दादरी क्षेत्र की बेटी प्रियंका की दिल्ली में बीच सड़क पर गोली मारकर हत्या: दिल्ली पुलिसकर्मी पति पर हत्या का आरोप, जानिए किस गांव से है मृतका का संबंध?

Panchayat 24 (ग्रेटर नोएडा/नई दिल्ली) :
दादरी क्षेत्र की बेटी की दिल्ली में हुई गोली मारकर हत्या की बीच सड़क पर गोली मारकर हत्या कर दी। घटना ने पूरे गौतमबुद्ध नगर और दिल्ली को झकझोर कर रख दिया है। आरोप है कि दिल्ली पुलिस में तैनात उसके पति मनीष भाटी ने कथित रूप से अपनी सर्विस पिस्टल से वारदात को अंजाम दिया है। वारदात के बाद वह घटनास्थल से फरार हो गया। घटना के बाद पुलिस ने हत्या एवं दहेज प्रताड़ना की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश तेज कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रियंका अपने पति मनीष भाटी के साथ पूर्वी दिल्ली के ईस्ट विनोद नगर स्थित ई-ब्लॉक में रहती थीं। मनीष दिल्ली पुलिस की पूर्वी जिला एंटी ऑटो थेफ्ट स्क्वॉड (एएटीएस) में तैनात है। जबकि प्रियंका अशोक विहार स्थित एक निजी स्कूल में लशाती थी। रविवार देर रात प्रियंका का जन्मदिन मनाया गया था। इसके बाद उनकी तबीयत बिगड़ने पर तड़के उन्हें लाल बहादुर शास्त्री (एलबीएस) अस्पताल ले जाया जा रहा था। इसी दौरान रास्ते में दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया।
पुलिस के अनुसार, कल्याणपुरी क्षेत्र में मेट्रो पिलर संख्या-90 के पास आरोपी ने स्कूटी रोक दी और कथित तौर पर अपनी सर्विस पिस्टल से प्रियंका के सीने में गोली दाग दी। गोली लगते ही वह सड़क पर गिर पड़ीं, जबकि आरोपी उन्हें वहीं छोड़कर फरार हो गया। राह से गुजर रहे लोगों ने गंभीर रूप से घायल महिला को ऑटो से एलबीएस अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
सीसीटीवी फुटेज में कैद हुई पूरी वारदात
जांच के दौरान पुलिस को घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज मिली है। फुटेज में रात करीब तीन बजे स्कूटी रुकती दिखाई देती है। कुछ ही क्षण बाद महिला सड़क पर गिरती नजर आती है और आरोपी वहां से भाग निकलता है। फोरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस की छह टीमें दिल्ली-एनसीआर में आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही हैं।
सादोपुर गांव से था प्रियंका का गहरा नाता
जानकारी के अनुसार मृतका प्रियंका गौतमबुद्ध नगर जनपद के दादरी क्षेत्र स्थित सादोपुर गांव की रहने वाली थीं। उनका अंतिम संस्कार सोमवार शाम गांव में गमगीन माहौल में किया गया। अंतिम विदाई के समय परिजनों और ग्रामीणों की आंखें नम थीं तथा पूरे गांव में शोक की लहर छा गई।
ग्रामीणों ने बताया कि प्रियंका की शादी फरवरी 2023 में ग्रेटर नोएडा के सलेमपुर गांव निवासी मनीष भाटी से हुई थी। उनका आरोप है कि विवाह के बाद से ही मनीष और उसके परिवार के लोग दहेज में 50 लाख रुपये और एक स्कॉर्पियो वाहन की मांग कर रहे थे। इस मुद्दे को लेकर कई बार पंचायत भी हुई और समझौते के प्रयास किए गए, लेकिन स्थिति सामान्य नहीं हो सकी।
परिजनों ने लगाया दहेज हत्या का आरोप
मृतका के परिजनों का आरोप है कि दहेज की मांग पूरी न होने के कारण प्रियंका को लगातार मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था। उनका कहना है कि विवाहिता कुछ समय तक मायके में भी रही थी, लेकिन समझौते के बाद दोबारा ससुराल लौट गई थी। परिजनों का आरोप है कि जन्मदिन के दिन ही दहेज की मांग को लेकर हुए विवाद के बाद उसकी हत्या कर दी गई।
परिजनों की शिकायत और एसडीएम के समक्ष दर्ज बयानों के आधार पर दिल्ली पुलिस ने हत्या और दहेज प्रताड़ना से संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस सेवा से जुड़ा है पूरा परिवार
प्रियंका का परिवार भी लंबे समय से पुलिस एवं शिक्षा सेवा से जुड़ा हुआ है। उनकी बड़ी बहन दिल्ली पुलिस में कार्यरत हैं, जबकि एक भाई पुलिस सेवा में हैं। दूसरी बहन प्रोफेसर हैं और एक अन्य भाई भी शिक्षण क्षेत्र से जुड़े हुए हैं। परिवार की बेटी की इस दर्दनाक मौत ने सभी को गहरे सदमे में डाल दिया है।
आरोपी की तलाश जारी
दिल्ली पुलिस का कहना है कि आरोपी मनीष भाटी फरार है और उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। घटना के सभी पहलुओं—पारिवारिक विवाद, दहेज प्रताड़ना और हत्या के कारणों—की गहनता से जांच की जा रही है। पुलिस का दावा है कि आरोपी को शीघ्र गिरफ्तार कर विधिक कार्रवाई की जाएगी।





