ग्रेटर नोएडा जोन

रबूपुरा की घटना: खाना खाने के बाद हुई बहन की मौत, भाई ने भी तोड़ा दम

Panchayat 24 (ग्रेटर नोएडा) : रबूपुरा क्षेत्र के शांतिनगर मोहल्ले में एक ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। भोजन करने के बाद अचानक परिवार के कई सदस्यों की तबीयत बिगड़ गई। इलाज के दौरान पहले मासूम बेटी की मौत हुई और कुछ घंटों बाद उसके छोटे भाई ने भी दम तोड़ दिया।

शांतिनगर निवासी अनिल तोमर अपने परिवार के साथ रहते हैं। परिवार में उनकी पत्नी रूबी तथा चार बच्चे शामिल हैं। बताया जाता है कि रविवार शाम परिवार के कुछ सदस्यों की तबीयत अचानक खराब होने लगी। प्रारंभिक उपचार के बाद भी स्थिति में सुधार न होने पर देर रात सभी को ग्रेटर नोएडा के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।

अस्पताल में उपचार के दौरान सात वर्षीय दीपांशी ने सबसे पहले दम तोड़ दिया। परिवार इस सदमे से उबर भी नहीं पाया था कि कुछ घंटों बाद उसके पांच वर्षीय भाई प्रशांत उर्फ प्रिंस की भी मृत्यु हो गई। वहीं उनकी माँ रूबी की हालत गंभीर बताई जा रही है और उनका उपचार जारी है। परिवार के अन्य बच्चों की स्थिति में सुधार होने पर उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है।

स्थानीय लोगों के अनुसार परिवार हाल ही में रूबी का एक ऑपरेशन हुआ था जिसके बाद वह घर लौटी थी । इसके बाद सभी ने एक साथ भोजन किया था। भोजन के कुछ समय बाद ही परिवार के कई सदस्यों की तबीयत बिगड़ने लगी। हालांकि बीमारी की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है और विभिन्न संभावनाओं पर जांच की जा रही है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी अस्पताल तथा पीड़ित परिवार के घर पहुंचे। पुलिस ने दोनों बच्चों के शवों को पोस्टमार्टम की प्रक्रिया के लिए भेजा और मामले की जांच शुरू कर दी। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य जांचों के आधार पर मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाया जाएगा।

सोमवार को दोनों मासूम बच्चों के अंतिम संस्कार के दौरान पूरे क्षेत्र का माहौल गमगीन रहा। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि बच्चों की मौत किन परिस्थितियों में हुई और परिवार के अन्य सदस्यों की तबीयत बिगड़ने की वास्तविक वजह क्या थी?

Related Articles

Back to top button