नोएडा जोन

निर्माणाधीन मकान की शटरिंग गिरने से एक मजदूर की मौत, दूसरा घायल

Panchayat 24 (नोएडा) : थाना सेक्टर-113 क्षेत्र के ग्राम सर्फाबाद में गुरुवार को एक निर्माणाधीन मकान में शटरिंग गिरने से बड़ा हादसा हो गया। इस दुर्घटना में दो मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनमें से एक की उपचार के दौरान मृत्यु हो गई।

पुलिस के अनुसार, डायल-112 के माध्यम से सूचना प्राप्त हुई कि सर्फाबाद स्थित एक निर्माणाधीन भवन की शटरिंग अचानक ढह गई है, जिससे वहां काम कर रहे दो श्रमिक मलबे की चपेट में आ गए। सूचना मिलते ही थाना सेक्टर-113 पुलिस मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू कराया।

घायलों की पहचान मोहित पाल मूल निवासी जिला हरदोई, वर्तमान निवासी ग्राम पर्थला तथा जीतू मूल निवासी जिला धौलपुर (राजस्थान), वर्तमान निवासी ग्राम सर्फाबाद के रूप में हुई है।

पुलिस द्वारा दोनों घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया। उपचार के दौरान मोहित पाल की हालत गंभीर बनी रही और चिकित्सकों ने उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन अंततः उनकी मृत्यु हो गई। वहीं, दूसरे घायल जीतू का इलाज जारी है।

घटना की सूचना मिलते ही फील्ड यूनिट टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य एकत्र किए और हादसे के कारणों की जांच प्रारंभ कर दी। प्रारंभिक तौर पर शटरिंग के असंतुलित होने या तकनीकी लापरवाही को हादसे की वजह माना जा रहा है, हालांकि अंतिम निष्कर्ष जांच के बाद ही सामने आएगा।

मृतक के परिजन मौके पर पहुंच गए हैं। पुलिस ने शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस द्वारा आवश्यक विधिक कार्यवाही की जा रही है।

Related Articles

Back to top button