महिला के कर्मों की कीमत दो मासूम बच्चों को चूकानी पड़ी, मां ने गला दबाकर कर दी हत्या, पुलिस ने किया गिरफ्तार
Two innocent children had to pay the price for the woman's deeds, the mother strangled them to death, police arrested her

Panchayat 24 : सेंट्रल नोएडा जोन में एक दिल दहला देने वाले मामले की मुख्य आरोपी महिला को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। महिला ने एक मुस्लिम युवक के प्यार में पड़कर अपना परिवार छोड़ दिया था। बाद में परिवार में उससे अपने सभी रिश्ते नाते समाप्त कर लिए। इसके बाद महिला का जीवन नरक बन गया। उसने तंग आकर अपने दो मासूम बच्चों की गला दबाकर हत्या कर दी। हत्यारोपी महिला ने पुलिस के सामने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है। पुलिस ने हत्यारोपी महिला को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। मामला बादलपुर कोतावाली क्षेत्र का है।
क्या है पूरा मामला ?
सेंट्रल जोन डीसीपी शक्ति मोहन अवस्थी ने बताया कि मूलरूप से जिला हापुड़ की रहने वाली सोनम ने पिलखुआ निवासी साहिल नामक एक मुस्लिम युवक से परिवार के लोगों की इच्छा के खिलाफ प्रेम विवाह कर लिया था। परिवार के लोग उसके इस कदम से इतने नाराज हुए थे कि उन्होंने उससे अपना रिश्ता नाते समाप्त कर लिए थे। प्रेम विवाह करने के कुछ दिनों तक सबकुछ ठीक ठाक रहा। इसके बाद सोनम के साथ साहिल छोटी छोटी बातों पर मारपीट करने लगा। इस बीच उसने दो बेटों को जन्म दिया। वर्तमान में बड़े बेटे की उम्र 6 साल और छोटे बेटे की उम्र 4 साल थी।
साहिल को साल 2021 में एक हत्या के मामले में गाजियाबाद पुलिस ने गिफ्तार कर जेल भेज दिया। इस दौरान सोनम की मुलाकात पिलखुआ क्षेत्र के परतापुर गांव निवासी सोनू से हो गई। तभी से वह सोनू के साथ लिव इन में खेड़ा धर्मपुरा में रह रही थी। सोनम ने सोनू के एक बेटे को भी जन्म दिया। हत्यारोपी महिला सोनम ने पुलिस को बताया कि कुछ दिन पूर्व साहिल का फोन उसके पास आया था कि वह जेल से बाहर आ चुका है। वह उसकी तलाश कर रहा है। इसके बाद सोनम डर गई। उसको लगने लगा कि साहिल उसकी और अपने बच्चों की तलाश करता हुआ उसके पास तक जरूर पहुंच जाएगा। वह दोनों बच्चों और उसकी और उसके पूरे परिवार की हत्या कर देगा। सोनम ने बताया कि मैं भी अपने जीवन से तंग आ चुकी थी। पुलिस ने बताया कि सोनम ने दोनों बेटों सहित अपने जीवन का अंत करने का निर्णय लिया। उसने दोनों बेटों की गला दबाकर हत्या कर दी। वह अपना जीवन भी समाप्त करना चाहती थी। शुक्रवार को पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर हत्यारोपी मां को सिद्ध बाबा मंदिर के पास से गिरफ्तार कर लिया।