यमुना प्राधिकरण

बेव्यू-भूटानी फ़िल्म सिटी के बाद यीड़ा ने पतंजलि को दिखाई सख्ती तो जल्द उत्पादन की जगी उम्मीद

Panchayat 24 (यीड़ा ) : यीड़ा क्षेत्र में भूखंड आवंटन के बाद भी कई आवंटी निर्माण कार्य शुरू करने अथवा उत्पादन शुरू नहीं कर रहे हैं। इससे प्राधिकरण औद्योगिक एवं क्षेत्रीय विकास के लक्ष्य को पाने में चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे में प्राधिकरण ने आवंटियों के प्रति सख्त रुख अपना शुरू कर दिया है। प्राधिकरण के बदले रुख के कारण यीड़ा क्षेत्र में प्रस्तावित बेव्यू-भूटानी फ़िल्म सिटी का न केवल निर्माण शुरू हुआ है, बल्कि फ़िल्म निर्माण की प्रक्रिया भी शुरू हो चुकी है। हालांकि फ़िल्म सिटी को मूर्त रूप में आना अभी शेष है।

प्राधिकरण क्षेत्र के सेक्टर 24ए में 130 एकड़ भूमि पर बाबा रामदेव की पतंजलि आयुर्वेद लिमिटेड के संचालन और 300 एकड़ पर प्रस्तावित मेगा फ़ूड पार्क के निर्माण में उदासीनता के कारण शासन और प्राधिकरण स्तर पर नाराजगी है। ऐसे में प्राधिकरण ने न केवल पतंजलि को इकाई को क्रियाशील करने के लिए कड़ी हिदायद देते हुए फ़िल्म सिटी की तरह पतंजलि को भी जल्द सही ट्रेक पर लाने के लिए पेंच कसने शुरू कर दिए हैं। इसी का परिणाम है कि देश की सबसे बड़ी बिस्किट फैक्ट्री में जल्द ही उत्पादन भी शुरू होने की संभावना जगी है। संभव है अप्रैल के महीने में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पतंजलि आयुर्वेद लिमिटेड का उद्घाटन और मेगा फ़ूड पार्क का शिलान्यास करेंगे।

दरअसल, यीड़ा ने साल 2016 में सेक्टर 24 और 24ए में पतंजलि को 430 एकड़ ज़मीन का आवंटन किया था। पतंजलि द्वारा लगभग 2 हजार करोड़ का निवेश कर 300 एकड़ में एक मेगा फूड पार्क और 130 एकड़ में विनिर्माण इकाई स्थापित करना था जिससे प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष 10 हजार लोगों को रोजगार मिलने की बात कही गई थी। लगभग एक दशक बाद भी यह एक सपना ही बना रहा है। हालांकि आयुर्वेद लिमिटेड की 130 एकड़ जमीन पर निर्माण दिखाई देने लगा है। यहां 20 प्रतिशत भूमि पर पतंजलि आयुर्वेद लिमिटेड को सहायक कंपनियों को भूमि आवंटन का अधिकार दिया गया है। जहां पतंजलि की बिस्किट,आटा एवं अन्य खाद्य पदार्थों का उत्पादन किया जाएगा। इसके साथ ही भिन्न भिन्न क्षेत्रफल के 233 भूखंडों पर अन्य सहायक कंपनियों को भूमि आवंटन किया जाएगा। फिलहाल पचास कंपनियों को सब-लीज कराए जाने की प्रक्रिया चल रही है।

माना जा रहा है कि पतंजलि समूह आवंटित इकाई में उत्पादन और मेगा फूड पार्क का निर्माण नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के शुरू होने के बाद करना चाहता है। जबकि सूत्रों का मानना है कि पतंजलि समूह नीतिगत छुट्ट चाहता है जिसके लिए प्राधिकरण और शासन कतई तैयार नहीं है। इतना ही नहीं, प्राधिकरण ने उत्पादन शुरू करने और फ़ूड पार्क के निर्माण का काम जल्द से जल्द शुरू करने की सख्त हिदायत भी दी है। बता दे कि इकाईयों के निर्माण और उत्पादन में उदासीनता बरतने वाले आवंटियों को प्राधिकरण आवंटन और लीजडीड निरस्त करने संबंधी नोटिस भेजकर अपना रूख स्पष्ट कर चुका है। वहीं, प्राधिकरण के अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी शैलेन्द्र भाटिया का कहना है की सभी आवंटियों को जल्द से जल्द इकाई ला निर्माण एवं उत्पादन शुरू करना होगा। आवंटित सभी इकाईयों की प्रगति पर शासन सीधे नजर रखे हुए है। पतंजलि भी कोई अपवाद नहीं है।

Related Articles

Back to top button