जेवर विधानसभायमुना प्राधिकरण

नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट को सुरक्षा क्लियरेंस, जल्द मिल सकता है एयरोड्रम लाइसेंस

Panchayat 24 (यीड़ा/ज़ेवर विधानसभा) : गौतम बुद्ध नगर जिले में यीड़ा क्षेत्र में बन रहे नोएडा अंतर्राष्ट्रीय एयरपोर्ट के संचालन की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रगति हुई है। एयरपोर्ट को अंतिम नियामकीय स्वीकृति मिलने की प्रक्रिया में आगे बढ़ते हुए ब्यूरो ऑफ सिविल एविएशन सिक्योरिटी (बकास ) ने गुरुवार को डायरेक्टरेट ऑफ़ सिविल एविएशन (डीजीसीए ) को सुरक्षा क्लियरेंस के तहत अनापत्ति प्रमाणपत्र (एनओसी ) जारी कर दिया। यीड़ा और नायल के सीईओ ने स्वयं मीडिया को यह जानकारी दी है। उम्मीद है जल्द ही यह लाइसेंस जारी हो जाएगा जिसके बाद एयरपोर्ट के उद्घाटन की तरुख की भी पीएमओ से जल्द तारीख की घोषणा की जा सकती है।

अब डीजीसीए की टीम इस सप्ताह एयरपोर्ट का निरीक्षण करेगी। निरीक्षण पूरा होने के बाद एयरोड्रम लाइसेंस जारी करने की प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी।  यीड़ा के अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी तथा नोएडा अंतर्राष्ट्रीय एयरपोर्ट के नोडल अधिकारी शैलेन्द्र भाटिया के अनुसार बकास से सिक्योरिटी क्लियरेंस मिलने के बाद एयरपोर्ट संचालन के लिए लाइसेंस मिलने में कोई बाधा नहीं है। इसके बाद एयरपोर्ट से व्यावसायिक उड़ानों के संचालन और औपचारिक उद्घाटन का रास्ता साफ हो जाएगा। इससे दिल्ली एनसीआर क्षेत्र में हवाई यात्रा की सुविधाओं को नई गति मिलने की उम्मीद है।

नागरिक उड्डयन क्षेत्र में सुरक्षा मानकों की निगरानी करने वाली एजेंसी BCAS ने एयरपोर्ट के विस्तृत सुरक्षा ऑडिट के बाद यह अनापत्ति प्रमाणपत्र जारी किया है। इस प्रक्रिया में एयरपोर्ट की सुरक्षा व्यवस्थाओं जैसे एक्सेस कंट्रोल सिस्टम, सीसीटीवी निगरानी नेटवर्क, एंटी-सैबोटाज जांच और यात्रियों की स्क्रीनिंग व्यवस्था का मूल्यांकन किया गया।

नियमों के अनुसार BCAS की मंजूरी के बिना किसी भी हवाई अड्डे से उड़ानों का संचालन शुरू नहीं किया जा सकता। अब DGCA इस अनापत्ति प्रमाण पत्र के आधार पर अंतिम निरीक्षण करेगी, जिसमें रनवे, टर्मिनल भवन और अन्य बुनियादी सुविधाओं की जांच शामिल होगी। निरीक्षण संतोषजनक रहने पर DGCA एयरोड्रम लाइसेंस जारी कर देगी, जिसके बाद एयरपोर्ट को व्यावसायिक उड़ानों के संचालन की औपचारिक अनुमति मिल जाएगी।

बता दे कि नोएडा अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट केंद्र और राज्य सरकार की एक महत्वाकांक्षी परियोजना है। इस परियोजना के उद्घाटन की लगातार इंतजार किया जा रहा था। लेकिन सुरक्षा संबंधी अनापत्ति प्रमाण पत्र जारी नहीं होने के कारण इसके उद्घाटन की तारीख का ऐलान नहीं किया जा सका था।

Related Articles

Back to top button