दर्दनाक हादसा : ग्रेटर नोएडा वेस्ट की हाईराइज सोसायटी में टावर से प्लास्टर गिरने से निवासी की मौत

Panchayat 24 (ग्रेटर नोएडा) : बिसरख क्षेत्र स्थित अरिहंत अम्बर आवासीय सोसायटी में शनिवार को हुए एक दुखद हादसे ने स्थानीय निवासियों को स्तब्ध कर दिया। टावर की ऊपरी मंजिल से प्लास्टर का बड़ा टुकड़ा गिरने से एक निवासी की जान चली गई। घटना के बाद पूरे परिसर में शोक की लहर दौड़ गई, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। सोसायटी के लोगों ने भवन रखरखाव में लापरवाही का आरोप लगाते हुए जिम्मेदार पक्षों के खिलाफ कार्रवाई की मांग उठाई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, टावर-डी में रहने वाले विकास चावला शनिवार को अपने घर से दोपहिया वाहन लेकर बाजार जाने के लिए निकले थे। वह एक निजी कंपनी में कार्यरत थे और अपने परिवार के साथ सोसायटी में निवास करते थे। उनके परिवार में पत्नी, बच्चे तथा माता-पिता शामिल हैं।
स्थानीय लोगो के अनुसार, विकास जैसे ही पार्किंग क्षेत्र से निकलकर खुले हिस्से में पहुंचे, उसी दौरान इमारत की ऊंचाई से प्लास्टर का भारी हिस्सा टूटकर उन पर आ गिरा। अचानक हुए इस हादसे से वह बाइक पर नियंत्रण नहीं रख सके और वाहन समीप स्थित दीवार से टकरा गया। जोरदार आवाज सुनकर आसपास मौजूद लोग तत्काल मौके पर पहुंचे।
घटना में गंभीर रूप से घायल हुए विकास को स्थानीय निवासियों की मदद से तत्काल निकटवर्ती निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। मौत की सूचना मिलते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। अस्पताल से लेकर सोसायटी परिसर तक गमगीन माहौल बना रहा।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। बिसरख कोतवाली पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच में जुटी हुई है। एसएसआई राजवीर सिंह ने बताया कि मामले की सभी पहलुओं से पड़ताल की जा रही है।
सोसायटी के लोगों का कहना है कि इमारतों से प्लास्टर झड़ने की समस्या लंबे समय से बनी हुई थी। इस संबंध में कई बार बिल्डर और मेंटेनेंस एजेंसी को शिकायतें भी दी गई थीं। आरोप है कि बाहरी दीवारों और छज्जों की स्थिति लगातार खराब होती जा रही थी, लेकिन समय रहते मरम्मत और सुरक्षा उपाय नहीं किए गए।
निवासियों का मानना है कि यदि भवन की नियमित जांच और आवश्यक रखरखाव कराया गया होता तो इस दुर्घटना को रोका जा सकता था। गौरतलब है कि ग्रेटर नोएडा वेस्ट की विभिन्न बहुमंजिला सोसायटियों में पहले भी प्लास्टर गिरने की घटनाएं सामने आती रही हैं, जिनमें कई लोग घायल हो चुके हैं।
हादसे के बाद सोसायटी के लोगों में भारी नाराजगी है । निवासियों ने प्रशासन से निष्पक्ष जांच, दोषियों की जवाबदेही तय करने तथा पूरी इमारत का विस्तृत तकनीकी और संरचनात्मक ऑडिट कराने की मांग की है। उनका कहना है कि ऊंची इमारतों में रहने वाले हजारों लोगों की सुरक्षा से समझौता नहीं किया जा सकता।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि भवनों की गुणवत्ता और रखरखाव को लेकर सख्त कदम नहीं उठाए गए तो भविष्य में इससे भी गंभीर घटनाएं सामने आ सकती हैं।




