दादरी विधानसभास्पेशल स्टोरी

भाजपा में गुटबाजी के बीच जनसंवाद और सम्‍मान कार्यक्रमों में दादरी विधानसभा की नब्‍ज टटोल रहे है जेवर विधायक ठाकुर धीरेन्‍द्र सिंह, जानिए दादरी में कौनसा गुट कितने पानी में ?

In the midst of factionalism in the BJP, the pulse of Dadri assembly is being tracked in the public dialogue and honor programs, Jewar MLA Thakur Dhirendra Singh, know which faction is in Dadri in how much water?

डॉ देवेन्‍द्र कुमार शर्मा

Panchayat 24 : जेवर विधायक ठाकुर धीरेन्‍द्र सिंह आजकल दादरी विधानसभा क्षेत्र में काफी रूचि दिखा रहे हैं। पिछले कुछ दिनों से उनकी दादरी विधानसभा में सक्रियता भी बढ़ी है। दादरी विधानसभा क्षेत्र के ग्रेटर नोएड, ग्रेटर नोएडा वेस्‍ट में लोगों के साथ वह जनसंवाद कार्यक्रमों में देखे जा रहे हैं, वहीं हाल ही में दादरी नगर में भी एक सम्‍मान समारोह कार्यक्रम में भी उन्‍होंने राजपूत समाज के बीच उपस्थिति दर्ज कराई है। दादरी विधानसभा में ठाकुर धीरेन्‍द्र सिंह की इस सक्रियता के राजनीतिक मायने निकाले जा रहे हैं।

जानकार मानते हैं कि भाजपा में जारी गुटबाजी के कारण धीरेन्‍द्र सिंह आगामी लोकसभा चुनाव 2024 में वर्तमान सांसद डॉ महेश शर्मा के विरूद्ध पार्टी के सामने अपनी दावेदारी पेश करने का मन बना चुके हैं। उनके द्वारा जहां पार्टी स्‍तार पर लॉबिंग शुरू कर दी गई है, वहीं  दादरी विधानसभा में उनकी सक्रियता को लोगों की नब्‍ज टटोलने से जोड़कर देखा जा रहा है।

दरअसल, हाल ही में सम्‍पन्‍न हुए उत्‍तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2022 से पूर्व गौतम बुद्ध नगर भाजपा में शुरू हुई गुटबाजी को लेकर जिस प्रकार के राजनीतिक कयास लगाए जा रहे थे, चुनाव के बाद ठीक वैसा ही राजनीतिक परिदृय बन रहा है। जिले में दो धड़ों में बंट चुकी भाजपा में गुटबाजी जोर पकड़ रही है। दोनों ही गुटों के बीच शह मात का खेल भी शुरू हो चुका है। कुल मिलाकर दोनों गुट जिला भाजपा में अपना वर्चस्‍व चाहते हैं।

गुटबाजी की शुरूआत

साल 2014 में डॉ महेश शर्मा गौतम बुद्ध नगर से भाजपा के पहली बार सांसद बने। इस समय ठाकुर धीरेन्‍द्र सिंह जिले में कांग्रेस के बड़े नेता के रूप में जाने जाते थे। उनका नाम भट्टा पारसौल किसान आन्‍दोलन में उस समय सामने आया जब कांग्रेस के तत्‍कालीन राष्‍ट्रीय अध्‍यक्ष राहुल गांधी भट्टा पारसौल पहुंचे। धीरेन्‍द्र सिंह जेवर विधानसभा से कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़े, लेकिन हार गए।

साल 2017 के चुनाव में गौतम बुद्ध नगर में राजनीतिक परिस्थितियां तेजी से बदली। ठाकुर धीरेन्‍द्र सिंह ने कांग्रेस छोडकर भाजपा ज्‍वाइन कर ली। इस चुनाव में डॉ महेश शर्मा और ठाकुर धीरेन्‍द्र सिंह एक साथ खड़े हुए नजर आए। लेकिन 2019 के लोकसभा में ठाकुर धीरेन्‍द्र सिंह और डॉ महेश शर्मा के बीच मनमुटाव शुरू हो गया। डॉ महेश शर्मा गुट के लोगों का कहना है कि इस चुनाव में ठाकुर धीरेन्‍द्र सिंह ने डॉ महेश शर्मा की खिलाफत की थी। यही कारण रहा कि साल 2022 में सम्‍पन्‍न हुए विधानसभा चुनावों में डॉ महेश शर्मा और उनके समर्थकों द्वारा ठाकुर धीरेन्‍द्र सिंह का विरोध किया।

टकराव का कारण ईगो फैक्‍टर

पार्टी जानकारों की माने तो दोनों नेताओं के बीच अहम का टकराव मनमुटाव का मुख्‍य कारण बना। वहीं पार्टी के कुछ लोगों का मानना है कि भाजपा के अन्‍दर एक ऐसा वर्ग था जो सांसद डॉ महेश शर्मा और जेवर विधायक ठाकुर धीरेन्‍द्र शर्मा, दोनों से करीबी रखता था। इस वर्ग ने ही दोनों के बीच गलतफहमी पैदा कर की। इस गलत फहमी के कारण डॉ महेश शर्मा और ठाकुर धीरेन्‍द्र सिंह के बीच बड़ी खाई पैदा हो चुकी है।

दादरी विधानसभा में धीरेन्‍द्र सिंह की रूचि क्‍यों ?

दादरी विधानसभा में धीरेन्‍द्र सिंह की सक्रियता को राजनीतिक संकेत के तौर पर देखा जा रहा है। जानकारो का मानना है कि दादरी जिले की आर्थिक और राजनीतिक केन्‍द्र रही है। नोएडा और ग्रेटर नोएडा बनने के बाद दादरी की वह आर्थिक स्थिति नहीं रही है, लेकिन आज भी राजनीतिक केन्‍द्र दादरी को ही माना जाता है। ऐसे में बिना दादरी को साधे जिले की राजनीति को साधना किसी के लिए भी संभव नहीं है।

वर्तमान में दादरी में कौनसा गुट कहां खड़ा है ?

जानकार मानते हैं कि जिले की तीनों विधानसभा सीटें भाजपा के खाते में हैं। नोएडा सीट पर जहां डॉ महेश शर्मा की पकड़ मजबूत मानी जाती है, वहीं जेवर विधानसभा सीट पर धीरेन्‍द्र सिंह लोगों के बीच काफी लोकप्रिय हैं। ऐसे में दोनों गुटों के बीच दादरी विधानसभा को लेकर कूटनीतिक लड़ाई महत्‍वपूर्ण हो जाती है। वैसे तो दादरी विधानसभा सीट पर सांसद होने के नाते डॉ महेश शर्मा काफी लोकप्रिय हैं। राज्‍यसभा सांसद सुरेन्‍द्र सिंह नागर दादरी विधानसभा पर अच्‍छा खासा प्रभाव और दखल रखते है। यह बात ठाकुर धीरेन्‍द्र सिंह गुट के पक्ष में जाती है। लेकिन स्‍थानीय विधायक तेजपाल सिंह नागर, एमएलसी श्रीचंद शर्मा और एमएलसी नरेन्‍द्र सिंह भाटी की उपस्थिति दादरी विधानसभा सीट पर डॉ महेश शर्मा को निर्णय बढ़त और मजबूत पकड़ का मुख्‍य कारण है।

 

 

Related Articles

Back to top button