अखिलेश यादव की चुनावी सभा में हुआ कुछ ऐसा, सपा के दादरी नगर अध्यक्ष सहित दो मुस्लिम नेताओं ने पद से दिया त्याग पत्र
Something like this happened in Akhilesh Yadav's election rally, two Muslim leaders including SP's Dadri Nagar President resigned from their posts

Panchayat 24 : गौतम बुद्ध नगर लोकसभा सीट पर अखिलेश यादव की चुनावी रैली के एक दिन बाद ही पार्टी के दो मुस्लिम नेताओं ने अपने पद से त्याग पत्र दे दिया है। दोनों नेताओं ने पार्टी जिलाध्यक्ष को इस बारे में सूचित करते हुए पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को भी अपना त्याग पत्र पोस्ट कर दिया है। पार्टी छोड़ने के पीछे दोनों नेताओं ने अखिलेश यादव की चुनावी सभा में मुस्लिम समाज की अनदेखी का आरोप लगाया है।
क्या है पूरा मामला ?
दरअसल, समाजवादी पार्टी के दादरी नगर अध्यक्ष अनीस अहमद बिसाहडिया का परिवार राजनीतिक रूप से समाजवादी पार्टी से जुड रहा है। उनके पिता मुलायम सिंह यादव के साथ पार्टी से जुड़े रहे थे। अनीस अहमद का कहना है कि वर्तमान में समाजवादी पार्टी अपने मूल सिद्धांतों के विपरीत आचरण कर रही है। वर्तमान में गौतम बुद्ध नगर जिला समाजवादी पार्टी संगठन के हालात बहुत ही दयनीय हो चुके हैं। इतन ही नहीं मुस्लिम समाज को हमेशा से ही समाजवादी पार्टी का मूल मतदाता माना जाता है। विधानसभा और लोकसभा चुनाव में मुस्लिम समाज समाजवादी पार्टी के लिए काम करता रहा है। वर्तमान लोकसभा चुनाव में भी पार्टी के लिए मुस्लिम समाज पूरी निष्ठा से लेकिन जिला संगठन मुस्लिम समाज का लगातार अपमान और तिरस्कार कर रहा है। इसके बावजूद मुस्लिम समाज का तिरस्कार और अपमान लगातार किया जा रहा है। इससे क्षुब्ध होकर पार्टी के नगर अध्यक्ष अनीस अहमद बिसाहडिया और अल्पसंख्यक मोर्चा के जिलाध्यक्ष अकबर खान ने अपने पद से त्याग पत्र दे दिया है।
अखिलेश यादव की चुनावी रैली में मुस्लिम समाज को नहीं मिला सम्मान
अनीस अहमद बिसाहडिया का कहना है कि वह पिछले 15 सालों से समाजवादी पार्टी के लिए काम कर रहे है। संगठन की विभिन्न जिम्मेवारियों का भी वह निर्वहन कर चुके हैं। वर्तमान में मुझे पार्टी ने दादरी नगर अध्यक्ष की जिम्मेवारी सौंपी है। सिकन्द्राबाद में समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष अखिलेश यादव की चुनावी सभा में पार्टी के मुस्लिम समाज से जुड़े कई वरिष्ठ और बड़े नेताओं की जिस तरह से अनदेखी और अपमान किया गया वह असहनीय है।
पार्टी के अल्पसंख्यक समाज के वरिष्ठ और बुजुर्ग कार्यकर्ताओं की अखिलेश यादव की चुनावी सभा में पार्टी के जिला संगठन के द्वारा लगातार अनदेखी की गई। चुनावी रैली में भीड़ अल्पसंख्यक समाज के कार्यकर्ता जुटाएंगे और मंच पर हवा हवाई लोगों को सम्मान दिया जाएगा। अल्पसंख्यक वर्ग के कार्यकर्ताओं को नारे लगाने का काम दिया जाएगा। लेकिन मंच पर स्थान नहीं दिया जाएगा। यह मुस्लिम समाज का अपमान है। इससे मुझे काफी कष्ठ पहुंचा है जिसके चलते मैंने अपने पद से त्याग पत्र दे दिया है।
— अनीस अहमद बिसाहडिया, पूर्व समाजवादी पार्टी दादरी नगर अध्यक्ष
वहीं, अल्पसंख्यक मोर्चा प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष अकबर खान ने कहा कि पार्टी के लिए पूरे साल पसीना बहाने वाला कार्यकर्ता की अखिलेश यादव की जनसभा में पूरी तरह से अनदेखी की गई। जो लोग एसी कमरों से भी नहीं निकलते, ऐसे लोगों को सम्मान दिया गया। यह अल्पसंख्यक समाज का अपमान है।
