ग्रेटर नोएडा जोन

भोजन के बाद बिगड़ी मां-बेटे और बेटी की तबीयत, 8 वर्षीय बालिका की उपचार के दौरान मौत

Panchayat 24 ( ग्रेटर नोएडा) : रबूपुर कस्बा रबूपुरा में एक दुखद घटना सामने आई है, जहां भोजन करने के बाद एक महिला और उसके दो बच्चों की अचानक तबीयत बिगड़ गई। उपचार के दौरान 8 वर्षीय बालिका की मौत हो गई, जबकि महिला और उसका पुत्र अस्पताल में भर्ती हैं और उनका इलाज जारी है।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, रबूपुरा कस्बा निवासी लगभग 35 वर्षीय महिला तथा उनके दो बच्चे,  8 वर्षीय बेटी और 5 वर्षीय बेटा, ने रविवार शाम भोजन किया था। भोजन के कुछ समय बाद तीनों की तबीयत अचानक खराब हो गई और उन्हें उल्टी सहित अन्य स्वास्थ्य संबंधी शिकायतें होने लगीं।

परिजनों ने तत्काल तीनों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। चिकित्सकों ने उपचार के दौरान 8 वर्षीय दीपांशी को मृत घोषित कर दिया। वहीं महिला और उसके पुत्र का उपचार जारी है तथा उनकी स्थिति पर चिकित्सकों की निगरानी बनी हुई है।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि परिजनों ने किसी भी प्रकार की संदिग्ध परिस्थिति या आपराधिक आशंका से इंकार किया है। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

Related Articles

Back to top button