गाज़ियाबाद

गाजियाबाद में विकास को नई रफ्तार, आवासीय योजना से लेकर अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम तक कई बड़ी परियोजनाएं

Panchayat 24 (गाजियाबाद) : गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए ) शहर को आधुनिक, हरित और सुव्यवस्थित बनाने की दिशा में कई बड़ी परियोजनाओं पर तेजी से काम कर रहा है। प्राधिकरण के उपाध्यक्ष नन्द किशोर कलाल के नेतृत्व में आवासीय विकास, सड़क अवसंरचना, खेल सुविधाओं, पर्यावरण संरक्षण और निवेश को बढ़ावा देने के लिए कई योजनाओं को आगे बढ़ाया जा रहा है। इन परियोजनाओं का उद्देश्य गाजियाबाद को एनसीआर के प्रमुख आधुनिक शहरों की श्रेणी में स्थापित करना है।

प्राधिकरण की अतिमहत्वाकांक्षी परियोजना, हरनंदीपुरम आवासीय योजना, में भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया तेज हो गई है। अब तक लगभग 76 हेक्टेयर भूमि का क्रय किया जा चुका है, जबकि करीब 128 हेक्टेयर भूमि के लिए किसानों की सहमति मिल चुकी है और खरीद प्रक्रिया जारी है। इस योजना का कुल प्रस्तावित बजट करीब 2384 करोड़ रुपये है। योजना के प्रारंभिक कार्यों के लिए मुख्यमंत्री शहरी विस्तारीकरण योजना के तहत 400 करोड़ रुपये की धनराशि भी प्राप्त हो चुकी है।

इसी के साथ राजनगर एक्सटेंशन में जोनल सड़कों का निर्माण तेजी से किया जा रहा है। कई प्रमुख सड़कों पर निर्माण कार्य 30 से 50 प्रतिशत तक पूरा हो चुका है और इन्हें 2026 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। आउटर रिंग रोड से जुड़ने वाले मार्गों के विकास के लिए भी विस्तृत प्राक्कल तैयार किया जा रहा है।

शहर को खेल सुविधाओं के क्षेत्र में नई पहचान देने के लिए राजनगर एक्सटेंशन के ग्राम मोरटी और अटौर में लगभग 31 एकड़ क्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय मानकों वाला क्रिकेट स्टेडियम विकसित करने का प्रस्ताव है। करीब 450 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले इस स्टेडियम में लगभग 55 हजार दर्शकों के बैठने की क्षमता होगी और इसमें कॉर्पोरेट बॉक्स, मीडिया सेंटर सहित आधुनिक खेल सुविधाएं उपलब्ध होंगी। यह परियोजना उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन और जीडीए के सहयोग से विकसित की जाएगी।

इसके आसपास एरोसिटी थीम आधारित एकीकृत टाउनशिप विकसित करने की भी योजना है, जिसमें आवासीय परिसर, होटल, रिटेल जोन, खेल अकादमी और स्मार्ट ट्रैफिक प्रबंधन जैसी सुविधाएं होंगी।

पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए हिंडन नदी के तटबंध निर्माण, सिटी फॉरेस्ट पार्क के 55 करोड़ रुपये की लागत से पुनर्विकास और विभिन्न क्षेत्रों में थीम आधारित पार्क विकसित करने की योजनाएं भी लागू की जा रही हैं। इसके अलावा शहर के प्रमुख गोल चक्करों और चौराहों का सौंदर्यीकरण तथा कई स्थानों को सिग्नल फ्री बनाने की तैयारी भी चल रही है।

प्राधिकरण के अनुसार इन सभी परियोजनाओं के पूरा होने से गाजियाबाद में आवास, यातायात, खेल और पर्यावरणीय सुविधाओं में व्यापक सुधार होगा तथा निवेश और रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे।

Related Articles

Back to top button