अन्य जिलेउत्तर प्रदेश

मेरठ-सहारनपुर मंडल निर्वाचन क्षेत्र के शिक्षक और स्नातक वर्ग का मतदान : शिक्षक वर्ग के लिए 57.64 प्रतिशत और स्नातक वर्ग के लिए 35.81 प्रतिशत हुआ मतदान, दोनों वर्गों में शामली ने मारी बाजी

Panchayat 24 (मेरठ) : उत्तर प्रदेश विधान परिषद चुनाव के शिक्षक और स्नातक वर्ग के चुनाव शुक्रवार को सम्पन्न हो गए। मेरठ – सहारनपुर मंडल निर्वाचन क्षेत्र के लिए हुए मतदान में मत प्रतिशत अपेक्षाकृत कम रहा। शिक्षक वर्ग के लिए 57.64 प्रतिशत जबकि स्नातक वर्ग के लिए महज 35.81 प्रतिशत रहा। दोनों वर्गों में शामली जिले ने बाजी मार ली। शामली में शिक्षक वर्ग के लिए 78.26 प्रतिशत मतदान हुआ जबकि स्नातक वर्ग के लिए 61.95 प्रतिशत रहा। वहीं शिक्षक वर्ग में 59.79 प्रतिशत मतदान के साथ मेरठ और स्नातक वर्ग के लिए गाजियाबाद जिला 26.76 प्रतिशत के साथ फिसड्डी साबित हुए।

मेरठ-सहारनपुर वर्ग शिक्षक विधान परिषद निर्वाचन में मंडल के नौ जनपदों में शाम चार बजे तक कुल 54,125 मतदाताओं में से 31,200 ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। वहीं स्नातक वर्ग के लिए कुल 1,28,595 मतदाताओं में से 46,053 ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।

जिलावार आंकड़ों पर नजर डालें तो शिक्षक वर्ग में शामली में कुल 1,619 मतदाताओं में से 1,267 ने मतदान किया। यहां मतदान प्रतिशत 78.26 रहा, जो सभी नौ जिलों में सर्वाधिक है। मुजफ्फरनगर में 3,225 मतदाताओं में से 2,112 ने वोट डाले और मतदान प्रतिशत 65.49 रहा। सहारनपुर में 4,776 मतदाताओं में से 3,015 ने मतदान किया, जिससे यहां मतदान प्रतिशत 63.13 दर्ज हुआ। हापुड़ में 4,226 मतदाताओं में से 2,611 ने मतदान किया और प्रतिशत 61.78 रहा। बुलंदशहर में 6,918 मतदाताओं में से 4,235 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। यहां मतदान प्रतिशत 61.22 रहा। बागपत में 3,735 मतदाताओं में से 2,160 ने मतदान किया और प्रतिशत 57.83 दर्ज किया गया। वहीं  गाजियाबाद में कुल 9,845 मतदाताओं में से 5,502 ने मतदान किया। यहां मतदान प्रतिशत 55.89 रहा। गौतमबुद्धनगर में 13,104 मतदाताओं में से 6,907 मतदाताओं ने वोट डाले और मतदान प्रतिशत 52.71 दर्ज हुआ। वहीं, मेरठ में 6,677 मतदाताओं में से 3,391 ने मतदान किया। यहां मतदान प्रतिशत 50.79 रहा, जो सभी जिलों में सबसे कम है। आंकड़ों के विश्लेषण से स्पष्ट है कि शामली और मेरठ के मतदान प्रतिशत में 27.47 प्रतिशत अंकों का अंतर रहा। शामली में जहां लगभग चार में से तीन मतदाताओं ने मतदान किया, वहीं मेरठ में लगभग आधे मतदाताओं ने ही अपने मताधिकार का प्रयोग किया।

वहीं स्नातक वर्ग के लिए जिलेवार मतदान प्रतिशत पर नजर डालें तो शामली में 4,586 मतदाताओं में से 2,841 ने मतदान किया। 61.95 प्रतिशत की भागीदारी ने उसे इस निर्वाचन क्षेत्र में शीर्ष स्थान पर पहुंचाया। बागपत में 45.68 प्रतिशत और मुजफ्फरनगर में 45.46 प्रतिशत मतदान हुआ। बुलंदशहर में 39 प्रतिशत, सहारनपुर में 36.14 प्रतिशत, गौतमबुद्ध नगर में 35.31 प्रतिशत और मेरठ में 35.29 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। हापुड़ में 32.69 प्रतिशत मतदाताओं ने मताधिकार का प्रयोग किया, जबकि गाजियाबाद का मतदान प्रतिशत 26.76 रहा।

Related Articles

Back to top button