दादरी विधानसभा

लगभग चार हजार करोड़ के विकास कार्यों के दावों के बीच दादरी विधायक ने ग्राम पंचायतों को लेकर कह दी बड़ी बात

Amidst claims of development works worth approximately 4,000 crore rupees, the Dadri MLA has made a significant statement regarding Gram Panchayats.

Panchayat 24 (दादरी विधानसभा) : 18वीं विधानसभा (2022-2027) के चार साल पूरे होने के उपलक्ष में दादरी विधानसभा विधायक तेजपाल सिंह नागर ने दावा किया कि उनके क्षेत्र में पिछले चार सालों में लगभग चार हजार करोड़ रूपये खर्च हुए हैं। इस बीच उन्‍होंने जिले में पंचायती चुनावों को लेकर भी बड़ी बात कही है। उनकी यह बात क्षेत्र के उन लोगों के लिए अहम है जो जिले में पंचायती चुनावों के भविष्‍य को लेकर आशंकित हैं।

दरअसल, तेजपाल सिंह नागर लगातर दो बार दादरी विधानसभा सीट से विधायक चुने गए हैं। 18वीं विधानसभा के सफलतापूर्वक चार साल पूरे होने के उपलक्ष में उन्‍होंने ग्रेटर नोएडा स्थित यू-टर्न रेस्‍टोरेंट में एक पत्रकार वार्ता का आयोजन किया। इस दौरान उन्‍होंने कहा कि पिछले चार सालों में उनके विधानसभा क्षेत्र में तेजी से हुए विकास कार्यों पर कुल 3925 करोड़ खर्च हुए हैं। इनमें से अधिकांश कार्य सम्‍पन्‍न हो चुके हैं। कुछ का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है जिनका जल्‍द ही उदघाटन किया जाना है। वहीं, कुछ शेष का जल्‍द ही शिलान्‍यास होना है जिन्‍हें जल्‍द ही पूरा कर जनता को समर्पित कर दिया जाएगा।

तेजपाल सिंह के अनुसार दादरी विधानसभा में शिक्षा क्षेत्र में हुए विकास कार्यों पर 93 करोड़ रूपये खर्च हुए हैं। वहीं, युवाओं के लिए रोजगार तथा खेलकूद के लिए स्‍टेडियम आदि के निर्माण पर 40 करोड़ रूपये खर्च किए जाने हैं। इसमें चिटेहरा गांव में लंबे समय से स्‍टेडियम निर्माण की मांग की जा रही है। उन्‍होंने बताया कि स्‍वास्‍थ सेवा के क्षेत्र में 155 करोड़ रूपये खर्च किया जा रहा है। जबकि 165 करोड़ की लागत से पीडब्‍ल्‍यूडी द्वारा क्षेत्र में सड़कों का जाल बिछाया जा रहा है। पीडब्‍ल्‍यूडी द्वारा 9.43 करोड़ की लागत से पांच पुलों का भी निर्माण किया जा रहा है।

इसके अतिरिक्‍त सिंचाई विभाग द्वारा भी विभिन्‍न रजवाहों पर सड़कों, रास्‍तों एवं दो पुलों का निर्माण किया जा रहा है। इन निर्माण कार्यों पर कुल 4.76 करोड़ रूपये खर्च किए जा रहे हैं। क्षेत्र में 1.77 करोड़ की लागत से क्षेत्र में विदयुतिकरण की स्थिति को सुदृढ किया जा रहा है। विधायक ने बताया कि उनके क्षेत्र में हुए विकास कार्यों पर 492 करोड़ रूपये नोएडा औद्योगिक विकास प्राधिकरण द्वारा और 2952 करोड़ रूपये ग्रेटर नोएडा औद्योगिक विकास प्राधिकरण द्वारा खर्च किए गए हैं। ग्रेटर नोएडा के सहयोग से ही दादरी रेलवे रोड़ का निर्माण कार्य भी शामिल है। इसके निर्माण पर प्राधिकरण 16 करोड़ रूपये खर्च कर रहा है। पूर्व में प्राधिकरण के ही सहयोग से दादरी नहर बाइपास का भी निर्माण कार्य संपन्‍न किया गया था।

इस दौरान उन्‍होंने Panchayat 24 द्वारा ग्राम पंचायतों के भविष्‍य के बारे में पूछे गए एक सवाल के जवाब में कहा कि गौतम बुद्ध नगर पूरी तरह एक औद्योगिक जिला बन चुका है। पूर्व की सरकारों ने इंडस्ट्रीरियल टाउनशिप डवेलपमेंट एक्‍ट की आड़ में जिले से प्राधिकरणों के अधिसूचित क्षेत्र से ग्राम पंचायतों को समाप्‍त करने का कृत्‍य किया था। यदि भविष्य में जिले की शेष ग्राम पंचायतें समाप्त होती हैं तो हम प्रयास करेंगे कि सरकार गौतम बुद्ध नगर में ग्राम पंचायतों के विकल्‍प के रूप में स्‍थानीय स्‍वशासन के तौर पर स्‍थानीय लोगों को लोकतंत्र में भागीदारी के लिए नगर निगम जैसी कोई दूसरी व्यवस्था दी जाए । बता दें कि गौतम बुद्ध नगर में कुल 279 ग्राम पंचायतें थी। बाद में इनकी संख्‍या घटकर महज 82 रह गई। वर्तमान में यमुना एक्‍सप्रेस-वे औद्योगिक विकास प्राधिकरण अधिसूचित गांवों और न्‍यू नोएडा गांवों के लिए अधिसूचित गांवों से ग्राम पंचायतों के अस्तित्‍व पर संकट मंडरा रहा है।

Related Articles

Back to top button