदस्‍य थे। वह दादरी क्षेत्र में आरएसएस के प्रथम सदस्‍यों में से एक थे। अभिषेक शर्मा की प्राथमिक शिक्षा दादरी में ही हुई। हाई स्‍कूल तक की पढ़ाई दादरी स्थित मिहिर भोज इण्‍टर कॉलेज एवं बारहवीं की पढ़ाई बिसाहड़ा स्थित राणा संग्राम सिंह इण्‍टर कॉलेज से की। पढ़ाई के दौरान ही वह अखिल भारतीय विधार्थी परिषद से जुड़े रहे। इस दौरान उन्‍होंने एलएलबी की पढ़ाई भी पूरी की। गौतम बुद्ध नगर भाजपा में वह जिला मंत्री भी रहे है। वर्तमान में वह ग्रेटर नोएडा में निवास करते है।

विरोधी हवा में भाजपा के एकमात्र जिला पंचायत सदस्‍य रहे हैं महेश चौहान

वहीं, भाजपा नोएडा महानगर जिलाध्‍यक्ष बने महेश चौहान नोएडा के छलैरा गांव के रहने वाले हैं। उनके परिवार की कोई राजनीतिक पृष्‍ठभूमि नहीं है। उन्‍होंने अपने राजनीतिक जीवन की शुरूआत भाजपा से की। वह मण्‍डल उपाध्‍यक्ष, मण्‍डल अध्‍यक्ष और उत्‍तर प्रदेश भाजपा में किसान मोर्चा में प्रदेश मंत्री रहे है। इस सबके बावजूद उनकी सबसे बड़ी राजनीतिक उपलब्धि जिला पंचायत सदस्‍य के रूप में रही है। यह उपलब्धि इस लिए भी अहम कही जा सकती है कि उस समय प्रदेश में भाजपा सत्‍ता से बाहर थी। विरोधी दलों का प्रदेश में पूरी तरह दबदबा था। ऐसे में वह जिले में भाजपा के एक मात्र जिला पंचायत सदस्‍य रहे।

गौतम बुद्ध नगर भाजपा में 18 साल बाद ब्राह्मण चेहरा बना जिलाध्‍यक्ष

गौतम बुद्ध नगर भाजपा के जिलाध्‍यक्ष पद पर ब्राह्मण, गुर्जर और ठाकुर जातियों का ही कब्‍जा रहा है। गौतम बुद्ध नगर भाजपा जिलाध्‍यक्ष का दसवां कार्यकाल चल रहा है। अभिषेक शर्मा नौंवे जिलाध्‍यक्ष बने हैं। एक ब्राह्मण चेहरे के रूप में 18 साल बाद कोई ब्राह्मण जिलाध्‍यक्ष बना हैं। इससे पूर्व 2004-07 के कार्यकाल में श्रीचंद शर्मा गौतम बुद्ध नगर के अंतिम जिलाध्‍यक्ष बने थे।

दूरगामी होंगे परिणाम 

 वर्तमान में भाजपा जिले का सबसे बड़ा दल है। जिले की तीनों विधानसभाओं पर भी भाजपा का ही कब्‍जा है। केन्‍द्र और प्रदेश में भाजपा की सरकारें हैं। एक राज्‍यसभा सदस्‍य, दो एमएलसी और जिला पंचायत सदस्‍य भी भाजपा के ही हैं। पिछले कुछ सालों में विरोधी दलों से बड़ी संख्‍या में नेता एवं कार्यकर्ताओं ने भाजपा का दामन थामा है। पार्टी के अंदर कई तरह के विचार एवं विचारधाराएं एक साथ चल रहे हैं। पिछले एक दशक से भी अधिक समय से पार्टी गुटबाजी का भी शिकार रही है। ऐसे में गौतम बुद्ध नगर भाजपा जिलाध्‍यक्ष के रूप में अभिषेक शर्मा और महेश चौहान को नोएडा महानगर जिलाध्‍यक्ष के रूप में चुना जाना गौतम बुद्ध नगर जिले की राजनीति के लिए दूरगामी परिणाम वाला होगा। वहीं, पार्टी के युवा और पुराने, मूल और बाहरी  तथा विभिन्‍न विचारों वाले कार्यकर्ताओं को साधना भी अभिषेक शर्मा और महेश शर्मा के लिए चुनौती जरूर होगा। हालांकि पार्टी कार्यकर्ता के रूप में उनका अनुभव उनके लिए बड़ी भूमिका निभाएगा।

Related Articles

Back to top button