नोएडा जोन

नोएडा श्रमिक आंदोलन हिंसा : एक लाख का इनामी मास्टरमाइंड गिरफ्तार, तमिलनाडु से पकड़ा गया

Panchayat 24 (नोएडा): गौतमबुद्धनगर पुलिस कमिश्नरेट ने श्रमिक आंदोलन के दौरान भड़की हिंसा के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए मुख्य साजिशकर्ता को गिरफ्तार कर लिया है।

कार्रवाई को गौतम बुद्ध नगर पुलिस और एसटीएफ की संयुक्त टीम द्वारा अंजाम दी गई। कई राज्यों में लगातार दबिश और तकनीकी निगरानी के जरिए पुलिस को सफलता हाथ लगी।जांच के दौरान सामने आया कि आरोपी ने श्रमिक प्रदर्शन के दौरान हुई हिंसक घटनाओं को भड़काने और उन्हें संगठित रूप देने में आरोपी की अहम भूमिका थी। पुलिस का कहना है कि वह पूरे घटनाक्रम का मुख्य मास्टरमाइंड था और उसी के इशारे पर उपद्रव को अंजाम दिया गया।

पुलिस के अनुसार, आदित्य आनंद नामक आरोपी को तमिलनाडु के तिरुचापल्ली रेलवे स्टेशन से दबोचा गया। उस पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित था और वह घटना के बाद से लगातार फरार चल रहा था। मामले में पहले ही थाना फेस-2 में मुकदमा दर्ज किया जा चुका था। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए अदालत द्वारा गैर-जमानती वारंट भी जारी किया गया था। गिरफ्तारी से बचने के लिए वह लगातार अपनी लोकेशन बदल रहा था, लेकिन इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस ने उसकी तलाश आसान कर दी।

पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर रही है, जिससे इस पूरे मामले में शामिल अन्य लोगों और संभावित साजिश के पहलुओं का खुलासा होने की उम्मीद है। अधिकारियों का मानना है कि इस गिरफ्तारी से मामले की कई परतें खुल सकती हैं और आंदोलन के पीछे की रणनीति सामने आ सकती है।

Related Articles

Back to top button