सामाजिक कुरीति : दहेज में नहीं दिए 10 लाख नकद और स्विफ्ट कार तो नहीं उठी बेटी की डोली
Social evil: 10 lakh cash and swift car not given in dowry, daughter's doli did not rise
Panchayat24.com : शादी से चंद घंटे पूर्व दूल्हा पक्ष ने दुल्हन के पिता से दहेज में 10 लाख रूपये और स्विफ्टकार की मांग कर दी। दुल्हन पक्ष बारात आने का इंतजार करता रहा लेकिन दहेज नहीं देने पर दुल्हा पक्ष बारात लेकर नहीं पहुंचा। सारी तैयारियोंं के बावजूद एक बेटी की डोली नहीं उठ सकी। घटना के बाद से पूरे परिवार में मातम छाया हुआ है। वहीं पुलिस ने मामला संज्ञान में आने पर कार्रवाई शुरू कर दी है। मामला देवबंद कोतवाली क्षेत्र का है।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार देवबंद कोतवाली क्षेत्र के ताशीपुरा गांव निवासी शमशाद की बेटी की शादी पांडुुलि गांव निवासी सादिक के बेटे से तय हुई थी। सगाई की रस्म भी एक साल पूर्व ही हो चुकी थी। बीती 21 मई को बारात आनी थी। लड़की पक्ष ने लडका पक्ष की सहमति पर दहेज का सारा सामान भी बीती 15 मई को उनके घर पहुंचा दिया था।
उस समय तक अतिरिक्त दहेज की कोई मांग नहीं की गई थी। लड़की पक्ष ने लड़के की पसंद की बाइक भी दहेज में दी थी। 21 मई को लड़की के पिता शमशाद ने लड़के के पिता से खराब मौसम के चलते जल्दी बारात लेकर आने के लिए फोन किया था। लेकिन लड़के के पिता ने कहा कि उनका लड़का घर से गायब है।
पहले दहेज में 10 लाख रूपये और एक स्विफ्ट कार दो तभी बारात आएगी। दहेज की इतनी बड़ी मांग सुनकर पीडित पिता के होश उड़ गए। काफी समझाने बुझाने के प्रयास हुए लेकिन कोई लाभ नहीं हुआ। तय समय पर लड़की पक्ष बारात का इंतजार करता रहा, लेकिन बारात नहीं आई। पुलिस ने पीडित पिता की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार जांच के बाद मामले में उचित कार्रवाई की जाएगी।