ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण

बोड़ाकी रेलवे टर्मिनल के लिए 47 हेक्टेयर भूमि अधिग्रहण प्रक्रिया शुरू, 13 प्लेटफार्म वाला बनेगा विशाल ट्रांजिट हब

Panchayat 24 (ग्रेटर नोएडा) : राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र की रेल परिवहन व्यवस्था को नया आयाम देने वाली बोड़ाकी रेलवे टर्मिनल परियोजना ने महत्वपूर्ण कदम आगे बढ़ाया है। रेलवे विभाग ने टर्मिनल के विस्तार और विकास के लिए 47 हेक्टेयर से अधिक भूमि के अधिग्रहण संबंधी अधिसूचना जारी कर दी है। यह प्रस्तावित परियोजना बोड़ाकी क्षेत्र में विकसित किए जा रहे मल्टी माडल ट्रांसपोर्ट हब का प्रमुख हिस्सा होगी।

योजना के तहत वर्तमान बोड़ाकी रेलवे स्टेशन का व्यापक विस्तार किया जाएगा और यहां 13 आधुनिक प्लेटफार्म विकसित किए जाएंगे। भविष्य में दिल्ली, नई दिल्ली और आनंद विहार टर्मिनलों से पूर्वी एवं पूर्वोत्तर भारत की ओर जाने वाली अधिकांश यात्री ट्रेनों का संचालन इसी टर्मिनल से किए जाने की तैयारी है। इससे राजधानी दिल्ली के प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों का दबाव कम करने में मदद मिलेगी।

बोड़ाकी के समीप आईआईटीजीएनएल द्वारा विकसित किए जा रहे मल्टीमॉडल लॉजिस्टिक हब को दिल्ली-मुंबई इंडस्ट्रियल कॉरिडोर से जोड़ने के लिए लगभग तीन किलोमीटर लंबी नई रेल लाइन भी बिछाई जाएगी। इसके साथ ही क्षेत्र को माल एवं यात्री परिवहन के एक बड़े केंद्र के रूप में विकसित करने की योजना है।

रेलवे की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार भूमि अधिग्रहण चमरावली बोड़ाकी, दादरी, तिलपता करनवास, कटहेरा, पाली, पल्ला तथा चमरावली रामगढ़ गांवों में किया जाएगा। भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया जिला प्रशासन के माध्यम से पूरी कराई जाएगी।

परियोजना के दायरे में कुछ आवासीय भवन भी आ रहे हैं, जिसके कारण प्रभावित परिवारों का पुनर्वास किया जाएगा। अनुमान है कि लगभग 1800 परिवार इस परियोजना से प्रभावित होंगे। इन परिवारों के पुनर्वास के लिए शिव नाडर विश्वविद्यालय के निकट उपयुक्त भूमि चिह्नित की जा चुकी है।

ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी एन.जी. रवि कुमार ने बताया कि रेलवे द्वारा भूमि अधिग्रहण की अधिसूचना जारी कर दी गई है। अब परियोजना से संबंधित अन्य औपचारिकताओं को शीघ्र पूरा कर निर्माण कार्य प्रारंभ कराने की दिशा में तेजी से कदम बढ़ाए जाएंगे।

यह परियोजना न केवल ग्रेटर नोएडा और आसपास के क्षेत्रों की कनेक्टिविटी को मजबूत करेगी, बल्कि भविष्य में राष्ट्रीय स्तर पर यात्री एवं माल परिवहन के एक महत्वपूर्ण केंद्र के रूप में भी स्थापित होगी।

BodakiRailwayTerminal #GreaterNoida #IndianRailways #RailwayProject #LandAcquisition #TransportHub #NCRDevelopment #Dadri #UPInfrastructure #RailNews #LogisticsHub #DevelopmentNews #ConnectivityBoost #GreaterNoidaNews #InfrastructureDevelopment

Related Articles

Back to top button