स्पेशल स्टोरी

दीपक भाटी और मुकेश यादव ने गौतम बुद्ध नगर कांग्रेस संगठन की बाजी जीती, जनता का अग्निपथ बाकी

Deepak Bhati and Mukesh Yadav won the election of Gautam Buddha Nagar Congress organization, public's Agneepath is yet to happen

डॉ देवेन्‍द्र कुमार शर्मा

Panchayat 24 : कांग्रेस पार्टी ने उत्‍तर प्रदेश में जिला एवं शहरी कांग्रेस कमेटियों के अध्‍यक्षों के नामों की घोषणा कर दी है। गौतम बुद्ध नगर जिले की कमान फिर से पार्टी ने दीपक भाटी चोटीवाला को सौंपी है। वहीं, नोएडा शहर की जिम्‍मेवारी मुकेश यादव के दी है। दोनों पर पार्टी ने एक बार फिर से बड़ा विश्‍वास जताया है। कांग्रेस पार्टी की ओर से जारी सूची के बाद स्‍पष्‍ट हो गया है कि दीपक भाटी और मुकेश यादव अन्‍य दावेदारों पर भारी पड़े हैं। फिलहाल दोनों ने पार्टी संगठन में अपना दबदबा कायम रखते हुए अपनी बदाशाहत कायम रखी है। भविष्‍य में उनके सामने बड़ी चुनौतियां हैं। उत्‍तर प्रदेश में आगामी साल 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव में उन्‍हें जनता के अग्निपथ से गुजरना होगा।

दरअसल, गौतम बुद्ध नगर जिले के गठन के बाद बाद जिले में कांग्रेस पार्टी का प्रदर्शन बेहद निराशजनक रहा है। पार्टी का संगठन लगातार कमजोर हुआ है और पार्टी का परंपरागत वोटबैंक में तेजी से कमी आई है। लोकसभा चुनाव से लेकर स्‍थानीय चुनावों तक में पार्टी की शर्मनाक हार हुई है अथवा पार्टी उम्‍मीदवार तक चुनाव मैदान में नहीं उतार सकी है। वर्तमान में गौतम बुद्ध नगर लोकसभा सीट, नोएडा, दादरी एवं जेवर विधानसभाएं तथा दो एमएलसी सहित जिले की एक मात्र नगरपालिका और तीन नगर पंचायतों पर केन्‍द्र और प्रदेश की सत्‍ताधारी पार्टी भाजपा का कब्‍जा है। यहां तक की जिले में दो नगर पंचायतों पर निर्दलीय उम्‍मीदवारों ने भी जीत दर्ज की है, लेकिन यहां भी कांग्रेस की झोली खाली रही है। संकेत स्‍पष्‍ट है कि जिला गौतम बुद्ध नगर और नोएडा महानगर में कांग्रेस पार्टी का जनाधार रसातल में मिल गया है। ऐसे में दीपक भाटी और मुकेश यादव के कंधों पर जनता के बीच पार्टी का भरोसा कायम करना एक बड़ी चुनौती होगी।

एनडीए विरोधी इंडिया गठबंधन में देश और उत्‍तर प्रदेश में तेजी से राजीनतिक समीकरण बदल रहे हैं। भले ही पिछला लोकसभा चुनाव कांग्रेस ने उत्‍तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी के साथ मिलकर लड़ा हो, लेकिनह बदलते राजनीतिक परिदृश्‍य में पार्टी आगामी विधानसभा चुनाव 2027 में अकेले ही चुनाव मैदान में उतरने के विकल्‍प पर विचार कर सकती है। इसकी प्रबल संभावनाएं भी हैं। कांग्रेस पार्टी भी जानती है कि दिल्‍ली एनसीआर के सबसे अहम जिले में पार्टी संगठन की हालत बहुत खराब है। ऐसे में जिलाध्‍यक्ष के रूप में दीपक भाटी को और नोएडा नगर अध्‍यक्ष के रूप में मुकेश यादव को चुना जाना पार्टी की आगामी रणनीति में उनकी अहम भूमिका को दर्शाता है।

गौतम बुद्ध नगर और नोएडा नगर में दीपक भाटी और मुकेश यादव को लगभग एक जैसी चुनौतियों का सामना करना पड़ेगा। शहरी मतदाताओं पर भाजपा की मजबूत पकड़ है। यह उनकी ताकत भी है। ऐसे में शहरी मतदाताओं के बीच कांग्रेस पार्टी के लिए जगह बनाना दोनों ही लोगों के लिए लोहे के चने चबाने जैसा होगा। आगामी चुनाव से पूर्व जिले और नोएडा नगर में पार्टी संगठन को मजबूती से खड़ा करना और संगठन से जुनूनी कार्यकर्ताओं को जोड़ा एक कठिन चुनौती है। ऐसा नहीं है कि राजनीति में चमत्‍कार नहीं होते हैं। इसके बावजूद कांग्रेस पार्टी ने जिला गौतम बुद्ध नगर और नोएडा महानगर में जिस चमत्‍कार की उम्‍मीद से दीपक भाटी और मुकेश यादव को कमान सौंपी है। यह उनके लिए किसी अग्निपथ से होकर गुजरने से कम साबित नहीं होगा।

Related Articles

Back to top button