समाजवादी पार्टी की चुनावी रैली में मुस्लिम समाज के नेता और कार्यकर्ता भीड़ जुटाएंगे। बस में लोगों को भरकर चुनावी सभा स्थल तक लेकर जाएंगे। समाजवादी पार्टी के लिए विपरीत परिस्थतियों में भी भारी मात्रा में मतदान मुस्लिम समाज करता है। इसके बावजूद पार्टी के जिला संगठन के अल्पसंख्यक मोर्चा का जिलाध्यक्ष मंच पर स्थान तक नहीं दिया जाता है। वहीं, जो लोग सभा स्थल तक एसी कारों में सवार होकर पहुंचे थे। जो पूरे साल पार्टी संगठन की गतिविधियों में शामिल नहीं होते हैं, ऐसे लोगों को मंच की शोभा बढ़ाने के लिए सम्मान दिया जाता है। क्या मुस्लिम समाज समाजवादी पार्टी का वोटबैंक बनकर रह गया है ? क्या मुस्लिम समाज केवल समाजवादी पार्टी के लिए नारे लगाएगा ? अब ऐसा नहीं चलेगा। सम्मान नहीं तो काम नहीं।
—– अकबर खान, अल्पसंख्यक मोर्चा जिलाध्यक्ष, गौतम बुद्ध नगर
पार्टी जिलाध्यक्ष सुधीर भाटी और राष्ट्रीय प्रवक्ता राजकुमार भाटी पर लगाए गंभीर आरोप
अनीस अहमद और अकबर खान ने समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष सुधीर भाटी और पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता राजकुमार भाटी पर गंभीर आरोप लगाए हैं। अनीस अहमद का कहना है कि अखिलेश यादव की चुनावी सभा में राजकुमार भाटी से मुस्लिम समाज को सम्मान दिए जाने की मांग की थी। उन्होंने कहा कि पार्टी जिलाध्यक्ष राजकुमार भाटी से इस बारे में बात करें। जिलाध्यक्ष सुधीर भाटी से जब इस बारे में बात की गई तो कोई संतुष्टि भरा जवाब नहीं मिला। अनीस अहमद ने अपने त्याग पत्र में लिखा है कि 2022 के विधानसभा चुनाव से लेकर अब तक सुधीर भाटी और राजकुमार भाटी लगातार मुस्लिम समाज के लोगों को अपमानित कर रहे हैं। पार्टी कार्यालय पर आए दिन मुस्लिम समाज के लोगों का तिरस्कार किया जाता है। हीन भावना से देखा जाता है। इन दोनों के द्वारा मुस्लिम समाज के लोगों को पार्टी के किसी भी मंच पर सम्मान नहीं दिया जा रहा है। लोकसभा चुनाव को लेकर पार्टी की मुस्लिम समाज के कार्यकर्ताओं से कोई चर्चा तक नहीं की जा रही है। अब मुस्लिम समाज के लोगों के बीच इस विषय पर चर्चा जोर शोर से हो रही है।
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की चुनावी रैली एक बड़ा आयोजन है। किसी कारण से हो सकता है कुछ लोगों को ऐसा महसूस हो रहा हो कि उनका सम्मान नहीं हुआ है। परिवार का मामला है। सभी लोग मिलकर पार्टी उम्मीदवार को चुनाव लड़ाएंगे।
—— सुधीर भाटी, जिलाध्यक्ष समाजवादी पार्टी, गौतम बुद्ध नगर
वहीं, अकबर खान का कहना है समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय एवं प्रदेश स्तरीय नेतृत्व से उन्हें कोई शिकायत नहीं है। लेकिन जिला संगठन के कुछ लोग मुस्लिम समाज के साथ सौतेला व्यवहार कर रहे हैं। अकबर खान ने राजकुमार भाटी पर सीधा आरोप लगाते हुए कहा कि जिले में वह समाजवादी पार्टी के कर्ताधर्ता है। वह मुस्लिम समाज को पार्टी स्तर पर अनदेखा कर रहे हैं। मुस्लिम समाज समाजवादी पार्टी का एकमुश्त वोटर रहा है। मुस्लिम कार्यकर्ता और पदाधिकारी नारे लगाएंगे, पार्टी मंच पर हवा हवाई लोगों को सम्मान दिया जाएगा।
मेरे बारे में जो भी बाते कही गई है, पूरी तरह बेबुनियाद हैं। समाजवादी पार्टी में सभी लोगों को और हर समाज को सम्मान मिलता है। यह मामला पार्टी का अंदरूनी मामला है। मिल बैठकर एक दूसरे की नाराजगी दूर की जाएगी। पार्टी गौतम बुद्ध नगर लोकसभा सीट पर मजबूती स्थिति में है। पार्टी के सभी कार्यकर्ता मिलकर पार्टी प्रतयाशी को चुनाव लड़ाएंगे।
—— राजकुमार भाटी, राष्ट्रीय प्रवक्ता, समाजवादी पार्टी