ग्रेटर नोएडा वेस्ट में तेज रफ्तार कैंटर ने सड़क किनारे आराम कर रहे लोगों को कुचला, दो की मौत, एक की हालत गंभीर, जानिए क्या है पूरा मामला ?
In Greater Noida West, a speeding canter crushed people resting on the roadside, two died, one is in critical condition,

Panchayat 24 : सेंट्रल नोएडा जोन के ग्रेटर नोएडा वेस्ट में सर्विस रोड़ के किनारे आराम करना लोगों को भारी पड़ गया। इन लोगों के लिए एक कैंटर मौत बनकर आया और कुचलता चला गया। दर्दनाक हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, एक व्यक्ति को गंभीर चोट आई है। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल को उपचार के लिए करीब के अस्पताल में भर्ती कराया। गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्कसों ने उसको दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल के लिए रेफर कर दिया जहां उसका उपचार चल रहा है। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं आरोपी चालक हादसे को अंजाम देकर मौके से फरार हो गया। पुलिस आरोपी कैंटर चालक की तलाश कर रही है। मामला बिसरख कोतवाली क्षेत्र का है।
क्या है पूरा मामला ?
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार बिसरख कोतवाली क्षेत्र के अन्तर्गत स्थित गौर मॉल के पास चार मर्ति की ओर आने वाली सर्विस रोड़ पर बीते बुधवार देर रात लगभग 11:30 बजे एक हाईड्रा और एक रिकवरी वैन चालक सड़क के किनारे चारपाई पर सो रहे थे। ईटेडा गोलचक्कर की ओर से आने वाली सर्विस रोड़ पर एक अनियंत्रित कैंटर ने उनको टक्कर मार दी। हादसे में पूरन सिंह (30) निवासी मैनपुर और विनोद (22) निवासी बदायूं और श्याम सिंह निवासी हाथरस गंभीर रूप से घायल हो गए। आरोपी कैंटर चालक मौके का फायदा उठाकर फरार हो गया। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराने का प्रयास किया। पूरन सिंह और विनोद ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। पुलिस ने श्याम सिंह को उपचार के लिए करीब के अस्पताल में भर्ती कराया जहां से उसकी गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से आरोपी कैंटर चालक की तलाश कर रही है।