पुलिस मुठभेड़ में अनिल दुजाना गिरोह के शॉर्प शूटर को लगी गोली
Sharp shooter of Anil Dujana gang shot in police encounter
Panchayat24.com : बुधवार शाम को पुलिस मुठभेड़ में अनिल दुजाना गिरोह का शॉर्प शूटर गोली लगने से घायल हो गया। पुलिस ने आरोपी को घायल अवस्था में उपचार के लिए करीब के अस्पताल में भर्ती कराया है। पुलिस के अनुसार आरोपी पर 75 हजार का ईनाम है और वह गैंगस्टर और 307 के मामलों में वांछित चल रहा था। पुलिस आरोपी के अपराधिक इतिहास को खंगाल रही है। मामला दादरी थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के अनुसार पुलिस क्षेत्र में गश्त एवं वाहन तलाशी अभियान चला रही थी। तभी रामगढ़ फाटक के पास पुलिस को एक सेंट्रो कार आती हुई दिखाई दी। पुलिस ने कार चालक को रूकने का इशारा किया। पुलिस को देखकर कार चालक ने भागने का प्रयास किया। पुलिस को शक हुआ और कार का पीछा किया। अचानक कार सवार युवक ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी और कार छोड़कर भागने का प्रयास किया। पुलिस टीम ने भी जवाबी कार्रवाई की। पुलिस की एक गोली आरोपी के पैर में लग गई। घायल अवस्था में पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान अनुज निवासी सिहानी गेट गाजियाबाद के रूप में हुई है। अनुज मूलरूप से हापुड़ जिले का रहने वाला है। उसके पास से पुलिस ने एक पिस्टल और जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार अनुज अनिल दुजाना और रणदीप गिरोह के लिए काम करता रहा है।