ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण

तेज शुरुआत के बाद निरंतरता की कसौटी पर होंगे नए सीईओ बलकार सिंह

डॉ. देवेंद्र कुमार शर्मा

खेल के मैदान में खिलाड़ी की तेज शुरुआत जहां दर्शकों का मनोरंजन करती है, वहीं इससे टीम को भी लाभ पहुंचता है। लेकिन खिलाड़ी का मैदान पर ठहरकर अपने प्रदर्शन को नियमित बनाए रखना ही टीम की सफलता का मार्ग प्रशस्त करता है। यही बात किसी अधिकारी की कार्यशैली और उसके कार्यकाल की सफलता का भी मानक होती है।

हाल ही में उत्तर प्रदेश में वरिष्ठ अधिकारियों के तबादलों का दौर चला है। प्रदेश की शायद ही कोई संस्था और विभाग इससे अप्रभावित रहा हो। ग्रेटर नोएडा औद्योगिक विकास प्राधिकरण भी एक ऐसा ही संस्थान है। यहां से तीन एसीईओ सुनील कुमार (जिलाधिकारी, मुजफ्फरनगर), श्रीलक्ष्मी वीएस (विशेष सचिव, महिला कल्याण) और सौम्य श्रीवास्तव (जिनसे प्राधिकरण के एसीईओ का अतिरिक्त प्रभार वापस ले लिया गया है और अब वह स्थानिक अपर आयुक्त के पद पर बने हुए हैं) का तबादला हुआ है। वहीं, मेरठ की सीडीओ नूपुर गोयल को एसीईओ बनाकर भेजा गया है।

लेकिन प्राधिकरण में सबसे बड़ा बदलाव सीईओ के तबादले के रूप में हुआ है। यूपीसीडा के सीईओ बलकार सिंह को ग्रेटर नोएडा औद्योगिक विकास प्राधिकरण का नया सीईओ बनाया गया है, जबकि ग्रेटर नोएडा औद्योगिक विकास प्राधिकरण के सीईओ एनजी रवि कुमार को यूपीसीडा का नया सीईओ बनाया गया है।

तबादलों के बाद हर विभाग और संस्थान का माहौल पूरी तरह बदल जाता है। ऐसे में तबादले के बाद आने वाले नए अधिकारियों के सामने चुनौतियां और अवसर, दोनों होते हैं। ग्रेटर नोएडा औद्योगिक विकास प्राधिकरण के नए सीईओ बलकार सिंह के संदर्भ में भी यह अपवाद नहीं है।

तैनाती के बाद ग्रेटर नोएडा औद्योगिक विकास प्राधिकरण के नए सीईओ बलकार सिंह जिस प्रकार सभी अधीनस्थ अधिकारियों, कर्मचारियों तथा पत्रकारों से संवाद किया और प्राधिकरण की इमारत का निरीक्षण किया, उससे स्पष्ट है कि वह प्राधिकरण, उसके अधिकारियों, उनकी कार्यशैली और समस्याओं को समझने का प्रयास कर रहे हैं। इस बीच उनसे मुलाकातों का दौर भी चल रहा है। लोग उनसे मिलकर न केवल शुभकामनाएं प्रेषित कर रहे हैं, बल्कि अपनी समस्याओं से अवगत कराते हुए अपेक्षाएं भी प्रकट कर रहे हैं।

ऐसे लोगों की भी संख्या कम नहीं है, जो अपना चेहरा चमकाकर सीईओ के करीब बने रहने के लिए स्थान तलाशने की जुगत में हैं। ऐसे लोगों का अधिकारी के कामकाज, उसके विकास के एजेंडे या नीतियों से कोई लेना-देना नहीं होता। इनकी आस्था के केंद्र में सीईओ की कुर्सी ही होती है। जो भी नया सीईओ कुर्सी पर बैठेगा, ये लोग उसी को फूलों का गुलदस्ता भेंटकर विकास पुरुष साबित करने में जुट जाते हैं। कुछ लोग अपने प्रत्यक्ष अथवा अप्रत्यक्ष संबंधों को सामने रखते हैं। कुछ लोग तो माहौल और मौका देखकर पिछले वाले साहब की बुराई करने से भी नहीं चूकते। यह बात अलग है कि इसी तरह की चर्चा वे पुराने वाले साहब के साथ भी कर चुके होते हैं।

नए सीईओ साहब से मिलकर लौटे एक उद्यमी से मुलाकात हुई। उन्होंने बताया कि नए सीईओ क्षेत्र की समस्याओं को लेकर काफी सकारात्मक हैं। उनका कार्यकाल यादगार रहने वाला है। एक अधिकारी के प्रति उद्यमी के ऐसे विश्वास को देखकर अच्छा लगा।

इस बीच नए सीईओ बलकार सिंह के नेतृत्व में प्राधिकरण ने अवैध निर्माण के विरुद्ध दो बड़ी कार्रवाइयां की हैं। इनमें से एक कार्रवाई के रूप में सहारा एंकलेव का नाम भी शामिल है। यह प्राधिकरण के सामने बड़ी चुनौती बना हुआ है । दोनों बड़ी कार्रवाइयां प्राधिकरण के नए नेतृत्व के इरादों को अवश्य प्रकट करती हैं। नए नेतृत्व में प्राधिकरण की तेजी अच्छी है। कार्रवाई के लिए क्षेत्र भी वही चुना है, जिससे प्राधिकरण बहुत अधिक प्रभावित रहा है। यह भी सही है कि अतिक्रमण को काबू किए बिना प्राधिकरण विकास के रास्ते पर आगे नहीं बढ़ सकता।

लेकिन नेतृत्व परिवर्तन के साथ प्राधिकरण की कार्रवाई में आई तेजी कुछ आशंकाएं भी पैदा करती है। इस प्रकार की कार्रवाई कब तक जारी रहेगी? अतिक्रमण के विरुद्ध कार्रवाई के दौरान व्यवस्था के बाहर और अंदर से पड़ने वाले दबाव का किस रूप में सामना किया जाएगा?

प्राधिकरण की कार्रवाई उस खेल की तरह है, जहां टीम वर्क के बिना सफलता अर्जित करने की कल्पना भी नहीं की जा सकती। वहीं, यह बात भी सही है कि टीम के किसी एक साथी की गलती टीम के प्रदर्शन पर भारी पड़ जाती है। प्राधिकरण का इतिहास इस बात से भरा पड़ा है कि किस प्रकार घर के भेदियों के कारण प्राधिकरणों को दुश्वारियों का सामना करना पड़ा है।

ऐसे में ग्रेटर नोएडा औद्योगिक विकास प्राधिकरण के नए सीईओ बलकार सिंह की तेज शुरुआत प्राधिकरण की समस्याओं के प्रति उनके दृष्टिकोण को अवश्य जाहिर करती है, लेकिन इस तेजी को नियमित बनाए रखना उनके सामने भी किसी चुनौती से कम नहीं है।

Related Articles

Back to top button