नोएडा बनेगा देश का सबसे बड़ा रोबोटिक्स एवं एडवांस्ड मैन्युफैक्चरिंग हब, यूपी को मिलेगी नई तकनीकी पहचान

Panchayat 24 (लखनऊ/नोएडा) : उत्तर प्रदेश सरकार ने राज्य को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, रोबोटिक्स, सेमीकंडक्टर, क्वांटम कंप्यूटिंग और अन्य उभरती प्रौद्योगिकियों का राष्ट्रीय नेतृत्वकर्ता बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सूचना प्रौद्योगिकी एवं इलेक्ट्रॉनिक्स विभाग की समीक्षा बैठक में नोएडा में प्रस्तावित ‘प्रगति’ (PRAGATI) परियोजना को शीघ्र गति से विकसित करने के निर्देश दिए।
लगभग 75 एकड़ क्षेत्र में विकसित होने वाला यह अत्याधुनिक परिसर देश का सबसे बड़ा एकीकृत रोबोटिक्स एवं एडवांस्ड मैन्युफैक्चरिंग केंद्र बनने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है। यहां रोबोटिक्स परीक्षण एवं प्रमाणन केंद्र, एआई कंप्यूट इंफ्रास्ट्रक्चर, रैपिड प्रोटोटाइपिंग सुविधा, फिजिकल एआई डेटा सेंटर, स्टार्टअप इनक्यूबेशन और आधुनिक अनुसंधान प्रयोगशालाएं स्थापित की जाएंगी। इसके साथ ही वैश्विक विनिर्माण कंपनियों, अनुसंधान संस्थानों और तकनीकी सेवा प्रदाताओं का समग्र औद्योगिक इकोसिस्टम विकसित किया जाएगा।
बैठक में मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश को नई तकनीकों का केवल उपभोक्ता नहीं, बल्कि अनुसंधान, नवाचार और उच्च प्रौद्योगिकी आधारित विनिर्माण का वैश्विक केंद्र बनाया जाए। इसी उद्देश्य से वित्तीय वर्ष 2026-27 में नोएडा और लखनऊ में दो यू-हब स्थापित किए जाएंगे, जिनके लिए 100 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। ये केंद्र स्टार्टअप, उद्योग, निवेशकों और शिक्षण संस्थानों के बीच प्रभावी समन्वय स्थापित कर डीप-टेक नवाचार को नई गति देंगे।
मुख्यमंत्री ने भविष्य की तकनीकों के अनुरूप युवाओं के कौशल विकास, उद्योगों की आवश्यकताओं के अनुरूप प्रशिक्षण तथा निवेशकों के लिए सरल एवं पारदर्शी व्यवस्था सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया। सरकार का लक्ष्य नोएडा को वैश्विक तकनीकी निवेश का प्रमुख केंद्र बनाते हुए एक लाख से अधिक प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रोजगार सृजित करना तथा प्रदेश को उच्च प्रौद्योगिकी आधारित औद्योगिक विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाना है।





