आईपीएल खत्म, रोमांच नहीं : अब बिग क्रिकेट लीग में दिखेगा सितारों का जलवा, टी-20 फार्मेट में ग्रेटर नोएडा होगा आगाज

Panchayat 24 (ग्रेटर नोएडा) : आईपीएल 2026 के समापन के बाद क्रिकेट प्रेमियों के लिए रोमांच का सिलसिला थमने वाला नहीं है। अब क्रिकेट का नया उत्साह और जोश बिग क्रिकेट लीग (बीसीएल) के रूप में ग्रेटर नोएडा में देखने को मिलेगा। पहली बार ग्रेटर नोएडा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का क्रिकेट ग्राउंड इस प्रतिष्ठित लीग की मेजबानी करने जा रहा है, जहां अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के कई दिग्गज खिलाड़ी मैदान पर अपना जलवा बिखेरेंगे।
बिग क्रिकेट लीग का दूसरा सीजन 3 जून से शुरू होकर 13 जून तक चलेगा। इस दौरान छह फ्रेंचाइजी टीमें टी-20 प्रारूप में कुल 18 मुकाबले खेलेंगी। क्रिकेट प्रेमियों के लिए सबसे बड़ी खुशखबरी यह है कि सभी मैचों के लिए स्टेडियम में प्रवेश पूरी तरह निशुल्क रहेगा। साथ ही दर्शकों की सुविधा के लिए पार्किंग की भी विशेष व्यवस्था की गई है।
टूर्नामेंट में भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व सलामी बल्लेबाज शिखर धवन, दिग्गज स्पिनर हरभजन सिंह, वेस्टइंडीज के विस्फोटक बल्लेबाज क्रिस गेल, न्यूजीलैंड के पूर्व कप्तान रॉस टेलर, श्रीलंका के थिसारा परेरा और तिलकरत्ने दिलशान जैसे विश्व प्रसिद्ध खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। इन सितारों को एक साथ खेलते देखने का अवसर क्रिकेट प्रेमियों के लिए किसी उत्सव से कम नहीं होगा।
बिग क्रिकेट लीग के मुख्य संरक्षक पुनीत सिंह ने बताया कि ऑनलाइन ट्रैवल टेक कंपनी ईज माई ट्रिप के सहयोग से आयोजित इस लीग की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि देशभर से चयनित 60 शौकिया क्रिकेटरों को इन महान खिलाड़ियों के साथ खेलने का अवसर मिलेगा। इसके अलावा कई पूर्व आईपीएल खिलाड़ी भी इस प्रतियोगिता में भाग लेंगे, जिससे मुकाबले और अधिक रोमांचक बनेंगे।
भारत में लीग का सीधा प्रसारण यूरो स्पोर्ट्स पर किया जाएगा, जबकि डिजिटल प्लेटफॉर्म फैनकोड पर इसकी लाइव स्ट्रीमिंग उपलब्ध रहेगी। इसके अलावा लीग से जुड़े विभिन्न नेटवर्क के माध्यम से 11 दिनों तक चलने वाले इस टूर्नामेंट का प्रसारण 25 से अधिक देशों में किया जाएगा।
बिग क्रिकेट लीग के लीग कमिश्नर एवं भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान दिलीप वेंगसरकर ने कहा कि लीग का उद्देश्य युवा खिलाड़ियों को विश्वस्तरीय मंच प्रदान करना है, जहां वे अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर सकें और क्रिकेट के महान खिलाड़ियों के साथ खेलकर अनुभव प्राप्त कर सकें।
इस आयोजन को सफल बनाने के लिए ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण भी सक्रिय भूमिका निभा रहा है। प्राधिकरण के सीईओ एनजी रवि कुमार के निर्देश पर एसीईओ प्रेरणा सिंह ने संबंधित विभागों की बैठक कर सभी तैयारियों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए हैं।
क्रिकेट के प्रति बढ़ते उत्साह और अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों की मौजूदगी को देखते हुए यह टूर्नामेंट न केवल ग्रेटर नोएडा बल्कि पूरे एनसीआर के खेल प्रेमियों के लिए एक बड़ा आकर्षण बनने जा रहा है। आईपीएल के बाद अब क्रिकेट का रोमांच बिग क्रिकेट लीग के जरिए लगातार जारी रहेगा।



