श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मथुरा-वृंदावन को दी 664 करोड़ से तैयार योजनाओं की बड़ी सौगात
On the occasion of Shri Krishna Janmashtami, Chief Minister Yogi Adityanath gave a big gift of schemes worth Rs 664 crore to Mathura-Vrindavan

Panchayat 24 (लखनऊ) : भगवान श्रीकृष्ण के 5252वें जन्मोत्सव के पावन अवसर पर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार को मथुरा पहुंचकर पूज्य साधु-संतों के सम्मान समारोह में हिस्सा लिया। उन्होंने मथुरा-वृंदावन को करीब 646 करोड़ रुपये की लागत वाली 118 विकास परियोजनाओं की सौगात दी और बृजक्षेत्र के समग्र विकास के लिए 30 हजार करोड़ रुपये की नई कार्ययोजना की घोषणा की। इस दौरान उन्होंने बच्चों को दुलारा, खीर खिलाकर जन्मोत्सव मनाया और संतजनों का सम्मान किया। समारोह के दौरान गोवर्धन पर्वत की परिक्रमा की महिमा पर आधारित डॉक्यूमेंट्री फिल्म का विमोचन एवं अवलोकन किया। इस डॉक्यूमेंट्री फिल्म को तैयार करने वाली श्रुति अनंदिता वर्मा का भी सम्मान किया।
भारत की आध्यात्मिक विरासत ही दुनिया को संकट से उबारने में सक्षम
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर देश और दुनिया से भक्त यहां भक्तिमय भाव के साथ एकत्रित हुए हैं। मथुरा की पावन माटी और इसके रज-रज में श्रीकृष्ण बसे हैं। ऐसी भक्ति दुनिया में कहीं और मिलना दुर्लभ है। उन्होंने भारत को आध्यात्मिकता और आधुनिक विकास के संगम के रूप में स्थापित करने की बात कही। उन्होंने कहा जब भी विश्व को संकट से उबरना होगा, भारत की आध्यात्मिक विरासत ही स्थायी शांति और सौहार्द का मार्ग प्रशस्त करेगी।
बृजक्षेत्र के लिए 30 हजार करोड़ की कार्ययोजना की घोषणा
योगी आदित्यनाथ ने बृजक्षेत्र के समग्र विकास के लिए 30 हजार करोड़ रुपये की नई कार्ययोजना की घोषणा की। उन्होंने कहा कि यह कार्ययोजना मथुरा, वृंदावन, बरसाना और गोकुल जैसे तीर्थ स्थलों को द्वापर युग की स्मृतियों से जोड़ेगी। उन्होंने काशी विश्वनाथ धाम, अयोध्या और विंध्यवासिनी धाम के निर्माण का का भी जिक्र किया।
यमुना की निर्मलता और अविरलता के लिए जताई प्रतिबद्धता
मुख्यमंत्री ने गंगा की निर्मलता और अविरलता का उदाहरण देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में गंगा आज स्नान और आचमन योग्य हो चुकी है। 2025 के प्रयागराज महाकुम्भ इसका बड़ा उदाहरण है। सरकार यमुना की अविरलता और निर्मलता के लिए पूरी ईमानदारी से काम कर रही है। उन्होंने बरसाना में रोपवे को बुजुर्गों के लिए बड़ी राहत बताया।
सज्जनों के संरक्षण और दुष्टों के संहार के लिए हुआ था श्रीकृष्ण अवतार
मुख्यमंत्री ने भगवान श्रीकृष्ण के जन्म के उद्देश्य को याद करते हुए कहा कि उनका अवतार सज्जनों के संरक्षण और दुष्टों के संहार के लिए हुआ था। उन्होंने युद्धभूमि को धर्मभूमि में बदल दिया। श्रीकृष्ण के निष्काम कर्म को अपनी प्रेरणा बताया। जब तक यह प्रेरणा हमारे बीच है, कोई हमारा बाल भी बांका नहीं कर सकता।
इन परियोजनाओं की दी सौगात
मुख्यमंत्री ने मथुरा-वृंदावन के लिए 646 करोड़ रुपये की 118 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इसमें 80 परियोजनाओं का लोकार्पण किया गया जिनकी लागत करीब 273 करोड़ रुपए है। वहीं 38 परियोजनाओं का शिलान्यास मुख्यमंत्री ने किया, जिनकी लागत करीब 373 करोड़ रुपए है। इनमें परिक्रमा मार्गों का सौंदर्यीकरण, प्रवेश द्वार, कुंडों का जीर्णोद्धार, श्रद्धालुओं की सुविधा, कनेक्टिविटी, जल संरक्षण और पर्यावरण संरक्षण से जुड़ी परियोजनाएं शामिल हैं।