स्वतंत्रदेव सिंह का विपक्ष पर बड़ा बयान : किसानों के बाद जवानों को भड़का कर आग लगवा रहा है विपक्ष
Panchayat24 : केन्द्र की शॉर्ट टर्म सेना भर्ती योजना अग्निपथ को लेकर देश भर में मचे बवाल के बीच उत्तर प्रदेश भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष और कैबिनेट मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने विपक्ष पर बड़ा हमला बोला है। विपक्ष दलों पर आरोप लगाते हुए स्वतंंत्र देव सिंह ने कहा हे कि पहले विपक्ष को भड़काया अब जवानों को भड़काएंगे। राजनीति के लिए यह विपक्षी दल कब तक आग लगाएंगे। बता दें कि स्वतंत्रदेव सिंह का यह बयान उस समय आया है जब अग्निपथ योजना को लेकर विपक्षी दलों ने केन्द्र सरकार के फैसले की आलोचना की है।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार स्वतंत्रदेव सिंह पूर्व में भी विपक्ष पर गंभीर आरोप लगा चुके हैं। लखनऊ स्थित नार्मल स्कूल के मैदान पर गरीब कल्याण जनसभा को संबोधित करते अखिलेश यादव पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा था कि वह विधानसभा चुनावों से पूर्व दंगा कराना चाहते थे। लेकिन वह नाकाम रहे। बता दें कि केन्द्र सरकार द्वारा लाए गए तीन कृषि कानूनों के विरोध में किसानों ने लगभग 13 महीनों तक आन्दोलन किया था। आन्दोलन के दौरान लाल किला कांड और कई बार हिंसा और उपद्रव हुआ था। वहीं सभी विपक्षी दलों ने किसानों के आन्दोलन को समर्थन दिया था। सरकार ने कई दौर की वार्ता कर किसानों को तीन कृषि कानूनों को लेकर समझाने का प्रयास किया था लेकिन किसान अपनी मांगों पर डटे रहे। किसानों की मजबूती के पीछे एक महत्वपूर्ण कारण सभी विपक्षी दलों द्वारा दिया गया समर्थन था। परिणामस्वरूप सरकार को तीनों कृषि कानून वापस लेने पड़े। भाजपा लगातार विपक्षी राजनीतिक दलों पर यह आरोप लगाती रही है कि विपक्षी दलों ने निजी हित में किसानों को भ्रमित करने का काम किया है। वहीं केन्द्र सरकार द्वारा लाए गए शॉर्ट टर्म सेना भर्ती योजना में भी जिस तरह से विपक्षी दल बयान दे रहे हैं और प्रदर्शनकारियों के पक्ष में खड़े दिख रहे है, स्वतंत्रदेव सिंह के बयान को इसी संदर्भ में देखा जा रहा है।